AC Tips India: गर्मी के मौसम में लोग घर को जल्दी ठंडा रखने के लिए AC (Air Conditioner) का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई लोगों के मन में एक सवाल हमेशा रहता है कि क्या एसी के साथ पंखा चलाने से बिजली का बिल बढ़ता है या कम होता है? कुछ लोग मानते हैं कि एसी के साथ पंखा चलाने से ज्यादा बिजली खर्च होती है, इसलिए वे पंखा बंद कर देते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट्स की राय इससे अलग है।
AC और पंखे को साथ चलाना फायदेमंद है या नहीं? यहां जानें कैसे यह कॉम्बिनेशन कमरे को जल्दी ठंडा करता है और बिजली की बचत में मदद कर सकता है।
AC और पंखा साथ चलाने से क्या होता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, अगर AC के साथ पंखा भी चलाया जाए तो कमरा जल्दी ठंडा हो सकता है। दरअसल, जब सिर्फ एसी चलता है तो कमरे के हर हिस्से तक ठंडी हवा पहुंचने में थोड़ा समय लगता है। इससे एसी का कंप्रेसर ज्यादा देर तक काम करता है और ज्यादा बिजली खर्च हो सकती है। वहीं, अगर पंखा भी ऑन हो तो वह एसी से निकलने वाली ठंडी हवा को पूरे कमरे में तेजी से फैलाने में मदद करता है। इससे कमरे का तापमान जल्दी कम होने लगता है और AC को ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ती।
READ MORE: इन्वर्टर AC vs नॉन-इन्वर्टर AC: 2026 में कौन सा खरीदें?
क्या इससे बिजली की बचत होती है?
जानकारों का कहना है कि पंखा चलाने से एसी पर लोड कम पड़ सकता है, जिससे बिजली की खपत भी कम हो सकती है। आमतौर पर बहुत ज्यादा गर्मी में लोग एसी को 20 से 21 डिग्री सेल्सियस पर चला देते हैं, जिससे कंप्रेसर लगातार काम करता रहता है, लेकिन अगर पंखा साथ में चल रहा हो, तो ठंडी हवा तेजी से पूरे कमरे में फैलती है। ऐसे में एसी को 24 से 26 डिग्री के बीच भी चलाया जा सकता है और कमरा फिर भी आरामदायक ठंडा महसूस होता है। इससे बिजली का बिल कम आने की संभावना बढ़ जाती है।
घुटन की समस्या भी हो सकती है कम
कई लोग एसी चलाते समय कमरा पूरी तरह बंद कर देते हैं। ऐसे में कभी-कभी कमरे में घुटन या सफोकेशन जैसा महसूस होने लगता है। पंखा चलने से हवा कमरे में बेहतर तरीके से घूमती रहती है, जिससे माहौल ज्यादा आरामदायक लगता है।
READ MORE: हवा नहीं दे रहा पंखा? जानें इसके छुपे कारण और समाधान
एक्सपर्ट्स क्या सलाह देते हैं?
एक्सपर्ट्स का मानना है कि एसी के साथ लो या मीडियम स्पीड पर पंखा चलाना फायदेमंद हो सकता है। इससे कमरा जल्दी ठंडा होता है, एसी पर दबाव कम पड़ता है और बिजली बचाने में भी मदद मिल सकती है। यानी सही तरीके से इस्तेमाल करने पर एसी और पंखे का कॉम्बिनेशन आराम और बचत दोनों दे सकता है।
