WhatsApp Broadcast List: WhatsApp पर कई ऐसे फीचर्स मौजूद हैं, जो मैसेज भेजना आसान बना देते हैं। इन्हीं में से एक है Broadcast Message Feature, जिसकी मदद से आप एक ही मैसेज कई लोगों को एक साथ भेज सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए हर बार अलग-अलग कॉन्टैक्ट चुनने की जरूरत नहीं पड़ती। यह फीचर आपके काफी काम आ सकता है।
WhatsApp Broadcast फीचर क्या है और कैसे काम करता है? जानिए ब्रॉडकास्ट लिस्ट बनाने का तरीका, कॉन्टैक्ट लिमिट और एक महीने में कितने मैसेज भेज सकते हैं।
क्या है WhatsApp Broadcast फीचर?
Broadcast Message Feature की मदद से यूजर एक ऐसी लिस्ट तैयार कर सकता है, जिसमें कई कॉन्टैक्ट जोड़े जाते हैं। इसके बाद आप एक ही बार में सभी को मैसेज भेज सकते हैं। हालांकि, यह किसी ग्रुप की तरह काम नहीं करता। सामने वाले व्यक्ति को आपका मैसेज एक सामान्य पर्सनल मैसेज की तरह दिखाई देता है। अगर कोई व्यक्ति आपके मैसेज का जवाब देता है, तो उसका रिप्लाई भी आपको अलग से निजी चैट में मिलता है। बाकी लोगों को यह नहीं पता चलता कि आपने वही मैसेज और किसे भेजा है।
कैसे बनाएं Broadcast List?
Broadcast List बनाना काफी आसान है। इसके लिए सबसे पहले WhatsApp खोलें और अपने प्रोफाइल आइकन पर टैप करें। यहां आपको Broadcast Messages का ऑप्शन मिलेगा। इस पर क्लिक करने के बाद नई लिस्ट बनाने का विकल्प दिखाई देगा। यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से कई Broadcast List बना सकता है, लेकिन एक लिस्ट में अधिकतम 256 कॉन्टैक्ट ही जोड़े जा सकते हैं।
यहां एक जरूरी बात ध्यान देने वाली है कि जिन लोगों को आप Broadcast List में जोड़ना चाहते हैं, उनकी फोनबुक में आपका नंबर सेव होना चाहिए। अगर नंबर सेव नहीं होगा, तो उन्हें आपका मैसेज नहीं मिलेगा।
READ MORE: भारत में SIM-Binding लाने को WhatsApp ने मांगा समय
WhatsApp Business में अलग हैं नियम
WhatsApp Business यूजर्स के लिए Broadcast Feature थोड़ा अलग तरीके से काम करता है। यहां भी 256 कॉन्टैक्ट तक की लिस्ट बनाई जा सकती है, लेकिन API प्लान लेने वाले बिजनेस यूजर 24 घंटे के अंदर अनलिमिटेड मैसेज भेजने जैसे विकल्प चुन सकते हैं। यह फीचर खासतौर पर बिजनेस, दुकानदारों और कंपनियों के लिए फायदेमंद साबित होता है, जो ग्राहकों को ऑफर, अपडेट या जरूरी जानकारी भेजना चाहते हैं।
READ MORE: क्या है WhatsApp का ‘More’ बटन?
क्या Broadcast Message की कोई लिमिट है?
WhatsApp के अनुसार, Broadcast Feature जरूरी संदेश पहुंचाने के लिए बनाया गया है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल रोकने के लिए कुछ सीमाएं भी तय की गई हैं। यूजर अपने अकाउंट की लिमिट सेटिंग में जाकर Broadcast सेक्शन में देख सकते हैं। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूजर एक महीने में करीब 250 Broadcast Message भेज सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि यह फीचर अभी कुछ देशों में धीरे-धीरे रोलआउट किया जा रहा है और हर जगह उपलब्ध नहीं है। जब कोई यूजर अपनी लिमिट के करीब पहुंचता है, तो WhatsApp नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी भी देता है।
