फैमिली बिजनेस संभालना है तो पहले करें ये कोर्स, जानें MBA से लेकर टॉप संस्थानों तक के विकल्प।
Family Business Course: आज के बदलते दौर में कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए पढ़ाई और जमीनी अनुभव दोनों जरूरी हो गए हैं। पहले बिजनेस परिवारों के बच्चे बीबीए या बीसीए करके सीधे काम संभाल लेते थे। अब कई युवा टॉप बिजनेस स्कूल से MBA और Family Business Management जैसे कोर्स करके कारोबार में उतर रहे हैं। इससे उन्हें पुराने बिजनेस को नई तकनीक, बेहतर मैनेजमेंट और नए बाजारों से जोड़ने में मदद मिलती है।
फैमिली बिजनेस संभालने से पहले कोर्स करना क्यों जरूरी?
एक समय था, जब परिवार का कारोबार संभालने के लिए अनुभव को ही सबसे बड़ी डिग्री माना जाता था। घर के बड़े सदस्य अपने अनुभव से अगली पीढ़ी को काम सिखाते थे। लेकिन अब बाजार पहले जैसा नहीं रहा। ग्राहकों की पसंद तेजी से बदल रही है। ऑनलाइन बिक्री बढ़ रही है और नई कंपनियां लगातार मुकाबला कर रही हैं। ऐसे में पुराने तरीकों से कारोबार चलाना मुश्किल हो सकता है। मैनेजमेंट कोर्स आपको कारोबार को व्यवस्थित तरीके से चलाना सिखाते हैं। इनमें वित्तीय योजना, कर्मचारियों का प्रबंधन, बिक्री बढ़ाने और बाजार को समझने जैसी चीजें शामिल होती हैं। इससे आप परिवार के अनुभव के साथ अपनी नई सोच भी जोड़ सकते हैं। हालांकि, फैमिली बिजनेस में आने से पहले कोई खास डिग्री लेना जरूरी नहीं है। यह आपकी जरूरत और कारोबार के आकार पर निर्भर करता है।
READ MORE: Online Education पर बड़ा खतरा, Cyber Attack से बंद हुआ Canvas प्लेटफॉर्म
फैमिली बिजनेस के लिए कौन से कोर्स हैं बेहतर?
अगर आप परिवार का कारोबार बड़े स्तर पर ले जाना चाहते हैं, तो अपनी जरूरत के हिसाब से कोर्स चुन सकते हैं। इसके लिए कई विकल्प मौजूद हैं।
- MBA (Master of Business Administration): कारोबार को पेशेवर तरीके से चलाने, वित्त, मार्केटिंग और टीम मैनेजमेंट सीखने के लिए अच्छा विकल्प है।
- Family Business Management: यह कोर्स खास तौर पर पारिवारिक कारोबार की चुनौतियों, अगली पीढ़ी की जिम्मेदारी और कारोबार को आगे बढ़ाने पर फोकस करता है।
- Entrepreneurship: अगर आप परिवार के कारोबार के साथ अपना नया स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं, तो यह कोर्स मददगार हो सकता है।
- BBA: बिजनेस की शुरुआती समझ बनाने के लिए यह अच्छा विकल्प है। इसमें मैनेजमेंट, मार्केटिंग और अकाउंटिंग की बुनियादी जानकारी मिलती है।
- शॉर्ट-टर्म सर्टिफिकेट कोर्स: अगर आप पहले से कारोबार में काम कर रहे हैं, तो डिजिटल मार्केटिंग, फाइनेंस और लीडरशिप से जुड़े छोटे कोर्स कर सकते हैं।
READ MORE: MBA vs MSM: करियर में सफलता के लिए क्या चुनें?
इन संस्थानों से कर सकते हैं बिजनेस की पढ़ाई
भारत में कई प्रतिष्ठित संस्थान मैनेजमेंट और फैमिली बिजनेस से जुड़े कार्यक्रम चलाते हैं। इनमें IIM अहमदाबाद, IIM बेंगलुरु, IIM कोलकाता, IIM उदयपुर, ISB, SPJIMR और NMIMS जैसे संस्थान शामिल हैं। इन संस्थानों में MBA, एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम और उद्यमिता से जुड़े कोर्स के विकल्प मिलते हैं। कुछ कार्यक्रम खास तौर पर पारिवारिक कारोबार से जुड़े लोगों के लिए भी होते हैं। विदेश में पढ़ाई करना चाहते हैं तो Harvard Business School, Wharton, Babson College और London Business School जैसे संस्थान अच्छे विकल्प माने जाते हैं। हालांकि, किसी संस्थान में दाखिला लेने से पहले कोर्स का पाठ्यक्रम, फीस, अवधि और प्रवेश की शर्तें जरूर जांचें। सिर्फ बड़े संस्थान का नाम देखकर फैसला न करें। ऐसा कोर्स चुनें, जिसकी पढ़ाई आपके कारोबार में सीधे काम आए।
फैमिली बिजनेस में सफल होने के लिए अपनाएं ये 4 टिप्स
डिग्री लेने के बाद सीधे बड़े बदलाव करने की जरूरत नहीं है। परिवार के कारोबार को समझने और अपनी जगह बनाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखें।
- पहले काम को समझें: कारोबार में शामिल होते ही बदलाव शुरू न करें। कुछ महीने परिवार के बड़ों और पुराने कर्मचारियों के साथ काम करें।
- छोटे प्रयोग से शुरुआत करें: ऑनलाइन बिक्री, सोशल मीडिया या नई मार्केटिंग रणनीति को पहले छोटे स्तर पर आजमाएं। नतीजे अच्छे हों तो इसे आगे बढ़ाएं।
- अपनी जिम्मेदारी तय करें: परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर तय करें कि कारोबार में आपकी भूमिका क्या होगी। इससे घर और ऑफिस के बीच टकराव कम होगा।
- हर स्तर पर काम सीखें: सिर्फ मैनेजमेंट की जिम्मेदारी न लें। बिक्री, ग्राहकों से बातचीत, सप्लायर और रोजमर्रा के काम की जानकारी भी हासिल करें।
पढ़ाई और अनुभव का सही तालमेल ही दिलाएगा सफलता
फैमिली बिजनेस को आगे बढ़ाने के लिए सिर्फ डिग्री या सिर्फ अनुभव पर निर्भर रहना सही नहीं है। कोर्स आपको कारोबार चलाने के नए तरीके सिखाता है, जबकि जमीनी अनुभव आपको सही फैसले लेना सिखाता है, इसलिए परिवार का कारोबार संभालने से पहले अपनी जरूरत पहचानें। सही कोर्स चुनें और साथ ही कारोबार को करीब से समझें। दोनों का सही तालमेल पुराने बिजनेस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद कर सकता है।
