Jack Dorsey के Bitchat App पर सरकार सख्त, GitHub को 3 रिपॉजिटरी हटाने का आदेश। जानें Bluetooth mesh से चलने वाले इस ऐप को लेकर क्या है मामला।
Bitchat App Blocked: क्या बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के भी लोग आपस में संदेश भेज सकते हैं? Bitchat App इसी तकनीक पर काम करता है, लेकिन अब भारत सरकार ने इसकी सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। गृह मंत्रालय के तहत आने वाले Indian Cyber Crime Coordination Centre (I4C) ने GitHub से Bitchat से जुड़े 3 रिपॉजिटरी हटाने या उनकी पहुंच रोकने को कहा है।
Bitchat App पर सरकार ने क्यों उठाया सवाल?
I4C ने 23 जुलाई को जारी आदेश में कहा कि Bitchat Bluetooth mesh नेटवर्क के जरिए लोगों को सीधे जोड़ता है। इसके लिए मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट या किसी केंद्रीय सर्वर की जरूरत नहीं पड़ती।सरकार के मुताबिक, यही तकनीक कानून लागू करने वाली एजेंसियों के लिए चुनौती बन सकती है। ऐसे नेटवर्क में यूजर की पहचान और कानूनी निगरानी करना मुश्किल हो सकता है। एजेंसी ने आशंका जताई कि इसका गलत इस्तेमाल अपराध से जुड़ी गतिविधियों में हो सकता है।
I4C ने GitHub को तीन घंटे के भीतर संबंधित रिपॉजिटरी हटाने या उन तक पहुंच बंद करने का निर्देश दिया। इसके लिए Information Technology Act की Section 79(3)(b) और IT Rules, 2021 के Rule 3(1)(d) का हवाला दिया गया है।
विरोध प्रदर्शनों के बीच बढ़ी ऑफलाइन ऐप की चर्चा
सरकार का यह कदम ऐसे समय आया है, जब दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद किए जाने के बीच ऐसे ऑफलाइन संचार प्लेटफॉर्म की चर्चा भी बढ़ी है। I4C ने कहा कि Bitchat जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कथित तौर पर गैरकानूनी सभाओं के आयोजन, हिंसक प्रदर्शन के समन्वय, गलत सूचना फैलाने और आपराधिक साजिशों के लिए किया जा सकता है। एजेंसी ने इसे देश की सार्वजनिक व्यवस्था, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए संभावित खतरा बताया है। हालांकि, GitHub ने अभी तक इस आदेश पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
READ MORE: AI से कमाई नहीं बढ़ रहा अरबों का खर्च! Microsoft-Uber भी परेशान
क्या है Bitchat और कैसे करता है काम?
Bitchat एक ओपन-सोर्स मैसेजिंग ऐप है, जिसे X के सह-संस्थापक Jack Dorsey ने बनाया है। यह Bluetooth mesh तकनीक का इस्तेमाल करता है। ऐप की खासियत यह है कि इसमें मैसेज भेजने के लिए इंटरनेट कनेक्शन, मोबाइल नेटवर्क, फोन नंबर या केंद्रीय सर्वर की जरूरत नहीं होती। आसपास मौजूद डिवाइस आपस में जुड़कर संदेश आगे पहुंचा सकते हैं।
यही वजह है कि इसे इंटरनेट बंद होने की स्थिति में भी संचार के विकल्प के तौर पर देखा जाता है। दूसरी ओर, सरकार का मानना है कि इसी सुविधा के कारण कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में निगरानी और यूजर की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।
READ MORE: CodexUI-Android बना साइबर जाल, OpenAI Codex टोकन चोरी का खुलासा
आगे क्या होगा?
अभी GitHub की ओर से इस आदेश पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। Bitchat को लेकर सरकार की कार्रवाई ने ऑफलाइन और विकेंद्रीकृत संचार तकनीक के इस्तेमाल पर नई बहस शुरू कर दी है। फिलहाल, यह देखना अहम होगा कि GitHub I4C के आदेश पर क्या कदम उठाता है और क्या इस मामले में सरकार की ओर से आगे कोई विस्तृत स्पष्टीकरण जारी किया जाता है।
