BTech Career: हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग यानी HFT कंपनियां टॉप इंजीनियरिंग और STEM छात्रों को इंटर्नशिप में 10 लाख से 30 लाख रुपये महीने तक का स्टाइपेंड दे रही हैं। गुरुग्राम की Quadeye में दो महीने की इंटर्नशिप के लिए करीब 60 लाख रुपये तक की रकम चर्चा में है।
BTech छात्रों के लिए HFT कंपनियों में कमाई का मौका, जानिए Quadeye से लेकर Optiver तक कौन कितने लाख दे रहा है।
HFT कंपनियां इंटर्न को क्यों दे रहीं लाखों रुपये?
HFT कंपनियों का काम अब सिर्फ शेयर बाजार की समझ तक सीमित नहीं है। इन कंपनियों को ऐसे युवा चाहिए जो बड़े डेटा को समझ सकें और गणितीय मॉडल तैयार कर सकें। इसके लिए गणित, स्टेटिस्टिक्स, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग और डेटा एनालिसिस की मजबूत समझ जरूरी होती है। यही वजह है कि कंपनियां टॉप इंजीनियरिंग कॉलेजों और STEM संस्थानों के छात्रों पर बड़ा दांव लगा रही हैं। ताजा रिपोर्ट्स में अलग-अलग कंपनियों के 1 से 3 महीने के इंटर्नशिप ऑफर सामने आए हैं। इनमें सामान्य इंजीनियरिंग इंटर्नशिप के मुकाबले रकम कई गुना ज्यादा है।
Quadeye का 2 महीने का ऑफर 60 लाख तक
सबसे ज्यादा चर्चा गुरुग्राम की Quadeye के इंटर्नशिप ऑफर की है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी करीब 30 लाख रुपये प्रति माह का स्टाइपेंड दे रही है।दो महीने की इंटर्नशिप के हिसाब से यह रकम करीब 60 लाख रुपये बैठती है। यानी औसतन करीब 1 लाख रुपये रोजाना। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि Quadeye का इंटर्नशिप ऑफर पिछले साल की तुलना में करीब 4 गुना बढ़ा है। हालांकि, यह रकम हर छात्र को मिलेगी, ऐसा जरूरी नहीं है। वास्तविक पैकेज उम्मीदवार और भूमिका के हिसाब से अलग हो सकता है।
READ MORE: PhD करने वाली बेटियों को मिलेंगे 10 हजार, स्टार्टअप में 2 लाख
Graviton भी दे रही 50-57 लाख रुपये तक
Graviton Research Capital भी क्वांट और इंजीनियरिंग प्रतिभाओं को आकर्षित कर रही है। अलग-अलग रिपोर्टों में इसकी दो महीने की इंटर्नशिप के लिए करीब 50 लाख से 57 लाख रुपये तक के स्टाइपेंड की बात कही गई है। बताया गया है कि पहले यह रकम करीब 16 लाख रुपये के आसपास थी। इंटर्न को क्वांटिटेटिव रिसर्च, HFT और इंजीनियरिंग से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिलता है। यानी यहां भी कंपनियां ऐसे छात्रों को तलाश रही हैं जो बाजार की समस्या को गणित और तकनीक की मदद से हल कर सकें।
विदेशी कंपनियों के ऑफर भी 50-60 लाख तक
यह दौड़ सिर्फ भारतीय कंपनियों तक सीमित नहीं है। विदेशी HFT कंपनियां भी टॉप इंजीनियरिंग छात्रों को आकर्षित करने के लिए बड़े ऑफर दे रही हैं। IMC Trading की दो महीने की इंटर्नशिप का पैकेज बढ़कर करीब 50 लाख रुपये होने की बात सामने आई है। यह रकम पहले के मुकाबले करीब दोगुनी बताई जा रही है। वहीं, Optiver करीब 60 लाख रुपये तक की दो महीने की इंटर्नशिप दे रही है। इससे पता चलता है कि क्वांट और तकनीकी प्रतिभा के लिए कंपनियों के बीच मुकाबला तेज हो गया है।
MBA की जगह BTech छात्रों की मांग क्यों?
इस पूरी कहानी में सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेडिंग कंपनियां MBA और पारंपरिक फाइनेंस प्रोफाइल के बजाय इंजीनियरिंग छात्रों को क्यों पसंद कर रही हैं? HFT में ट्रेडिंग के फैसले बहुत बड़े डेटा और गणितीय मॉडल के आधार पर लिए जाते हैं। इसके लिए सिर्फ कंपनी की बैलेंस शीट पढ़ना या शेयर बाजार की जानकारी काफी नहीं है। कंपनियों को ऐसे लोग चाहिए जो जटिल गणितीय समस्याएं हल कर सकें, प्रोग्रामिंग कर सकें और डेटा में छिपे पैटर्न खोज सकें।
READ MORE: BTech नहीं मिला? ये कोर्स दिला सकता है IT जॉब
क्वांट रिसर्चर का काम क्या होता है?
क्वांटिटेटिव रिसर्चर बाजार के बड़े डेटा का विश्लेषण करता है। वह ऐसे पैटर्न खोजता है जिनका इस्तेमाल ट्रेडिंग से रिटर्न कमाने के लिए किया जा सके। इसके बाद इन रणनीतियों को कंप्यूटर मॉडल में बदला जाता है। ये सिस्टम बाजार में बेहद तेजी से ट्रेडिंग के फैसले ले सकते हैं। HFT में कई बार बहुत छोटे समय के अंतर में बड़ी संख्या में लेनदेन होते हैं। इसलिए सिस्टम की स्पीड और सटीकता दोनों बेहद अहम हैं।
