Government Engineering College: क्या पलामू के छात्रों को अब AI, रोबोटिक्स और डेटा साइंस जैसी आधुनिक तकनीकों की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा? झारखंड सरकार ने तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने बसौरा स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय (GEC) में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) बनाने को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर अगले 5 वर्षों में 22 करोड़ 97 लाख 31 हजार 238 रुपये खर्च होंगे।
GEC बसौरा में बनने वाला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस छात्रों के लिए नई उम्मीद लेकर आया, यहां AI, रोबोटिक्स और डेटा साइंस की ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।
AI और मशीन लर्निंग की पढ़ाई पर जोर
GEC बसौरा में बनने वाले सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आधुनिक तकनीक से जुड़ी कई लैब और रिसर्च सेंटर विकसित किए जाएंगे। यहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), डेटा साइंस, क्लाउड कंप्यूटिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन पर खास ध्यान रहेगा। इसके अलावा सस्टेनेबल और रिन्यूएबल एनर्जी टेक्नोलॉजी से जुड़ी आधुनिक प्रयोगशालाएं और विशेष कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय कुमार ने बताया कि इससे छात्रों को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कौशल प्रशिक्षण मिलेगा। शोध और नवाचार के लिए भी बेहतर माहौल तैयार होगा।
READ MORE: AI ट्रस्ट संकट का समाधान बने Zero-Knowledge Proofs, जानिए कैसे
अलग-अलग क्षेत्रों में करोड़ों रुपये होंगे खर्च
सरकार की मंजूरी के बाद परियोजना के तहत अलग-अलग तकनीकी क्षेत्रों के लिए बजट तय किया गया है। इसमें सबसे ज्यादा राशि सिविल कंस्ट्रक्शन और टाउन प्लानिंग पर खर्च होगी।
- सिविल कंस्ट्रक्शन और टाउन प्लानिंग: 11.87 करोड़
- डेटा साइंस, AI और मशीन लर्निंग: 3.73 करोड़
- रोबोटिक्स और ऑटोमेशन: 3.36 करोड़
- सस्टेनेबल और रिन्यूएबल एनर्जी टेक्नोलॉजी: 2.95 करोड़
इन क्षेत्रों में आधुनिक लैब, नए पाठ्यक्रम और जरूरी तकनीकी संसाधन तैयार किए जाएंगे।
दूसरे जिलों के छात्र भी ले सकेंगे प्रशिक्षण
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनने के बाद GEC बसौरा को झारखंड के कई सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों के लिए हब इंस्टीट्यूशन बनाया जाएगा। गर्मी की छुट्टियों में दूसरे संस्थानों के छात्र यहां आकर आधुनिक तकनीकों और विशेष कोर्स का प्रशिक्षण ले सकेंगे। इसका लाभ गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक रांची, विमेंस पॉलिटेक्निक रांची, गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक लातेहार, जमशेदपुर, आदित्यपुर और सिमडेगा के छात्रों को भी मिलेगा।
READ MORE: Tesla के AI सपने पर संकट? निवेशकों की बढ़ी चिंता
GEC बसौरा में पढ़ते हैं 1,396 छात्र-छात्राएं
GEC बसौरा में अभी सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई होती है। कॉलेज में हर साल 349 सीटों पर दाखिला होता है। फिलहाल चार बैचों में करीब 1,396 छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। इनमें लगभग 222 छात्राएं शामिल हैं। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत से पहले सेक्शन-8 कंपनी के तहत GEC Innovation and Incubation की स्थापना की जाएगी। अक्टूबर 2023 में भेजे गए प्रस्ताव को अब सरकार की मंजूरी मिल चुकी है। कॉलेज का मानना है कि यह परियोजना झारखंड में तकनीकी शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देगी।
