WhatsApp का नया फीचर: अब वीडियो से बनाएं साउंड स्टिकर, अपनी आवाज जोड़कर भेजें मजेदार मैसेज
WhatsApp Sound Stickers: WhatsApp अब यूजर्स के लिए ऐसा ही मजेदार फीचर ला रहा है। इसका नाम Sound Stickers है। इसकी मदद से यूजर्स वीडियो को एनिमेटेड स्टिकर में बदल सकेंगे और उसमें अपनी आवाज या कोई ऑडियो फाइल जोड़ सकेंगे। फिलहाल यह फीचर Android यूजर्स के लिए धीरे-धीरे जारी हो रहा है।
कैसे काम करेगा नया फीचर?
इस फीचर की मदद से यूजर्स अपनी गैलरी में मौजूद किसी वीडियो को स्टिकर बना सकेंगे। इसके बाद उसमें मनपसंद आवाज जोड़ने का विकल्प मिलेगा। इसे इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp चैट खोलें और स्टिकर कीबोर्ड में जाकर ‘Create Sticker’ पर टैप करें। इसके बाद गैलरी से कोई वीडियो चुनें। WhatsApp उसे एनिमेटेड स्टिकर में बदल देगा।
एडिटर में ऊपर की तरफ नया ऑडियो बटन दिखाई देगा। इस पर टैप करने के बाद ‘Add Sound’ का विकल्प मिलेगा। यहां से यूजर अपनी आवाज रिकॉर्ड कर सकते हैं या फोन के फाइल मैनेजर से कोई ऑडियो फाइल चुन सकते हैं।
READ MORE: WhatsApp में Last Seen और Online कैसे छुपाएं?
अपनी आवाज और पसंद का ऑडियो जोड़ सकेंगे
Sound Stickers की खास बात यह है कि यूजर्स को ऑडियो चुनने की पूरी आजादी मिलेगी। वे अपनी आवाज, कोई म्यूजिक ट्रैक या दूसरी ऑडियो फाइल जोड़ सकते हैं। अगर यूजर वीडियो की मूल आवाज रखना चाहते हैं, तो यह विकल्प भी मिलेगा। यानी स्टिकर बनाते समय ऑडियो पर उनका पूरा नियंत्रण रहेगा। यह फीचर उन लोगों के लिए खास हो सकता है, जो दोस्तों और परिवार के साथ चैट को ज्यादा मजेदार बनाना चाहते हैं।
स्टिकर की आवाज सुनने के लिए करना होगा टैप
WhatsApp ने इस फीचर में प्राइवेसी और सुविधा का भी ध्यान रखा है। जब किसी को Sound Sticker मिलेगा, तो उस पर स्पीकर का छोटा आइकन दिखाई देगा। आवाज अपने आप नहीं बजेगी। उसे सुनने के लिए रिसीवर को स्पीकर आइकन पर टैप करना होगा। इससे ऑफिस, सार्वजनिक जगह या मीटिंग में अचानक आवाज बजने की परेशानी नहीं होगी। WhatsApp के दूसरे मैसेज की तरह ये स्टिकर भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहेंगे। यानी भेजने वाले और पाने वाले के बीच बातचीत निजी रहेगी।
READ MORE: WhatsApp का Event फीचर लॉन्च, अब रखेगा मेहमानों का हिसाब
Android यूजर्स को कब मिलेगा फीचर?
अभी Sound Stickers फीचर सिर्फ Android यूजर्स के लिए जारी हो रहा है। इसकी शुरुआत Android बीटा वर्जन 2.26.41.3 में देखी गई थी। अब इसे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, Android बीटा वर्जन 2.26.47.1 इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को यह फीचर मिल सकता है। हालांकि, इसका रोलआउट धीरे-धीरे हो रहा है। इसलिए सभी यूजर्स को यह विकल्प तुरंत नहीं दिखेगा। iPhone यूजर्स के लिए फिलहाल इस फीचर की आधिकारिक उपलब्धता की जानकारी नहीं दी गई है।
