Swiggy Instamart Layoffs : Swiggy के क्विक कॉमर्स कारोबार Instamart से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। कंपनी कारोबार में बदलाव और खर्च घटाने की तैयारी के तहत करीब 340 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। Moneycontrol की 27 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, इसका असर मुख्य रूप से कॉर्पोरेट और सपोर्ट टीमों पर पड़ेगा। कंपनी पर बढ़ते घाटे और बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का दबाव है। ऐसे में AI और ऑटोमेशन का इस्तेमाल बढ़ाकर खर्च कम करने की कोशिश की जा रही है।
Swiggy Instamart में AI का असर! 340 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी।
Swiggy Instamart में किन कर्मचारियों की जाएगी नौकरी?
रिपोर्ट के मुताबिक, छंटनी का असर मुख्य रूप से Instamart की कॉर्पोरेट और सपोर्ट टीमों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ेगा। कंपनी प्रभावित कर्मचारियों को सेवरेंस पैकेज, दूसरी नौकरी खोजने में मदद और जरूरत पड़ने पर दूसरी जगह जाने के लिए सहायता दे रही है। Instamart की नई CEO नंदिता सिन्हा के नेतृत्व में यह बड़ा बदलाव हो रहा है। उन्होंने 3 अगस्त को अमितेश झा की जगह पद संभाला था।
बढ़ते घाटे ने बढ़ाई Swiggy की मुश्किलें
Instamart के वित्तीय आंकड़े कंपनी की परेशानी दिखाते हैं। सितंबर तिमाही में उसका एडजस्टेड EBITDA घाटा बढ़कर 895 करोड़ रुपये हो गया। पिछली तिमाही में यह 778 करोड़ रुपये था। वहीं, Swiggy का वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में कुल शुद्ध घाटा 922 करोड़ रुपये रहा। कंपनी अपने क्विक कॉमर्स कारोबार में निवेश कर रही है। साथ ही निजी ब्रांड के उत्पाद बढ़ाने और इन्वेंट्री आधारित मॉडल अपनाने की तैयारी भी कर रही है।
READ MORE: Google के नकली इंटरनेट से AI की ट्रेनिंग, यूजर्स का डेटा सुरक्षित
क्या AI की वजह से जा रही हैं नौकरियां?
क्विक कॉमर्स कंपनियां रोजाना लाखों ऑर्डर और ग्राहकों का डेटा संभालती हैं। AI की मदद से सामान की मांग का अनुमान लगाने, स्टॉक मैनेज करने, डिलीवरी रूट तय करने और ग्राहकों की शिकायतों को संभालने जैसे काम आसान हो सकते हैं। इससे कंपनियों का खर्च घट सकता है और कुछ काम कम कर्मचारियों के साथ पूरे हो सकते हैं। हालांकि, Swiggy ने अभी यह साफ नहीं किया है कि किन पदों की जगह AI ले रहा है और छंटनी में AI की कितनी भूमिका है।
READ MORE: ChatGPT और Gemini की बादशाहत को चुनौती देगा देसी AI!
क्विक कॉमर्स सेक्टर पर क्या होगा असर?
Blinkit, Zepto, Amazon Now और Flipkart Minutes जैसी कंपनियों के बीच मुकाबला लगातार बढ़ रहा है। ग्राहकों तक कुछ ही मिनटों में सामान पहुंचाने की होड़ में कंपनियों का खर्च भी बढ़ रहा है। ऐसे में AI का इस्तेमाल आने वाले समय में इस पूरे सेक्टर में नौकरियों का स्वरूप बदल सकता है। खासकर कॉर्पोरेट और सपोर्ट से जुड़े कामों पर इसका असर देखने को मिल सकता है।
