Smartphone AI: Amazon India के ताजा सर्वे में 82% स्मार्टफोन खरीदारों ने कहा कि अगला फोन चुनते समय वे AI फीचर्स को ध्यान में रखते हैं। जुलाई में हुए Best in Tech Survey में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े 40,000 से ज्यादा जवाब मिले।
क्या AI अब स्मार्टफोन खरीदने की बड़ी वजह बन गया है? Amazon India के सर्वे में 82% खरीदारों ने AI फीचर्स को अपनी पसंद में शामिल किया।
स्मार्टफोन में कौन-सा AI फीचर सबसे ज्यादा पसंद?
सर्वे में सबसे ज्यादा मांग ऐसे AI की रही, जो फोन की स्क्रीन पर चल रही चीज को समझकर उसी समय मदद करे। इसे 25% लोगों ने चुना। इसके बाद 18% लोगों ने AI फोटो एडिटिंग को पसंद किया। 17% ने विजुअल सर्च को चुना। वहीं 11% खरीदारों को ऐसी AI सुविधा पसंद है, जो फोन की बैटरी को इस्तेमाल के हिसाब से खुद बेहतर तरीके से मैनेज करे। Amazon India की कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स डायरेक्टर Zeba Khan के मुताबिक, AI अब सिर्फ चर्चा का विषय नहीं रहा। लेकिन खरीदार आज भी फोन की रफ्तार, बैटरी और कैमरे को उतनी ही अहमियत देते हैं।
AI के साथ फोन की स्पीड और बैटरी भी जरूरी
सर्वे के आंकड़े भी यही दिखाते हैं। 87% खरीदारों के लिए फोन की परफॉर्मेंस और स्पीड अहम है। 79% ने बैटरी लाइफ को जरूरी बताया। कैमरा क्वालिटी 77% लोगों के लिए बड़ा फैसला लेने वाला फैक्टर है। बैटरी अभी भी यूजर्स की सबसे बड़ी परेशानी बनी हुई है। करीब 22% लोगों ने कहा कि वे अपने मौजूदा फोन में सबसे पहले बैटरी की समस्या ठीक करना चाहते हैं। इसके बाद 17% ने कैमरा और 12% ने परफॉर्मेंस को चुना।
READ MORE: घंटों फोन चलाने से बढ़ा दर्द? एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर जानें
25,000 से 50,000 वाले फोन पर सबसे ज्यादा नजर
कीमत की बात करें तो 42% खरीदार 25,000 से 50,000 के बीच फोन लेने पर विचार कर रहे हैं। वहीं 15% लोग 50,000 से 75,000 और 17% लोग 75,000 से ऊपर के फोन देख रहे हैं। फोन बदलने का इरादा भी मजबूत है। करीब 48% लोगों ने कहा कि वे अगले 3 महीने में नया फोन खरीद सकते हैं। हालांकि, 54% लोग आमतौर पर अपना फोन 2 साल या उससे ज्यादा समय तक चलाते हैं।
READ MORE: Xiaomi 17T और Redmi फोन महंगे, देखें नई कीमतें
खरीदारी में रिव्यू और रेटिंग की भूमिका बढ़ी
फोन खरीदते समय ऑनलाइन रिव्यू और रेटिंग भी बड़ा असर डाल रहे हैं। 47% लोगों ने इन्हें अहम बताया। वहीं 35% खरीदारों ने कीमत और ऑफर को प्राथमिकता दी। AI अब भारतीय स्मार्टफोन खरीदारों की पसंद का बड़ा हिस्सा बन चुका है, लेकिन आज भी फैसला सिर्फ AI पर नहीं होता। फोन तेज हो, बैटरी लंबी चले और कैमरा अच्छा हो ये बातें अभी भी सबसे जरूरी हैं।
