GTA 6 के ताजा लीक में गेमप्ले, मैप और कई नए फीचर्स सामने आने का दावा।
Grand Theft Auto VI: क्या GTA 6 की नई झलक आधिकारिक प्रस्तुति से सिर्फ 8 दिन पहले लीक हो गई है? ताजा ऑनलाइन पोस्ट में गेमप्ले वीडियो और पूरा मैप दिखाने वाली बताई जा रही तस्वीर तेजी से फैल रही है। Rockstar Games ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन कुछ अपलोड Take-Two Interactive के कॉपीराइट दावों के बाद हटाए गए हैं।
GTA 6 के लीक वीडियो में क्या दिखा?
बताए जा रहे वीडियो में Jason को कई ऐसे काम करते दिखाया गया है, जो Rockstar के आधिकारिक ट्रेलर में अब तक नजर नहीं आए। एक क्लिप में Jason अपने घर के बाहर बास्केटबॉल खेलता दिखता है। दूसरी में वह कार चलाने के बाद एक NPC पर हमला करता नजर आता है। लीक से जुड़े अन्य दावों में 6-स्टार वांटेड लेवल, अलग-अलग गतिविधियां, लोडआउट विकल्प और कार में ईंधन भरने जैसी चीजें शामिल हैं। गेम के फोन सिस्टम और स्टैमिना मैकेनिक्स की झलक दिखने की भी बात कही जा रही है। हालांकि, सबसे जरूरी बात यही है कि इन फीचर्स की Rockstar ने पुष्टि नहीं की है। यह भी साफ नहीं है कि वीडियो गेम के विकास के किस पुराने संस्करण से लिए गए हैं।
GTA 6 का पूरा मैप भी ऑनलाइन होने का दावा
गेमप्ले के साथ एक तस्वीर भी वायरल है। इसे GTA 6 का पूरा मैप बताया जा रहा है। इसमें गेम के Vice City और आसपास के इलाकों की झलक होने का दावा किया गया है। GTA फैंस लंबे समय से आधिकारिक ट्रेलर, तस्वीरों और पुराने लीक के आधार पर गेम की दुनिया का अंदाजा लगाते रहे हैं। ऐसे में कथित पूरा मैप सामने आने से सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है, लेकिन अभी इस तस्वीर की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे GTA 6 का अंतिम या आधिकारिक मैप मानना जल्दबाजी होगी।
READ MORE: BGMI में CarryMinati की एंट्री से गेमर्स में बढ़ा एक्साइटमेंट
CyberLeek का नाम सामने आया, क्रिप्टो को लेकर भी सवाल
इन लीक से जुड़े पोस्ट का संबंध CyberLeek नाम के एक समूह से बताया जा रहा है। रिपोर्टों के मुताबिक, समूह गेम कंपनियों की डिजिटल रिलीज और खरीदी गई सामग्री हटाने जैसी नीतियों की आलोचना करता है। समूह ने Rockstar और दूसरी बड़ी कंपनियों को चेतावनी देने वाला संदेश भी पोस्ट किया है। लीक के साथ एक क्रिप्टोकरेंसी का प्रचार किए जाने की बात भी सामने आई है। इसी वजह से कुछ यूजर्स ने संभावित घोटाले को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऐसे किसी भी लिंक या डाउनलोड पर क्लिक करने से पहले अच्छी तरह जांच करना जरूरी है।
READ MORE: ROG 20th Anniversary: ASUS के इन 6 गेमिंग डिवाइस ने मचाई धूम
27 अगस्त को Netflix पर GTA 6 का बड़ा अपडेट
यह लीक ऐसे समय सामने आया है जब 27 अगस्त को Netflix पर Grand Theft Auto 6: An Extended Look आने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, यह प्रस्तुति पहले 6 घंटे तक Netflix पर उपलब्ध रहेगी। इसके बाद इसे YouTube जैसे दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी जारी किया जा सकता है। GTA 6 की आधिकारिक रिलीज फिलहाल 19 नवंबर को PlayStation 5 और Xbox Series X|S के लिए तय है। यह पहली बड़ी GTA 6 लीक नहीं है। 2022 में गेम के 90 से ज्यादा शुरुआती वीडियो और तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई थीं। इसके बाद 2023 में पहला आधिकारिक ट्रेलर भी तय समय से पहले लीक हो गया था।
