रूस ने Google पर एक YouTube वीडियो के लिए लाखों रुपए का जुर्माना लगाया है। यह वीडियो यूक्रेन युद्ध के मद्देनजर रूसी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने के तरीके दिखा रहा था।
Russia fined Google: रूस ने अमेरिकी टेक कंपनी Google पर भारी जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना YouTube वीडियो की वजह से लगाया गया है। बता दें कि YouTube का मालिकाना हक Google के पास है। YouTube पर कुछ वीडियो में रूसी सैनिकों को आत्मसमर्पण करने का तरीका दिखाया जा रहा था, जिसे रूस की एक अदालत ने अवैध माना है और Google पर करीब 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
कई सालों से कंटेट हटाने को कह रही थी कोर्ट
रूस की अदालत पिछले कई सालों से रूस टेक कंपनियों से ऐसे कंटेंट हटाने को कह रहा है, जिसे वह अवैध मानता है। ऐसे में अगर कोई कंपनी ऐसा नहीं करती है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाता है। जुर्माने की रकम भले ही कम हो, लेकिन कई मौकों पर कंपनियों पर जुर्माना लगाया जा चुका है। Google की तरफ से इस पर अभी तक कोई रिस्पांस नहीं आया है।
YouTube की डाउनलोड स्पीड कम करने के आरोप
सरकार के आलोचकों ने इस मामले में कहा है कि रूस में YouTube डाउनलोड स्पीड कम की जा रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि लोग सरकार की आलोचना करने वाले कंटेंट न देख पाएं। हालांकि, रूस इससे इनकार करता है और कहता है कि Google की कमियों की वजह से ऐसा हो रहा है। Google अपने उपकरणों को अपग्रेड नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से लोग YouTube पर कंटेंट नहीं देख पा रहे हैं।
Google को लेकर क्या बोले पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने Google को अमेरिकी सरकार का हथियार बताया है। पिछले दिसंबर में उन्होंने कहा था कि Google अमेरिकी सरकार का हथियार है और इसका यूज राजनीति के लिए किया जा रहा है।
रूस ने Google पर लगाया था सबसे ज्यादा जुर्माना
नवंबर में पिछले साल रूस ने Google पर अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना लगाया था। दरअसल, यूक्रेन युद्ध के मद्देनजर YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म पर रूसी सरकारी मीडिया को बैन कर दिया था। इसके जवाब में रूस ने Google पर 20 दशमलव डॉलर का जुर्माना लगाया था। यह रकम पूरी दुनिया की GDP से भी ज्यादा थी। अगर दुनिया का सारा पैसा एक साथ जोड़ दिया जाए तो भी इतना पैसा इकट्ठा नहीं हो सकता।