Battery Life Tips: आजकल ज्यादातर लोग अपने स्मार्टफोन पर कवर जरूर लगाते हैं। कोई फोन को गिरने या टूटने से बचाने के लिए कवर इस्तेमाल करता है, तो कोई बेहतर ग्रिप और स्टाइलिश लुक के लिए। अब बाजार में ऐसे कवर भी आने लगे हैं जिनमें कार्ड होल्डर, किकस्टैंड और एक्स्ट्रा प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स मिलते हैं। हालांकि, ये कवर अक्सर मोटे और भारी होते हैं। कम लोग जानते हैं कि ऐसे मोटे फोन कवर आपकी बैटरी और फोन की परफॉर्मेंस पर असर डाल सकते हैं।
क्या मोटा फोन कवर आपकी बैटरी को नुकसान पहुंचा सकता है? जानें कैसे ओवरहीटिंग, चार्जिंग और फोन की परफॉर्मेंस पर इसका असर पड़ सकता है।
मोटे कवर से क्यों बढ़ती है परेशानी?
अगर आप रबड़ या मोटा फोन कवर इस्तेमाल करते हैं, तो यह आमतौर पर मोटे प्लास्टिक, रबर या लेदर जैसे मैटेरियल से बना होता है। ये मैटेरियल फोन से निकलने वाली गर्मी को बाहर निकलने नहीं देते और उसे अंदर ही रोक लेते हैं। इस वजह से फोन का तापमान बढ़ सकता है। खासकर चार्जिंग, गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग या लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने के दौरान ओवरहीटिंग का खतरा ज्यादा हो जाता है। जब फोन बार-बार गर्म होता है, तो बैटरी जल्दी खत्म होने लगती है और बार-बार चार्ज करने की जरूरत पड़ सकती है। लगातार ऐसा होने पर बैटरी समय से पहले खराब भी हो सकती है।
READ MORE: Nvidia GeForce Now से स्मार्टफोन गेमिंग में आया बड़ा बदलाव
सिर्फ बैटरी ही नहीं, बाकी पार्ट्स पर भी असर
फोन में ज्यादा गर्मी सिर्फ बैटरी को ही प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसके दूसरे कंपोनेंट्स पर भी असर डाल सकती है। ज्यादा तापमान के कारण प्रोसेसर की एफिशिएंसी कम हो सकती है, जिससे फोन स्लो महसूस होने लगता है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और बढ़ सकती है, क्योंकि पहले से ही तापमान ज्यादा होता है। ऐसे में मोटा कवर फोन को जल्दी ठंडा नहीं होने देता। कवर के अंदर वेंटिलेशन कम होने से न तो फोन की गर्मी आसानी से बाहर निकल पाती है और न ही बाहर की हवा फोन को ठंडा कर पाती है।
ओवरहीटिंग से बचाने के आसान तरीके
अगर आपका फोन ज्यादा गर्म हो रहा है, तो सबसे पहले उसका कवर हटा दें। इससे फोन की गर्मी बाहर निकलने लगेगी और वह जल्दी ठंडा हो सकेगा। अगर फोन चार्जिंग पर है और गर्म हो रहा है, तो कुछ समय के लिए उसे इस्तेमाल करना बंद कर दें। गेमिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग या भारी ऐप्स को भी थोड़ी देर के लिए रोकना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा फोन ज्यादा गर्म होने पर एयरप्लेन मोड ऑन करना या कुछ देर के लिए फोन स्विच ऑफ कर देना भी मदद कर सकता है।
READ MORE: भारत में महंगे हुए स्मार्टफोन, OnePlus-Redmi के बढ़े दाम
सही कवर चुनना भी जरूरी
फोन को सुरक्षित रखना जरूरी है, लेकिन ऐसा कवर चुनें जो सुरक्षा के साथ वेंटिलेशन भी दे सके। बहुत ज्यादा मोटा और भारी कवर हर समय इस्तेमाल करना फोन की बैटरी और परफॉर्मेंस के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
