Rupee vs Dollar: बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे कमजोर होकर 95.78 पर पहुंच गया। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण बाजार में दबाव देखने को मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव की वजह से निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे डॉलर को मजबूती मिल रही है।
डॉलर के मुकाबले रुपया फिर कमजोर हुआ है। जानें कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, अमेरिका-ईरान तनाव और RBI बैठक का भारतीय मुद्रा पर क्या असर पड़ रहा है।
शुरुआत में मजबूत खुला, फिर फिसला रुपया
Inter bank विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया शुरुआत में मजबूत दिखाई दिया। कारोबार की शुरुआत में यह 95.60 प्रति डॉलर पर खुला था, लेकिन कुछ ही समय बाद इसमें गिरावट देखने को मिली और यह 95.78 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। यह पिछले बंद स्तर से 8 पैसे की कमजोरी को दिखाता है। इससे पहले मंगलवार को रुपया 44 पैसे टूटकर 95.70 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। लगातार गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
READ MORE: Dollar Vs Rupee: डॉलर के सामने रुपया हुआ कमजोर, बढ़ेगी महंगाई!
अमेरिका-ईरान तनाव से बढ़ी चिंता
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की उम्मीदों को झटका दिया है। पहले माना जा रहा था कि दोनों देशों के बीच जल्द शांति समझौता हो सकता है, लेकिन अमेरिका की तरफ से ईरान पर नए हमलों की खबरों ने हालात बदल दिए।
सीआर फॉरेक्स एडवाइजर्स के एमडी अमित पाबारी के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में दोबारा तेजी आने से रुपये पर दबाव बढ़ा है। उनका कहना है कि अमेरिका-ईरान बातचीत में देरी और नए सैन्य घटनाक्रम ने बाजार को सतर्क बना दिया है।
कच्चा तेल अब भी ऊंचे स्तर पर
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड करीब 98 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर बना हुआ है। हालांकि, फ्यूचर्स ट्रेड में इसमें 1.50 फीसदी की हल्की गिरावट दर्ज की गई और यह 98.09 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। इसके पीछे अमेरिका के ईरान पर नए हमलों की खबरें और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने को लेकर अनिश्चितता मानी जा रही है।
READ MORE: मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव, ईरान का ऑफर और अमेरिका का कड़ा संदेश
अब RBI बैठक पर टिकी नजर
अब बाजार की नजर 3 से 5 जून के बीच होने वाली भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक पर है। निवेशकों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि RBI ब्याज दरों में बदलाव करेगा या मौजूदा स्थिति बरकरार रखेगा।
इस बीच घरेलू शेयर बाजार में मजबूती देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 127.83 अंक चढ़कर 76,137.53 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 36.45 अंक बढ़कर 23,950.15 पर कारोबार करता दिखा।
