Apple iPhone News : Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo की स्क्रीन में खराबी की खबर सामने आई है। फोन की बिक्री शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद कुछ डिवाइस की अंदरूनी स्क्रीन पर दरारें और चमकदार लाइनें दिखाई देने लगीं। ये समस्याएं खास तौर पर उस जगह देखी गई हैं, जहां से फोन मुड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने माना है कि उसके कुछ iPhone Duo फोन में स्क्रीन की समस्या आई है। कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को AppleCare से संपर्क करने और फोन बदलवाने की सलाह दी है। हालांकि, Apple ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि स्क्रीन खराब होने की असली वजह क्या है।
Apple के पहले फोल्डेबल iPhone Duo की स्क्रीन में दरारें, कंपनी देगी नया फोन, iFixit ने हिंज में खराबी की जताई आशंका
फोन की स्क्रीन में दरार क्यों आ रही है?
फोन की मरम्मत और जांच करने वाली कंपनी iFixit ने इस समस्या की संभावित वजह जानने के लिए जांच की है। इसके लिए कंपनी ने फोन खोलने के वीडियो, Apple के पेटेंट और CT स्कैन की मदद से फोन के हिंज यानी मोड़ने वाले हिस्से का 3D मॉडल बनाया। iFixit की जांच में सामने आया कि स्क्रीन में खराबी के कुछ मामले फोन के बीच वाले हिस्से के पास देखे गए हैं। इसी जगह से डिस्प्ले की केबल गुजरती है और फोन को मोड़ने वाला हिंज लगा होता है। एक आशंका यह है कि फोन को बंद करते समय अंदर लगा सपोर्ट बार पूरी तरह पीछे नहीं हटता। इससे स्क्रीन के किसी एक हिस्से पर ज्यादा दबाव पड़ सकता है और डिस्प्ले में दरार आ सकती है। इसके अलावा, हिंज को खोलने और बंद करने में मदद करने वाली घुमावदार रेल भी स्क्रीन पर दबाव डाल सकती हैं। हालांकि, iFixit की जांच से इन कारणों की पक्की पुष्टि नहीं हुई है। Apple ने भी हिंज को स्क्रीन की खराबी का कारण नहीं बताया है।
READ MORE: Apple का नया दांव, महंगा iPhone घटाएगा बिक्री, नहीं कमाई
मरम्मत के मामले में मिले 10 में से 5 अंक
स्क्रीन की समस्या के बावजूद iFixit ने iPhone Duo को मरम्मत के मामले में 10 में से 5 अंक दिए हैं। कंपनी के अनुसार, यह अब तक उसके द्वारा जांचा गया सबसे आसानी से मरम्मत किया जा सकने वाला फोल्डेबल स्मार्टफोन है। फोन में बैटरी निकालने और कुछ दूसरे हिस्सों तक पहुंचने के लिए बेहतर डिजाइन दिया गया है। हालांकि, इसकी अंदरूनी स्क्रीन और हिंज की मरम्मत करना अब भी मुश्किल है।
READ MORE: Apple और Google में Stablecoin की हलचल, नई Jobs से मिले संकेत
फोन की मजबूती पर उठे सवाल
Apple के पहले फोल्डेबल फोन में शुरुआती दिनों में स्क्रीन की खराबी सामने आने से उसकी मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। अभी यह पता नहीं चला है कि समस्या फोन बनाने में हुई गलती, हिंज के डिजाइन या किसी अन्य कारण से जुड़ी है। यह भी साफ नहीं है कि बाजार में बिक चुके कितने फोन इस समस्या से प्रभावित हैं। Apple की आगे की जांच से ही पता चलेगा कि यह समस्या कितनी बड़ी है और इसे ठीक करने के लिए कंपनी क्या कदम उठाती है।
