nvidia investigation jensen huang chinese intelligence big tech news

क्या चीनी जासूस के संपर्क में थे NVIDIA CEO जेनसन हुआंग?

9 mins read
2 views
November 9, 2026

Nvidia Investigation : क्या NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग चीन की खुफिया एजेंसी के निशाने पर थे? इस सवाल पर अब कंपनी के बोर्ड ने गंभीरता दिखाई है। NVIDIA ने 8 नवंबर को मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने का ऐलान किया। यह कदम उन मीडिया रिपोर्ट्स के बाद उठाया गया है, जिनमें दावा किया गया कि चीन की खुफिया एजेंसी ने कंपनी से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए सिंगापुर की एक चिप कंपनी की अधिकारी एलिस हुआंग को भर्ती किया था।

NVIDIA के CEO जेनसन हुआंग पर चीन की जासूसी का शक, कंपनी ने शुरू की जांच।

स्वतंत्र निदेशकों की समिति करेगी जांच

NVIDIA के बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि विदेशी खुफिया गतिविधि से जुड़े आरोपों की जांच स्वतंत्र रूप से कराई जाएगी। इसके लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति बनाई गई है। बाहरी कानूनी विशेषज्ञ भी जांच में मदद करेंगे। बोर्ड ने कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या NVIDIA की गोपनीय कारोबारी जानकारी से समझौता हुआ है। जेनसन हुआंग भी जांच का समर्थन कर रहे हैं और इसमें पूरा सहयोग देने को तैयार हैं।

Bloomberg समेत कई मीडिया संस्थानों ने हाल ही में हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की थीं। बताया गया कि अमेरिकी नीति निर्माताओं के बीच इस साल एक ज्ञापन भी साझा हुआ था। इसमें आरोप लगाया गया था कि चीन के राज्य सुरक्षा मंत्रालय ने एलिस हुआंग को जानकारी जुटाने के लिए भर्ती किया था।

READ MORE: Nvidia खरीदेगा Hugging Face, AI जगत में मचेगी हलचल!

एलिस हुआंग से कारोबारी संबंधों पर कंपनी का जवाब

एलिस हुआंग सिंगापुर की चिप कंपनी Megaspeed में अधिकारी हैं। NVIDIA पहले भी उनके साथ जेनसन हुआंग की बातचीत का बचाव कर चुकी है। कंपनी ने इन मुलाकातों को सामान्य कारोबारी गतिविधि बताया था। NVIDIA का कहना था कि क्षेत्र में उसके क्लाउड ग्राहकों को नियमित कारोबारी जानकारी दी जाती है। इसमें कंपनी के व्यापारिक रहस्य या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी शामिल नहीं होती।

जेनसन हुआंग ने पत्नी और कर्मचारियों से मांगी माफी

इस मामले के बीच जेनसन हुआंग ने NVIDIA कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई स्वीकार की। उन्होंने माना कि उनके व्यवहार से पत्नी और बच्चों को दुख पहुंचा है। हुआंग ने लिखा, ‘मैं अपने परिवार और आप सभी से माफी मांगता हूं। मैंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई की। मेरे इस कदम से उन्हें और हमारे बच्चों को चोट पहुंची। इसका कोई बहाना नहीं है।’ उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों, बोर्ड सदस्यों, साझेदारों और शेयरधारकों से भी माफी मांगी। हुआंग ने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों पर खरे नहीं उतरे और सभी उनसे बेहतर व्यवहार की उम्मीद रखते थे।

READ MORE: NVIDIA ने लॉन्च किया Open Agent Safety Platform

अमेरिका-चीन तनाव के बीच बढ़ी NVIDIA की मुश्किलें

यह जांच ऐसे समय शुरू हुई है, जब अमेरिका और चीन के बीच तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज है। NVIDIA के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चिप्स इस मुकाबले का अहम हिस्सा हैं। चीन में कंपनी के कारोबार और उन्नत AI चिप्स के निर्यात पर अमेरिकी पाबंदियों को लेकर पहले से सवाल उठते रहे हैं। जेनसन हुआंग भी अमेरिकी तकनीकी नीतियों और चीन के बाजार तक पहुंच को लेकर होने वाली चर्चाओं में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। फिलहाल, बोर्ड ने हुआंग और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा जताया है। साथ ही कहा है कि अमेरिका की राष्ट्रीय और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा करना कंपनी और उसके शेयरधारकों की प्राथमिकता है। जांच के नतीजे आने के बाद ही साफ होगा कि इन आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss