UPSSSC Recruitment 2026 : कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के कुल 12 पदों पर भर्ती होगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से यानी 7 सितंबर से शुरू हो गई है, जो 28 सितंबर तक रहेगा। इस भर्ती के लिए सिर्फ ग्रेजुएशन की डिग्री काफी नहीं है। उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या ‘O’ लेवल प्रमाणपत्र और संबंधित काम का अनुभव भी होना चाहिए। इसके अलावा UPSSSC PET 2025 पास करना और उसका वैध स्कोरकार्ड होना अनिवार्य है।
UPSSSC Computer Operator Recruitment 2026 में कितने पद?
UPSSSC ने इस भर्ती का नोटिफिकेशन 3 सितंबर को जारी किया था। भर्ती महाधिवक्ता कार्यालय, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, उत्तर प्रदेश के लिए हो रही है। आयोग ने इसे विज्ञापन संख्या 20-परीक्षा/2026 के तहत जारी किया है। कुल 12 रिक्तियों में 11 पद कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A और 1 पद सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर का है। यानी पद कम हैं इसलिए पात्र उम्मीदवारों के लिए प्रतियोगिता कड़ी रह सकती है। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A के लिए स्नातक डिग्री के साथ कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या ‘O’ लेवल प्रमाणपत्र चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर क्षेत्र में कम से कम 3 साल का अनुभव जरूरी है। सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए भी ग्रेजुएशन और कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या ‘O’ लेवल प्रमाणपत्र चाहिए। इस पद पर 2 साल का संबंधित अनुभव मांगा गया है।
UPSSSC Computer Operator Recruitment 2026 के लिए PET जरूरी
इस भर्ती की सबसे अहम शर्त UPSSSC PET 2025 है। सिर्फ डिग्री, कंप्यूटर प्रमाणपत्र और अनुभव होने से उम्मीदवार सीधे लिखित परीक्षा में नहीं पहुंच सकेगा। आयोग पहले PET 2025 के सामान्यीकृत अंकों के आधार पर अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग करेगा। इसके बाद चुने गए उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
लिखित परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच होगी। इस तरह चयन प्रक्रिया के तीन प्रमुख चरण रहेंगे:
- PET 2025 के सामान्यीकृत अंकों से शॉर्टलिस्टिंग
- लिखित परीक्षा
- दस्तावेज सत्यापन
उम्मीदवार के पास PET 2025 का वैध स्कोरकार्ड होना जरूरी है, इसलिए आवेदन करने से पहले इस शर्त को जरूर जांच लें।
ग्रेजुएशन के साथ कंप्यूटर अनुभव भी अनिवार्य
UPSSSC की इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता के साथ अनुभव को भी काफी महत्व दिया गया है। उम्मीदवार का किसी मान्य संस्थान से स्नातक होना जरूरी है। इसके साथ कंप्यूटर साइंस में डिप्लोमा या ‘O’ लेवल प्रमाणपत्र भी चाहिए। कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A के लिए 3 साल और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए 2 साल का संबंधित अनुभव अनिवार्य है। आयु सीमा भी तय है। उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष और अधिकतम उम्र 40 वर्ष होनी चाहिए। उम्र की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार, अधिकतम उम्र सीमा में छूट मिलेगी।
READ MORE: BA-BSc छोड़िए, 12वीं के बाद करियर का नया रास्ता
81 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी, फीस सिर्फ 25 रुपये
सरकारी नौकरी में चयन के बाद पद के अनुसार अलग-अलग वेतन मिलेगा। इस भर्ती में पे लेवल-2 से पे लेवल-4 तक के वेतनमान तय किए गए हैं। वेतनमान 19 हजार से ज्यादा या फिर 81 हजार से ज्यादा तक है। वास्तविक वेतन संबंधित पद और लागू पे लेवल के आधार पर मिलेगा। आवेदन शुल्क की बात करें तो आयोग ने सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए सिर्फ 25 शुल्क रखा है। इसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा। उम्मीदवार नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या UPI का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं, शुल्क समायोजन और आवेदन में संशोधन की सुविधा 5 अक्टूबर तक रहेगी।
UPSSSC Computer Operator Recruitment 2026 का पूरा शेड्यूल
भर्ती से जुड़ी जरूरी तारीखें इस तरह हैं:
- नोटिफिकेशन जारी: 3 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुरू: 7 सितंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तारीख: 28 सितंबर 2026
- शुल्क समायोजन और आवेदन संशोधन की अंतिम तारीख: 5 अक्टूबर 2026
अभी पात्र उम्मीदवारों को आखिरी तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। आवेदन करते समय शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर अनुभव, आयु और PET स्कोरकार्ड की जानकारी ध्यान से जांचना जरूरी है।
READ MORE: Leanwatts को मिला निवेश, 18 करोड़ से बढ़ाएगा कारोबार
UPSSSC Computer Operator Recruitment 2026 का फॉर्म कैसे भरें?
आवेदन के लिए उम्मीदवार को सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर लाइव विज्ञापन सेक्शन में जाकर कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-A और सहायक कंप्यूटर ऑपरेटर भर्ती का लिंक खोलना होगा। इसके बाद PET 2025 की पंजीकरण संख्या से लॉगिन करना होगा। लॉगिन के लिए OTP या व्यक्तिगत विवरण का इस्तेमाल किया जा सकता है। लॉगिन के बाद उम्मीदवार को संबंधित पद चुनना होगा। PET 2025 से व्यक्तिगत जानकारी, फोटो और हस्ताक्षर जैसी कुछ जानकारी फॉर्म में अपने आप आ सकती है। इन्हें ध्यान से जांचें। जानकारी सही होने पर 25 शुल्क ऑनलाइन जमा करें और फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर दें।
