Tencent India Investment: चीन की बड़ी टेक कंपनी Tencent अब भारत की तेजी से बढ़ती क्रिएटर इकोनॉमी में अपनी मौजूदगी मजबूत करने जा रही है। कंपनी ने भारत में गेमिंग, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX) और कॉमिक्स सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए 10 करोड़ रुपये से ज्यादा के बहुवर्षीय निवेश का ऐलान किया है। इस कदम का मकसद देश में टैलेंट को बढ़ावा देना, इंडस्ट्री ट्रेनिंग देना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग बढ़ाना है।
Tencent ने भारत के गेमिंग, एनीमेशन और क्रिएटर इकोनॉमी सेक्टर में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा निवेश का ऐलान किया है, जानें इससे युवाओं और गेम डेवलपर्स को कैसे फायदा मिलेगा।
भारत की AVGC इंडस्ट्री पर Tencent का फोकस
Tencent ने भारत में AVGC (Animation, Visual Effects, Gaming and Comics) सेक्टर को मजबूत करने के लिए दो बड़े समझौते किए हैं। कंपनी ने Services Export Promotion Council (SEPC) और Game Developers Association of India (GDAI) के साथ साझेदारी की है। इन समझौतों के तहत कंपनी स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, मेंटरशिप और छोटे स्तर के डेवलपर्स तक पहुंच बनाने पर काम करेगी। इसका उद्देश्य भारत में गेमिंग और डिजिटल कंटेंट सेक्टर में नए अवसर पैदा करना है।
‘Orange Economy’ पर भारत का बढ़ता फोकस
भारत सरकार भी अब ‘Orange Economy’ यानी क्रिएटिव और बौद्धिक संपदा आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। इसमें गेमिंग, डिजिटल मीडिया, लाइव एंटरटेनमेंट और एनीमेशन जैसे सेक्टर शामिल हैं। माना जा रहा है कि ये क्षेत्र रोजगार बढ़ाने और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत ने 2030 तक AVGC-XR इंडस्ट्री में करीब 20 लाख पेशेवरों को ट्रेनिंग और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है।
Tencent के पब्लिक पॉलिसी और ग्लोबल अफेयर्स प्रमुख डैनी मार्टी ने कहा कि कंपनी सिर्फ निवेश नहीं करना चाहती, बल्कि स्थानीय टैलेंट, क्रिएटर्स और स्टूडियोज के लिए नए अवसर भी तैयार करना चाहती है।
READ MORE: Sony का AI कमाल, गेम खेलो और पाओ वायरल क्लिप्स
गेमिंग टैलेंट पर रहेगा खास ध्यान
Tencent और GDAI की साझेदारी खासतौर पर गेमिंग शिक्षा और नए डेवलपर्स को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी। इसके तहत हर साल 10,000 से ज्यादा छात्रों को शामिल करते हुए नेशनल गेम जैम प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। साथ ही शिक्षकों और संस्थानों के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे। GDAI की CEO श्रुति वर्मा का कहना है कि भारत गेमिंग सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और दुनिया के बेहतरीन टैलेंट को जोड़ना जरूरी है।
READ MORE: GTA 6 ट्रेलर फिर टला? अब इन तारीखों पर उम्मीद
भारत का गेमिंग बाजार तेजी से बढ़ रहा
रिसर्च फर्म Niko Partners के अनुसार, भारत एशिया और मध्य-पूर्व-अफ्रीका क्षेत्र में सबसे तेज़ी से बढ़ने वाले गेमिंग बाज़ार के रूप में उभरा है। अनुमान है कि भारत में गेमिंग पर होने वाला खर्च 2028 तक 1.5 बिलियन डॉलर तक पहुंच सकता है, जबकि गेमर्स की संख्या 2029 तक 724 मिलियन तक पहुंच सकती है।
