Bitcoin Supply : Bitcoin में बड़े निवेशकों और संस्थानों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। वॉल स्ट्रीट और स्पॉट Bitcoin ETF के आने से ऐसा लग सकता है कि अब Bitcoin का बड़ा हिस्सा बड़े संस्थानों के पास है, लेकिन Galaxy Research की एक स्टडी कुछ अलग तस्वीर दिखाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब तक माइन किए गए Bitcoin का करीब 55% हिस्सा ऐसे वॉलेट में है, जिनके मालिकों की पहचान किसी जानी-पहचानी संस्था से नहीं हो पाई है।
Bitcoin पर बड़ा खुलासा! 55% BTC के मालिकों का पता नहीं, Galaxy Research की रिपोर्ट ने क्रिप्टो बाजार में उठाए कई सवाल
11.1 मिलियन Bitcoin के मालिकों का पता नहीं
Galaxy Research के अक्टूबर के आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 20.1 मिलियन Bitcoin माइन किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 11.1 मिलियन Bitcoin यानी करीब 55% ऐसे वॉलेट एड्रेस में रखेहैं, जिन्हें किसी क्रिप्टो एक्सचेंज, ETF, कंपनी, सरकार, फंड या अन्य ज्ञात संस्था से नहीं जोड़ा जा सका है। Galaxy Research के अध्यक्ष एलेक्स थॉर्न के मुताबिक, इससे पता चलता है कि कई Bitcoin निवेशक आज भी अपनी प्राइवेट की खुद संभालकर रखते हैं। शुरुआती दौर में Bitcoin खरीदने वाले लोगों ने बड़े संस्थानों के आने से पहले ही काफी Bitcoin जमा कर लिए थे।
READ MORE: OKX-ICE को झटका, IBM समेत 26 कंपनियों ने शेयर टोकनाइजेशन रोका
क्या ये सभी Bitcoin आम निवेशकों के हैं?
रिपोर्ट यह साबित नहीं करती कि ये सभी 11.1 मिलियन Bitcoin सक्रिय व्यक्तिगत निवेशकों के पास हैं। इनमें ऐसे Bitcoin भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी प्राइवेट की खो गई है या जिनके मालिकों की मृत्यु के बाद उन तक पहुंचना संभव नहीं है। इसके अलावा, कुछ कंपनियों, म्यूचुअल फंड, OTC ट्रेडिंग डेस्क और ऐसे कस्टडी सिस्टम के Bitcoin भी इस श्रेणी में हो सकते हैं, जिनके वॉलेट की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
बाकी 45% Bitcoin कहां हैं?
स्टडी के अनुसार, बाकी करीब 45% Bitcoin ऐसे मालिकों से जुड़े हैं, जिनकी पहचान की जा चुकी है। इनमें बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज, स्पॉट Bitcoin ETF, अमेरिकी सरकार और कई कंपनियां शामिल हैं। रिपोर्ट में Satoshi Nakamoto से जुड़े माने जाने वाले Patoshi मॉडल के वॉलेट में मौजूद 1,123,658 Bitcoin को भी अलग ज्ञात श्रेणी में रखा गया है।
READ MORE: ARK Invest ने NVIDIA, SpaceX, Tesla खरीदे, ETF में Kalshi जोड़ा
ब्लॉकचेन पर वॉलेट दिखता है, मालिक नहीं
Bitcoin ब्लॉकचेन पर वॉलेट में मौजूद रकम देखी जा सकती है, लेकिन उसके असली मालिक की पहचान करना हमेशा संभव नहीं होता। एक व्यक्ति हजारों वॉलेट इस्तेमाल कर सकता है, जबकि किसी कस्टोडियन का एक वॉलेट हजारों ग्राहकों के Bitcoin रख सकता है, इसलिए Galaxy Research की यह स्टडी मालिकों की अंतिम सूची नहीं है। यह उपलब्ध वॉलेट जानकारी और उनकी पहचान के आधार पर तैयार किया गया अनुमान है।
DISCLAIMER: इस लेख में दी गई जानकारी Galaxy Research की रिपोर्ट पर आधारित है। इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश जोखिम भरा होता है, इसलिए निवेश करने से पहले खुद रिसर्च करें और वित्तीय सलाहकार से सलाह लें।
