आपका-क्रिप्टो-डेटा-कितना-सुरक्षित

आपका क्रिप्टो डेटा कितना सुरक्षित? पासवर्ड और टोकन हुए एक्सपोज

13 mins read
24 views
November 6, 2026

Chainalysis Data Breach: ब्लॉकचेन एनालिटिक्स कंपनी Chainalysis ने अपने यूजर्स के डेटा में बड़ी सेंधमारी की पुष्टि की है। कंपनी के मुताबिक, हमलावरों ने यूजर्स के नाम, यूजरनेम, पासवर्ड हैश और लाइव टोकन तक पहुंच बना ली। 4 नवंबर को जारी ताजा सुरक्षा अपडेट में कंपनी ने पहले बताई गई जानकारी से कहीं ज्यादा बड़े डेटा लीक का खुलासा किया। इस घटना के बाद कंपनी ने अपने कई अहम प्लेटफॉर्म भी बंद कर दिए हैं।

Chainalysis डेटा लीक: यूजर्स के पासवर्ड हैश और लाइव टोकन चोरी, 6 नवंबर 2026 को बढ़ी चिंता।

Chainalysis डेटा लीक में क्या-क्या जानकारी हुई उजागर?

Chainalysis ने शुरुआत में 30 अक्टूबर को साइबर हमले की जानकारी दी थी। तब कंपनी ने कहा था कि हमलावरों ने उसके सिस्टम और आंतरिक टूल्स तक अनधिकृत पहुंच बनाई है। शुरुआती जांच में यूजर आईडी, ईमेल पते और संगठनों में कर्मचारियों की भूमिकाओं से जुड़ी जानकारी सामने आई थी। कंपनी ने तब कहा था कि उसे पासवर्ड या सेशन टोकन चोरी होने का कोई सबूत नहीं मिला, लेकिन 4 नवंबर के नए अपडेट ने मामले को और गंभीर बना दिया। कंपनी ने माना कि यूजर्स के नाम, यूजरनेम, पासवर्ड हैश और लाइव टोकन भी उजागर हुए हैं। कंपनी ने यह भी बताया कि कुछ ग्राहकों के पासवर्ड एक खास साइबर हमले के जरिए सामने आए। इस तरीके को ‘ऑन-पाथ अटैक’ कहा जाता है।

ऑन-पाथ अटैक से कैसे चोरी हुई जानकारी?

ऑन-पाथ अटैक में हमलावर दो पक्षों के बीच होने वाले डिजिटल संचार को बीच में रोकता है या उसमें दखल देता है। इससे वह संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकता है। Chainalysis के मुताबिक, इस हमले से कुछ ग्राहकों के पासवर्ड उजागर हुए। कंपनी ने इस हमले के तरीके को रोकने और प्रभावित खातों को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह साफ नहीं किया है कि उजागर हुए पासवर्ड हैश किस सुरक्षा तकनीक से सुरक्षित थे। उसने यह भी नहीं बताया कि लाइव टोकन किस तरह के थे। यह भी स्पष्ट नहीं है कि पासवर्ड हैश और लाइव टोकन तक पहुंच बनाने के लिए हमलावरों ने एक ही तरीका अपनाया था या अलग-अलग तरीके इस्तेमाल किए।

KYT और दूसरे प्लेटफॉर्म किए गए बंद

साइबर हमले का असर अब कंपनी की सेवाओं पर भी दिखने लगा है। 2 नवंबर को Chainalysis ने एहतियात के तौर पर अपना Reactor जांच प्लेटफॉर्म और Data Solutions बंद कर दिए थे। इसके बाद 4 नवंबर को ट्रांजैक्शन स्क्रीनिंग सेवाओं में असामान्य गतिविधि मिली। कंपनी ने तुरंत अपने Know Your Transaction (KYT) प्लेटफॉर्म को भी बंद कर दिया। इसमें वेबसाइट इंटरफेस और API सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा, दूसरे एड्रेस स्क्रीनिंग उत्पादों और कंपनी के लॉगिन पेज को भी ऑफलाइन कर दिया गया। KYT का इस्तेमाल क्रिप्टो कंपनियां और वित्तीय संस्थान लेनदेन की निगरानी के लिए करते हैं। यह संदिग्ध क्रिप्टो ट्रांजैक्शन की पहचान करने में मदद करता है। ऐसे में इन सेवाओं के बंद होने से कई कंपनियों के कामकाज और नियमों के पालन से जुड़ी प्रक्रियाओं पर असर पड़ सकता है।

READ MORE:  Binance हैक के बाद Coinbase का दावा, 99% पैसा सुरक्षित

यूजर्स को पासवर्ड बदलने और API Key रोटेट करने की सलाह

Chainalysis ने 5 नवंबर से KYT और Address Screening सेवाओं को दोबारा शुरू करने की योजना बनाई थी। इसके लिए ग्राहकों से अपने भरोसेमंद IP एड्रेस कंपनी की सपोर्ट टीम या अकाउंट मैनेजर को देने को कहा गया। सेवाएं बहाल होने के बाद यूजर्स को पासवर्ड बदलने और API Key रोटेट करने की सुविधा मिलनी थी। कंपनी ने साफ किया कि सभी यूजर्स को अपना पासवर्ड रीसेट करना होगा।

जहां जरूरत होगी, वहां API Key भी बदलनी पड़ेगी। कंपनी ने ग्राहकों को कुछ जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

  • अनजान ईमेल में आए पासवर्ड रीसेट लिंक पर क्लिक न करें।
  • दूसरे प्लेटफॉर्म पर भी वही पासवर्ड इस्तेमाल किया है, तो उसे तुरंत बदलें।
  • API Key को जरूरत के मुताबिक रोटेट करें।
  • केवल कंपनी के आधिकारिक माध्यमों से सुरक्षा संबंधी जानकारी लें।

कंपनी उन ग्राहकों को सीधे सूचना दे रही है, जिनके KYT खातों तक अनधिकृत पहुंच की आशंका है।

जांच डेटा और क्रिप्टो फंड को लेकर कंपनी का क्या कहना है?

डेटा लीक के बावजूद Chainalysis ने कहा है कि उसे अभी तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला, जिससे पता चले कि हमलावरों ने जांच से जुड़े डेटा तक पहुंच बनाई या ब्लॉकचेन एट्रिब्यूशन डेटा में बदलाव किया। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना से ग्राहकों की क्रिप्टोकरेंसी चोरी होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा, Chainalysis ने इस साइबर हमले का हाल में हुई Binance क्रिप्टो चोरी से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है। कंपनी बाहरी साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ मिलकर जांच कर रही है। 4 नवंबर के अपडेट तक Reactor और Data Solutions बंद थे। इन्हें दोबारा शुरू करने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई थी।

READ MORE: Bitcoin माइनिंग से कमाई घटी, IREN के शेयरों में भूचाल

अब आगे क्या होगा?

Chainalysis का यह मामला दिखाता है कि बड़ी ब्लॉकचेन कंपनियां भी साइबर हमलों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। पासवर्ड हैश और लाइव टोकन का उजागर होना यूजर्स की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल, कंपनी प्रभावित सेवाओं को बहाल करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि हमलावरों ने कितनी जानकारी हासिल की और इस सेंधमारी का कुल असर कितना बड़ा है।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss