Surat Women ChatGPT Case: सूरत में दो युवा छात्राओं की मौत के बाद अब AI चैटबॉट्स को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों लड़कियों ने कथित तौर पर ChatGPT पर आत्महत्या से जुड़ी जानकारी सर्च की थी। इस खबर के सामने आने के बाद एलन मस्क ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सूरत में दो छात्राओं की मौत के मामले में जांच के दौरान ChatGPT सर्च का जिक्र सामने आया है। इस घटना पर एलन मस्क ने भी प्रतिक्रिया दी है और AI सुरक्षा पर बहस तेज हो गई है।
घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं
पुलिस के मुताबिक, 18 साल की रोशनी सिरसाथ और 20 साल की जोसना चौधरी बचपन की अच्छी दोस्त थीं। 6 मार्च की सुबह दोनों अपने-अपने घर से यह कहकर निकलीं कि वह कॉलेज जा रही हैं, लेकिन जब दोपहर तक दोनों घर नहीं लौटीं और फोन भी नहीं उठा रहीं थीं, तो परिवार वालों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन की मदद से दोनों की आखिरी जगह ट्रेस की। इसके बाद पता चला कि वे शहर के बाहरी इलाके में मौजूद आत्मीय संस्कार धाम स्वामीनारायण मंदिर के पास थीं।
मंदिर के वॉशरूम में मिलीं दोनों
शाम करीब 9:30 बजे परिवार वालों को मंदिर के बाहर एक स्कूटी खड़ी मिली। इसके बाद मंदिर परिसर में तलाश शुरू की गई। जब मंदिर के CCTV कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि दोनों लड़कियां सुबह करीब 7:44 बजे मंदिर के वॉशरूम में गई थीं, लेकिन उसके बाद वे बाहर नहीं आईं। जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो दरवाजा तोड़कर देखा गया। अंदर दोनों लड़कियां मृत हालत में मिलीं।
पुलिस को मौके से एक खाली दवाई की शीशी, तीन दवा के वायल और तीन सिरिंज भी मिलीं। शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि दोनों ने खुद को किसी एनेस्थेटिक यानी बेहोशी वाली दवा का इंजेक्शन लगाया था। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
READ MORE: Arm ने लॉन्च किया नए मोबाइल चिप डिजाइन, स्मार्टफोन होंगे ज्यादा स्मार्ट
मोबाइल में मिला ChatGPT सर्च
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन भी चेक किए। इसमें पता चला कि दोनों ने ChatGPT पर यह सर्च किया था कि आत्महत्या कैसे की जाती है और कौन-सी दवाइयों का इस्तेमाल किया जा सकता है। फोन में एक खबर की तस्वीर भी सेव मिली जिसमें किसी महिला द्वारा एनेस्थेटिक दवा से आत्महत्या करने का जिक्र था। हालांकि, पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों छात्राएं बीकॉम की पढ़ाई कर रही थीं।
READ MORE:30 साल पहले भारत में हुई पहली मोबाइल कॉल
एलन मस्क का बयान
इस घटना के बाद एलन मस्क ने अपनी प्रतिक्रिया दी और AI चैटबॉट्स की सुरक्षा पर सवाल उठाए। उन्होंने OpenAI का जिक्र करते हुए कहा कि उनके AI चैटबॉट से जुड़े ऐसे मामले सामने आए हैं। मस्क ने यह भी कहा कि उनकी कंपनी xAI के चैटबॉट Grok से जुड़ा ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
