JEE Main 2027: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रजिस्ट्रेशन करने वाले छात्रों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें पहचान सत्यापन और ऑनलाइन आवेदन से जुड़ी जरूरी सावधानियां बताई गई हैं। अगर आप भी इस परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, तो फॉर्म भरने से पहले ये निर्देश जरूर पढ़ लें। NTA ने साफ किया है कि उम्मीदवार अपनी पहचान से जुड़ी सही जानकारी दें। किसी दूसरे व्यक्ति के डिजिटल खाते का इस्तेमाल करने या दस्तावेजों में नाम और जन्मतिथि का अंतर होने से परेशानी हो सकती है।
30 अक्टूबर को NTA की नई गाइडलाइन, फॉर्म भरते समय न करें ये 3 गलतियां
JEE Main 2027 Session 1 के लिए आवेदन शुरू
NTA ने JEE Main 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं। पहले सत्र की परीक्षा जनवरी में होगी, जबकि दूसरा सत्र अप्रैल में आयोजित किया जाएगा। पहले सत्र की परीक्षा की तारीखें 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 तय की गई हैं। आवेदन करने की आखिरी तारीख 26 नवंबर 2026 है। इसके बाद एजेंसी 27 से 29 नवंबर तक फॉर्म में सुधार का मौका देगी। NTA ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आखिरी समय का इंतजार न करें। आवेदन करते समय सभी जानकारियां और दस्तावेज ध्यान से जांच लें।
किसी दूसरे का DigiLocker या अकाउंट इस्तेमाल न करें
NTA के मुताबिक, रजिस्ट्रेशन के लिए उम्मीदवार को अपने ही पहचान संबंधी क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करना चाहिए। कई छात्र साइबर कैफे में जल्दबाजी के कारण किसी दूसरे व्यक्ति के DigiLocker, JanParichay या e-Pramaan (MeriPehchaan) खाते से लॉगिन कर लेते हैं। ऐसा करना आगे चलकर परेशानी खड़ी कर सकता है। दूसरे व्यक्ति के खाते से आवेदन करने पर बायोमेट्रिक मिलान और पहचान सत्यापन में दिक्कत आ सकती है। इसलिए अपना ही डिजिटल अकाउंट इस्तेमाल करें। उसमें दर्ज नाम और दूसरी जानकारियां भी सही रखें।
READ MORE: करियर में चाहिए तरक्की, ये 6 स्किल्स बदल देंगी आपकी किस्मत
DigiLocker की Re-KYC पूरी किए बिना फॉर्म न भरें
अगर आप JEE Main 2027 के लिए DigiLocker का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो पहले अपनी Re-KYC प्रक्रिया पूरी कर लें। NTA ने उम्मीदवारों को फॉर्म जमा करने से पहले यह काम करने की सलाह दी है। Re-KYC पूरी होने के बाद अपने दस्तावेजों को रिफ्रेश भी करें। इससे DigiLocker पर मौजूद दस्तावेज और नई जानकारी सही तरीके से मिल सकेगी। इस प्रक्रिया से आवेदन के दौरान दस्तावेजों से जुड़ी गड़बड़ी की आशंका कम होगी। यह सावधानी सिर्फ JEE Main के लिए ही नहीं, बल्कि आगे JEE Advanced और काउंसलिंग के समय भी काम आ सकती है।
10वीं की मार्कशीट से नाम और जन्मतिथि जरूर मिलाएं
फॉर्म में नाम और जन्मतिथि भरते समय सबसे ज्यादा सावधानी रखें। NTA ने कहा है कि आवेदन में दर्ज नाम और Date of Birth कक्षा 10वीं के प्रमाण पत्र या मार्कशीट में दी गई जानकारी से बिल्कुल मेल खाने चाहिए। कई बार आधार कार्ड और 10वीं की मार्कशीट में नाम की स्पेलिंग अलग होती है। सरनेम या माता-पिता के नाम में भी अंतर हो सकता है। ऐसे में फॉर्म भरने से पहले सभी दस्तावेजों की जानकारी जांच लें। नाम या जन्मतिथि में गलती होने पर परीक्षा केंद्र पर पहचान सत्यापन के दौरान परेशानी आ सकती है। काउंसलिंग के समय भी आवेदन पर असर पड़ सकता है। गंभीर गड़बड़ी मिलने पर आवेदन रद्द होने का खतरा भी रहता है।
READ MORE: 12वीं के बाद AI में करियर बनाएं, इन IIT में लें एडमिशन
आवेदन से पहले इन तारीखों का रखें ध्यान
JEE Main 2027 के पहले सत्र के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 26 नवंबर है। फॉर्म में सुधार के लिए विंडो 27 से 29 नवंबर तक खुलेगी। परीक्षा 20 से 28 जनवरी 2027 के बीच तय तारीखों पर होगी।
