Cyber Security Awareness : आज के समय में मोबाइल, कंप्यूटर और इंटरनेट का इस्तेमाल बढ़ गया है। ऐसे में अपने जरूरी डेटा और निजी जानकारी को सुरक्षित रखना भी जरूरी है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने लोगों को डिजिटल सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी सलाह दी हैं। मंत्रालय ने डेटा का बैकअप रखने, मजबूत पासवर्ड बनाने और असली ऑपरेटिंग सिस्टम व भरोसेमंद सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने को कहा है। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत मंत्रालय लोगों को साइबर खतरों से बचने के लिए जागरूक कर रहा है।
MeitY ने लोगों को साइबर हमलों से बचने के लिए जरूरी सलाह दी, जानें ऑनलाइन सुरक्षित कैसे रहें।
MeitY ने डिजिटल सुरक्षा पर क्या कहा?
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि ऑनलाइन सुरक्षा के लिए छोटी-छोटी सावधानियां जरूरी हैं। लोगों को अपने डेटा का सुरक्षित बैकअप रखना चाहिए। इसके साथ ही मजबूत पासवर्ड का इस्तेमाल करना चाहिए और अपने डिवाइस में असली ऑपरेटिंग सिस्टम व भरोसेमंद सॉफ्टवेयर ही इंस्टॉल करना चाहिए।
डेटा का बैकअप रखना क्यों जरूरी है?
साइबर हमले के कारण आपकी जरूरी फाइलें खो सकती हैं या उन तक पहुंच बंद हो सकती है। इससे बचने के लिए जरूरी दस्तावेजों, फोटो और दूसरी फाइलों का बैकअप रखें। MeitY ने सलाह दी है कि कम से कम एक बैकअप ऐसा होना चाहिए, जो कंप्यूटर या दूसरे डिवाइस से जुड़ा न हो। इससे रैनसमवेयर हमले के दौरान डेटा बचाने में मदद मिल सकती है। रैनसमवेयर एक तरह का साइबर हमला है, जिसमें हैकर फाइलों को लॉक कर देते हैं और उन्हें दोबारा खोलने के बदले पैसे मांगते हैं। बैकअप के पासवर्ड, रिकवरी कोड और एन्क्रिप्शन की को भी सुरक्षित जगह पर रखें। इन्हें बैकअप से अलग रखना बेहतर है। समय-समय पर बैकअप जांचें, ताकि पता चले कि सभी फाइलें सुरक्षित और अपडेटेड हैं या नहीं।
READ MORE: Microsoft लाया Claude Mythos AI, साइबर सुरक्षा होगी मजबूत
पासवर्ड और सॉफ्टवेयर का रखें ध्यान
हर ऑनलाइन अकाउंट के लिए मजबूत और अलग पासवर्ड बनाएं। एक ही पासवर्ड कई अकाउंट पर इस्तेमाल न करें। एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव इस्तेमाल करने के बाद उसे सुरक्षित जगह पर रखें। इसके अलावा, असली ऑपरेटिंग सिस्टम और भरोसेमंद सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करें। इससे साइबर हमलों का खतरा कम करने और डिवाइस को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
कंपनियों को भी दी गई सलाह
MeitY ने उद्योग संगठनों और अलग-अलग क्षेत्रों की संस्थाओं से सर्टिफिकेशन की जांच मजबूत करने और नियमित साइबर सुरक्षा ऑडिट कराने को कहा है। इसका उद्देश्य eMudhra के पब्लिक की इन्फ्रास्ट्रक्चर (PKI) से जुड़े सुरक्षा मामले जैसी घटनाओं को रोकना है। मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि सरकार ने उद्योग संगठनों को बेहतर जांच और नियमित ऑडिट के लिए पत्र लिखा है। सरकार पिछले कुछ दिनों में सामने आए साइबर सुरक्षा मामलों की भी समीक्षा कर रही है।
READ MORE: साइबर सुरक्षा में CVE और CVSS क्यों जरूरी? यहां समझें
क्या है राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह?
राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह हर साल अक्टूबर में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन सुरक्षा और साइबर खतरों से बचने के तरीके बताना है। MeitY के तहत काम करने वाली भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) भी इस अभियान के जरिए लोगों को सुरक्षित डिजिटल आदतें अपनाने के लिए जागरूक करती है। इस साल का मुख्य उद्देश्य लोगों को साइबर सुरक्षा से जुड़ी आसान और रोजमर्रा की सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
