AI vs Google Search : पिछले 25 साल से इंटरनेट पर कुछ भी खोजने का तरीका लगभग एक जैसा रहा है। Google खोलिए, कीवर्ड लिखिए और लिंक्स की लंबी सूची में जवाब तलाशिए। लेकिन अब यह तरीका तेजी से बदल रहा है। AI Search टूल्स जैसे ChatGPT, Perplexity और Google AI Overviews सीधे सवाल का जवाब देने लगे हैं। आज दोनों तरीके साथ इस्तेमाल हो रहे हैं। लेकिन Google Search और AI Search जानकारी ढूंढने और दिखाने का काम अलग तरीके से करते हैं।
Google Search और AI Search में क्या फर्क है? जानिए दोनों कैसे काम करते हैं और किसके लिए कौन बेहतर है।
Google Search कैसे काम करता है?
Google Search मुख्य रूप से कीवर्ड के आधार पर काम करता है। यूजर कोई सवाल लिखता है, तो Google उससे जुड़े लाखों वेब पेज खोजता है। इसके बाद वह उन्हें अपनी रैंकिंग के हिसाब से दिखाता है। यहां यूजर को खुद अलग-अलग वेबसाइट खोलनी पड़ती हैं। जानकारी पढ़नी होती है। फिर अलग स्रोतों की तुलना करके सही जवाब समझना पड़ता है। यानी Google सीधे जवाब देने के बजाय जवाब तक पहुंचने के रास्ते दिखाता है। रोजमर्रा के काम में यह तरीका अभी भी काफी काम का है। किसी दुकान का समय, वेबसाइट का लिंक या किसी जगह की जानकारी जल्दी खोजनी हो, तो Google आसान विकल्प है।
AI Search सीधे जवाब क्यों देता है?
AI Search का तरीका थोड़ा अलग है। ये टूल बड़े लैंग्वेज मॉडल यानी LLM पर काम करते हैं। ये सवाल के शब्दों के साथ उसकी मंशा समझने की कोशिश करते हैं। इसके बाद इंटरनेट से जानकारी जुटाकर उसे एक आसान और व्यवस्थित जवाब में बदलते हैं। यूजर को हर वेबसाइट खोलने की जरूरत नहीं पड़ती। कई बार जवाब के साथ स्रोतों के लिंक भी मिलते हैं। खासकर ऐसे सवालों में AI Search उपयोगी हो सकता है, जिनमें कई जानकारियों को जोड़कर जवाब समझना हो। तुलना, रिसर्च और किसी विषय की आसान व्याख्या इसके अच्छे उदाहरण हैं।
READ MORE: Google AI से आसान होगी NEET-JEE तैयारी, तैयारी आसान
AI Search में गलती का जोखिम भी
AI Search जितना सुविधाजनक है, उसमें सावधानी भी जरूरी है। कभी-कभी AI गलत या भ्रामक जानकारी को भी पूरे भरोसे के साथ पेश कर सकता है। इसे हैलुसिनेशन कहा जाता है। Google Search में यूजर अलग-अलग स्रोत खुद देख सकता है। इससे जानकारी की विश्वसनीयता जांचने का मौका ज्यादा मिलता है इसलिए सेहत, पैसा और कानून जैसे संवेदनशील मामलों में सिर्फ AI के जवाब पर निर्भर रहना ठीक नहीं है। ऐसे मामलों में एक से ज्यादा भरोसेमंद स्रोतों से जानकारी जांचनी चाहिए।
READ MORE: यूरोप कोर्ट का फैसला, YouTube जुआ विज्ञापनों पर Google की हार
Google Search या AI Search, किसे चुनें?
दोनों की अपनी जगह है। छोटे और सीधे सवालों के लिए Google Search अभी भी तेज और उपयोगी है। वहीं जटिल सवालों, तुलना और रिसर्च के लिए AI Search ज्यादा सुविधाजनक हो सकता है। ताजा खबरों और इसी वक्त की जानकारी के लिए सीधे न्यूज स्रोत और पारंपरिक सर्च अभी भी जरूरी हैं। सबसे बेहतर तरीका यही है कि जरूरत के हिसाब से दोनों का इस्तेमाल किया जाए।
