Foldable Smartphones : क्या एक फोन में टैबलेट जैसी बड़ी स्क्रीन मिल सकती है? अभी टेक मार्केट में इसका जवाब काफी हद तक हां है। फोल्डेबल फोन अब सिर्फ एक डिजाइन नहीं रहा। बाजार में इसके Fold, Flip, Tri-Fold और Rollable जैसे अलग-अलग डिस्प्ले डिजाइन देखने को मिल रहे हैं। हर डिजाइन का काम और इस्तेमाल अलग है इसलिए फोन खरीदने से पहले इनका फर्क समझना जरूरी है।
फोल्डेबल फोन क्या है और कैसे काम करता है?
फोल्डेबल फोन बीच से मुड़ता है और खुलने पर बड़ी स्क्रीन देता है। इसका सबसे आम उदाहरण बुक-स्टाइल डिजाइन है। फोन बंद होने पर बाहर एक स्क्रीन मिलती है। खोलने पर अंदर बड़ी, टैबलेट जैसी स्क्रीन सामने आती है। इस डिजाइन का सबसे बड़ा फायदा बड़ी स्क्रीन है। वीडियो देखना, गेम खेलना और डॉक्यूमेंट पढ़ना आसान हो जाता है। मल्टीटास्किंग भी बेहतर होती है। एक साथ 2-3 ऐप्स चलाए जा सकते हैं। Samsung Galaxy Z Fold सीरीज इसी तरह के फोन का उदाहरण है। हालांकि, इसकी कीमत सामान्य स्मार्टफोन से ज्यादा होती है। फोन थोड़ा मोटा और भारी भी हो सकता है। फोल्डिंग स्क्रीन को संभालकर इस्तेमाल करना पड़ता है।
Flip Phone छोटा और जेब में रखने में आसान
Flip फोन पुराने फ्लिप मोबाइल की याद दिलाते हैं। फर्क इतना है कि आज इनमें स्मार्टफोन के फीचर्स मिलते हैं। ये ऊपर से नीचे की तरफ मुड़ते हैं। बंद करने पर फोन काफी छोटा हो जाता है। इसका सबसे बड़ा फायदा पोर्टेबिलिटी है। फोन आसानी से जेब में रखा जा सकता है। डिजाइन भी स्टाइलिश होता है। कुछ मॉडल में कवर स्क्रीन मिलती है। इससे फोन खोले बिना नोटिफिकेशन और दूसरी जरूरी जानकारी देख सकते हैं। Samsung Galaxy Z Flip और Motorola Razr इस डिजाइन के प्रमुख उदाहरण हैं, लेकिन यहां भी फोल्डिंग स्क्रीन सबसे बड़ी चिंता है। सामान्य फोन के मुकाबले कीमत ज्यादा हो सकती है। लंबे समय में स्क्रीन और हिंज की मजबूती भी अहम हो जाती है।
Tri-Fold में तीन हिस्सों में खुलेगी स्क्रीन
Tri-Fold तकनीक Fold और Flip से एक कदम आगे जाती है। इसमें स्क्रीन दो हिंज की मदद से तीन हिस्सों में मुड़ती है। खोलने पर यह एक बड़ी टैबलेट जैसी स्क्रीन में बदल जाती है। इस डिजाइन का मकसद बिना अलग टैबलेट रखे ज्यादा बड़ी स्क्रीन देना है। पूरी तरह खुलने पर स्क्रीन करीब 10 इंच तक पहुंच सकती है। ऐसे फोन उन लोगों के लिए खास हो सकते हैं जिन्हें काम, वीडियो और मल्टीटास्किंग के लिए बड़ी स्क्रीन चाहिए। हालांकि, Tri-Fold अभी नई तकनीक है। इसलिए इसकी कीमत, मोटाई और टिकाऊपन को लेकर सवाल बने हुए हैं। धूल या गिरने से नुकसान का जोखिम भी सामान्य फोन की तुलना में ज्यादा हो सकता है।
READ MORE: Motorola का स्लिम फोल्डेबल फोन, लॉन्च से पहले कीमत LEAK
Rollable Phone में नहीं दिखेगा स्क्रीन का क्रीज
Rollable फोन बाकी तीनों डिजाइन से अलग है। इसमें स्क्रीन बीच से नहीं मुड़ती। इसके बजाय मोटर की मदद से डिस्प्ले फोन के अंदर से बाहर की तरफ फैलती है। इस डिजाइन का सबसे बड़ा फायदा क्रीज नहीं होना है। Fold, Flip और Tri-Fold फोन में मुड़ने वाली जगह पर हल्की लाइन दिखाई दे सकती है। Rollable डिस्प्ले में यह समस्या नहीं होती। यह तकनीक अभी काफी नई है। इसका मकसद जरूरत के हिसाब से स्क्रीन का आकार बढ़ाना है। ऐसे फोन उन यूजर्स को पसंद आ सकते हैं जिन्हें फ्यूचरिस्टिक डिजाइन और बिना क्रीज वाली बड़ी स्क्रीन चाहिए।
Fold, Flip, Tri-Fold और Rollable में कौन बेहतर?
चारों डिजाइन का इस्तेमाल अलग जरूरत के हिसाब से किया जा सकता है।
- Fold: बड़ी स्क्रीन और मल्टीटास्किंग के लिए बेहतर।
- Flip: छोटा, स्टाइलिश और जेब में आसानी से रखने के लिए बेहतर।
- Tri-Fold: सबसे बड़ी स्क्रीन और टैबलेट जैसा अनुभव देने पर फोकस।
- Rollable: बिना क्रीज के स्क्रीन बढ़ाने वाली नई तकनीक।
अभी सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में फोल्डेबल फोन महंगे हैं। स्क्रीन भी ज्यादा नाजुक हो सकती है। वहीं Tri-Fold और Rollable तकनीक अभी शुरुआती दौर में हैं।
READ MORE: Xiaomi, Lava और Motorola के नए फोन खरीदें, जानें कीमत
Conclusion: फोल्डेबल फोन में आज कई विकल्प मौजूद हैं। लेकिन बेहतर फोन वही है जो आपकी जरूरत और बजट से मेल खाए। बड़ी स्क्रीन चाहिए तो Fold, कॉम्पैक्ट डिजाइन चाहिए तो Flip और नई तकनीक पसंद है, तो Tri-Fold या Rollable पर नजर रख सकते हैं।
सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले टॉप Top 5 FAQ
1. फोल्डेबल फोन क्या होता है?
फोल्डेबल फोन ऐसा स्मार्टफोन है जिसकी स्क्रीन को मोड़ा और खोला जा सकता है। इससे फोन में सामान्य स्मार्टफोन के साथ बड़ी स्क्रीन का अनुभव मिलता है।
2. Fold और Flip Phone में क्या अंतर है?
Fold फोन किताब की तरह बीच से खुलता है और बड़ी स्क्रीन देता है। Flip फोन ऊपर-नीचे की तरफ मुड़ता है और बंद होने पर काफी छोटा हो जाता है।
3. Tri-Fold Phone क्या होता है?
Tri-Fold Phone की स्क्रीन दो हिंज की मदद से तीन हिस्सों में मुड़ती है। पूरी तरह खुलने पर यह करीब 10 इंच की बड़ी स्क्रीन दे सकता है।
4. Rollable Phone क्या है?
Rollable Phone में स्क्रीन मुड़ने के बजाय फोन के अंदर से रोल होकर बाहर आती है। इसमें सामान्य Foldable फोन की तरह स्क्रीन पर क्रीज नहीं होती।
5. क्या फोल्डेबल फोन सामान्य फोन से बेहतर है?
जरूरी नहीं। फोल्डेबल फोन बड़ी स्क्रीन और मल्टीटास्किंग में बेहतर हो सकता है, लेकिन इसकी कीमत ज्यादा होती है। स्क्रीन और हिंज की मजबूती भी खरीदने से पहले ध्यान देने वाली बातें हैं।
