Study Abroad 2026: आज विदेश में पढ़ाई का फैसला सिर्फ अच्छी यूनिवर्सिटी या देश चुनने तक सीमित नहीं है। विदेश में पढ़ने की योजना बना रहे छात्रों को नौकरी, कुल खर्च, पढ़ाई की गुणवत्ता और आगे के अवसरों को भी ध्यान में रखना चाहिए। अभी कई भारतीय छात्र विदेश में पढ़ाई को करियर निवेश की तरह देख रहे हैं। IDP Education ने ऐसे छात्रों के लिए 5 अहम फैक्टर बताए हैं, जो अंतरराष्ट्रीय शिक्षा का बेहतर रिटर्न तय करने में मदद कर सकते हैं।
विदेश में पढ़ने का प्लान बना रहे हैं? जानिए विदेश में पढ़ाई से पहले करियर, खर्च, पढ़ाई, लाइफस्टाइल और आगे की पढ़ाई से जुड़ी 5 जरूरी बातें।
पढ़ाई के बाद नौकरी के मौके देखें
विदेश जाने से पहले यह जरूर देखें कि चुने गए कोर्स के बाद नौकरी के कितने अवसर हैं। इंटर्नशिप, इंडस्ट्री एक्सपोजर, करियर सर्विस और कंपनियों से यूनिवर्सिटी के संपर्क भी महत्वपूर्ण हैं। IDP Education की Emerging Futures 9 रिपोर्ट के मुताबिक, 41% भारतीय छात्र ग्रेजुएशन के बाद मिलने वाले करियर नतीजों को पैसे की सही कीमत का सबसे अहम पैमाना मानते हैं।
सिर्फ फीस नहीं, पूरा खर्च जोड़ें
Study Abroad का खर्च केवल ट्यूशन फीस तक सीमित नहीं रहता। इसमें रहने का खर्च, हेल्थ इंश्योरेंस, किताबें, जरूरी सामान और निजी खर्च भी शामिल होते हैं। शहर के हिसाब से खर्च काफी बदल सकता है। बड़े शहर आमतौर पर ज्यादा महंगे होते हैं। QS Global Student Flows के अनुसार, 67% छात्रों ने रहने की लागत को चिंता का विषय बताया है। इसलिए बजट पहले से बनाना जरूरी है।
READ MORE: भारत के टॉप IIIT कितने हैं? जानें फीस, एडमिशन और प्लेसमेंट
पढ़ाई कितनी उपयोगी है, यह भी देखें
अच्छी यूनिवर्सिटी का नाम काफी नहीं है। कोर्स में प्रैक्टिकल लर्निंग, रिसर्च, इंडस्ट्री से जुड़ाव और भविष्य की नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स भी होनी चाहिए। Emerging Futures 9 के अनुसार, 31% भारतीय छात्र पढ़ाने की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हैं। वहीं 27% छात्र इंडस्ट्री से जुड़ी स्किल्स को जरूरी मानते हैं।
रहने की जगह और सपोर्ट भी जरूरी
विदेश में पढ़ाई का अनुभव सिर्फ क्लासरूम तक सीमित नहीं होता। सुरक्षित माहौल, मानसिक और व्यक्तिगत मदद, सांस्कृतिक विविधता और भारतीय छात्रों की कम्युनिटी नए देश में एडजस्ट होने में मदद करती है। ऐसा माहौल छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान देने और नए लोगों से जुड़ने में मदद करता है। इससे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क भी तैयार हो सकता है।
READ MORE: ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के लिए मिलेंगे लाखों रुपये!
आगे की पढ़ाई के रास्ते खुले हैं या नहीं?
कई छात्रों के लिए विदेश की एक डिग्री आखिरी पड़ाव नहीं होती। इसलिए ऐसी यूनिवर्सिटी और देश चुनना फायदेमंद हो सकता है, जहां आगे स्पेशलाइजेशन, पोस्टग्रेजुएशन, रिसर्च या डॉक्टरेट के अवसर मिलें।
