WhatsApp AI: दिल्ली के AI स्टार्टअप Braneum ने Kara AI लॉन्च किया है। यह AI चीफ ऑफ स्टाफ WhatsApp के अंदर काम करता है और टास्क, रिमाइंडर, फॉलो-अप और टीम के काम का हिसाब रखता है। Kara को 28 जुलाई 2026 को भारत में लॉन्च किया गया। इसे अलग ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं है। यह व्यक्ति, स्टार्टअप और बिजनेस टीमों के लिए बनाया गया है।
Kara AI अब WhatsApp पर काम संभालेगा, जानें कैसे यह AI टास्क, रिमाइंडर, फॉलो-अप और टीम की गतिविधियों को ट्रैक कर सकता है।
Kara AI WhatsApp पर क्या-क्या करेगा?
Kara WhatsApp के जरिए काम करता है और इंग्लिश, हिन्दी और हिंग्लिश को सपोर्ट करता है। यह सुबह की ब्रीफिंग और दिन खत्म होने पर काम का सारांश भेज सकता है। AI ईमेल से जुड़ी जरूरी जानकारी भी निकाल सकता है। इसके अलावा टास्क और फॉलो-अप याद दिलाता है। टीम के सदस्यों ने किस काम का वादा किया है, Kara उसे भी ट्रैक कर सकता है। इसका खास फीचर साझा टीम मेमोरी है। यानी हर चैट को अलग बातचीत मानने के बजाय Kara चल रहे काम का बड़ा संदर्भ याद रखने की कोशिश करता है।
बिना पूछे रिमाइंडर भेजेगा Kara AI
Kara को सामान्य चैटबॉट से अलग एक सक्रिय AI के तौर पर पेश किया गया है। इसका मतलब है कि हर बार नया सवाल पूछने का इंतजार नहीं करना होगा। कंपनी के मुताबिक, Kara जरूरत पड़ने पर खुद अपडेट या रिमाइंडर भेज सकता है। Braneum इसे ‘व्यवहारपरक विवेक’ कहता है। इसका उद्देश्य यह तय करना है कि AI को कब कार्रवाई करनी चाहिए, कब मंजूरी लेनी चाहिए और कब चुप रहना बेहतर है। Braneum के फाउंडर और चीफ प्रोडक्ट आर्किटेक्ट Kumar Abhishek के मुताबिक, मौजूदा AI असिस्टेंट बातचीत खत्म होते ही संदर्भ भूल जाते हैं। Kara को पूरे टीम के काम का संदर्भ याद रखने के लिए बनाया गया है।
READ MORE: चीन ने बनाया AI समाज, 1 अरब एजेंट बदलेंगे राय
Kara AI की कीमत और उपलब्धता
Kara फिलहाल भारत में व्यक्तिगत यूजर्स और टीमों के लिए उपलब्ध है। कंपनी पहला 1 महीना मुफ्त दे रही है। इसके बाद यूजर्स व्यक्तिगत या टीम सब्सक्रिप्शन ले सकते हैं। हालांकि, Braneum ने अभी विस्तृत सब्सक्रिप्शन कीमत साझा नहीं की है। कंपनी का कहना है कि यूजर AI की ओर से होने वाली कार्रवाई पर नियंत्रण रखेंगे। Braneum यह भी कहता है कि ग्राहकों के डेटा का इस्तेमाल AI मॉडल को ट्रेन करने के लिए नहीं किया जाता।
READ MORE: यात्रियों के खर्च का हिसाब अब AI संभालेगा, जानें कैसे
Kara AI ऐसे समय आया है जब कंपनियां साधारण चैटबॉट से आगे बढ़कर काम संभालने वाले AI एजेंट पर ध्यान दे रही हैं। WhatsApp पर काम करने की वजह से Kara का इस्तेमाल आम यूजर्स और छोटी टीमों के लिए आसान हो सकता है।
