SpaceX Stock: अभी बाजार की नजर 20 अगस्त पर है। इस दिन कंपनी के शुरुआती कर्मचारियों और निवेशकों के करीब 319 मिलियन शेयर ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। इससे पहले SPCX शेयर करीब 143.34 डॉलर पर बंद हुआ था। SpaceX ने जून में 135 डॉलर प्रति शेयर के भाव पर IPO किया था। कंपनी के शेयर 12 जून 2026 से Nasdaq पर SPCX नाम से कारोबार कर रहे हैं। IPO से कंपनी ने करीब 85.7 अरब डॉलर जुटाए थे।
SPCX शेयरों के लिए 20 अगस्त अहम है, करीब 319 मिलियन शेयर बाजार में आ सकते हैं।
SpaceX SPCX Share Unlock क्या है?
ज्यादातर कंपनियों में IPO के बाद शुरुआती निवेशकों और कर्मचारियों के शेयर कुछ समय के लिए लॉक रहते हैं। तय समय पूरा होने के बाद ये शेयर बेचने के लिए उपलब्ध हो जाते हैं। इसे लॉकअप एक्सपायरी या शेयर अनलॉक कहा जाता है। SpaceX ने इसके लिए एक अलग व्यवस्था अपनाई है। कंपनी के सभी प्रतिबंधित शेयर एक साथ बाजार में नहीं आ रहे। इन्हें अलग-अलग चरणों में ट्रेडिंग के लिए खोला जा रहा है। पहड़ा बड़ा अनलॉक 6 अगस्त को हुआ था। उस दिन करीब 911.5 मिलियन शेयर बेचने के लिए उपलब्ध हुए। यह 180 दिन वाले प्रतिबंधित शेयरों के ब्लॉक का करीब 20% था। अगला बड़ा चरण अब 20 अगस्त को है, जब करीब 319 मिलियन शेयर खुलेंगे।
6 अगस्त के बड़े अनलॉक से क्या हुआ?
बाजार को डर था कि 911 मिलियन से ज्यादा शेयर खुलने के बाद SPCX में बड़ी गिरावट आ सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उल्टा, अनलॉक वाले दिन शेयर करीब 6% चढ़ गया। इसके बाद भी तेजी देखने को मिली। शेयर ने लॉकअप वाले सप्ताह के निचले स्तर से 26% से ज्यादा की रिकवरी की और 10 अगस्त को पहली बार फिर अपने 135 डॉलर IPO भाव से ऊपर बंद हुआ। इससे एक अहम बात सामने आई। किसी शेयर के बेचने के लिए उपलब्ध होने का मतलब यह नहीं है कि मालिक उसे तुरंत बेच देगा। कई शुरुआती निवेशक लंबे समय तक शेयर अपने पास रख सकते हैं। इसी वजह से बाजार में उपलब्ध शेयरों की संख्या बढ़ने के बावजूद वास्तविक बिकवाली सीमित रह सकती है।
READ MORE: MSTR पर चानोस का दावा, Bitcoin में 80 अरब डॉलर का मौका?
20 अगस्त को कितना बड़ा होगा दबाव?
20 अगस्त का अनलॉक करीब 319 मिलियन शेयरों का है। यह 6 अगस्त को खुले करीब 911 मिलियन शेयरों के मुकाबले लगभग एक-तिहाई है इसलिए पहली नजर में इसका दबाव कम दिखता है। लेकिन निवेशकों के लिए तस्वीर पूरी तरह आसान नहीं है। आने वाले महीनों में कई और चरणों में शेयर बाजार में आ सकते हैं। SpaceX के 180 दिन वाले बड़े लॉकअप की पूरी अवधि 8 दिसंबर 2026 को खत्म होगी। वहीं CEO Elon Musk के करीब 6.4 अरब शेयर पूरे एक साल के लिए लॉक हैं। ये शेयर जून 2027 तक जल्दी ट्रेडिंग के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।
एक और करीब 455.8 मिलियन शेयरों का ब्लॉक भी है। इसे समय से पहले खोलने के लिए शेयर को 175.50 डॉलर से ऊपर, यानी IPO कीमत से कम से कम 30% ज्यादा, 10 में से 5 कारोबारी दिनों तक बंद होना था। यह शर्त पूरी नहीं हुई। इसलिए ये शेयर अभी लॉक हैं और दिसंबर की अवधि तक जा सकते हैं।
SpaceX शेयर पर निवेशकों की नजर क्यों?
SPCX अभी भी काफी उतार-चढ़ाव वाला शेयर है। IPO के बाद इसकी कीमत 225 डॉलर से ऊपर गई थी और बाद में 105 डॉलर से नीचे भी आई। अब शेयर फिर IPO कीमत से ऊपर कारोबार कर रहा है। बाजार में SpaceX की भविष्य की कमाई को लेकर भी काफी चर्चा है। कंपनी की ग्रोथ में Starship, Starlink और AI से जुड़ी योजनाएं अहम मानी जा रही हैं। हाल में कंपनी ने AI- Coding कंपनी Cursor यानी Anysphere का अधिग्रहण भी पूरा किया। इसके लिए करीब 389 मिलियन नए Class A शेयर जारी किए गए। ये शेयर मौजूदा लॉकअप से अलग हैं, लेकिन लंबे समय में कुल उपलब्ध शेयरों की संख्या बढ़ा सकते हैं।
READ MORE: करोड़ों साइबर फ्रॉड का खुलासा, क्रिप्टो नेटवर्क ने मचाई हलचल
आगे क्या देखना होगा?
20 अगस्त का शेयर अनलॉक SpaceX के लिए कोई एक दिन का फैसला नहीं है। यह कई महीनों तक चलने वाली प्रक्रिया का अगला चरण है। 6 अगस्त का बड़ा अनलॉक बिना बड़ी गिरावट के निकलना शेयरधारकों के लिए सकारात्मक संकेत रहा। लेकिन आगे और शेयर खुलने वाले हैं। इसलिए असली सवाल यह होगा कि बाजार की मांग बढ़ती हुई सप्लाई को कितनी आसानी से संभाल पाती है।
