Crypto Cold Wallet: क्या आपका क्रिप्टो वॉलेट खो जाए तो उसमें रखे लाखों रुपये भी डूब जाएंगे? जरूरी नहीं! क्रिप्टोकरेंसी को सुरक्षित रखने वाले कोल्ड वॉलेट का डिवाइस खोने या खराब होने पर भी पैसा वापस मिल सकता है। लेकिन अगर इसकी रिकवरी फ्रेज (Recovery Phrase) भी खो गई, तो आपकी पूरी क्रिप्टो होल्डिंग हमेशा के लिए फंस सकती है। BitDelta India के CEO विकास एम सचदेवा ने निवेशकों को इस खतरे को लेकर सावधान किया है।
Crypto Wallet खो गया तो क्या डूब जाएगी आपकी पूरी कमाई? जानें बचने का तरीका
कोल्ड वॉलेट खोने पर क्या क्रिप्टो वापस मिल सकती है?
कोल्ड वॉलेट में क्रिप्टोकरेंसी वास्तव में स्टोर नहीं होती। आपकी डिजिटल संपत्ति ब्लॉकचेन पर रहती है। वॉलेट में केवल वे प्राइवेट कीज होती हैं, जिनकी मदद से आप अपनी क्रिप्टो तक पहुंचते हैं। अगर आपका वॉलेट खो जाता है या खराब हो जाता है, तो रिकवरी फ्रेज की मदद से दूसरे संगत वॉलेट में अपनी संपत्ति वापस पा सकते हैं, लेकिन डिवाइस और रिकवरी फ्रेज दोनों खोने पर क्रिप्टो तक पहुंच हमेशा के लिए खत्म हो सकती है।
Recovery Phrase क्यों है सबसे ज्यादा जरूरी?
विकास एम सचदेवा के मुताबिक, रिकवरी फ्रेज क्रिप्टो निवेश की सबसे अहम सुरक्षा चाबी है। जिसके पास यह फ्रेज होगी, वह आपके क्रिप्टो होल्डिंग्स तक पहुंच बना सकता है, इसलिए इसे सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। इसे किसी के साथ शेयर न करें। मोबाइल या कंप्यूटर में इसका स्क्रीनशॉट न रखें। इसे इंटरनेट से दूर किसी सुरक्षित जगह पर लिखकर रखें। अगर डिवाइस आपके पास है, लेकिन रिकवरी फ्रेज खो गई है, तो नया वॉलेट बनाकर नई रिकवरी फ्रेज तैयार करने का विकल्प हो सकता है। हालांकि, पुराना वॉलेट रीसेट करने से पहले नए बैकअप को अच्छी तरह जांचना जरूरी है।
READ MORE: Bitcoin माइनिंग से कमाई घटी, IREN के शेयरों में भूचाल
बड़े निवेशकों के लिए क्रिप्टो सुरक्षा की चुनौती
संस्थागत निवेशकों के लिए क्रिप्टो की सुरक्षा सिर्फ ऑफलाइन स्टोरेज तक सीमित नहीं है। उन्हें यह भी तय करना होता है कि कौन व्यक्ति लेनदेन शुरू करेगा और किसकी मंजूरी के बाद पैसा ट्रांसफर होगा। Liminal Custody के इंडिया हेड मनहर गरेग्रेट के मुताबिक, संस्थागत स्तर पर सुरक्षित की मैनेजमेंट, कई स्तरों पर मंजूरी और जिम्मेदारियों का बंटवारा जरूरी है। इसके लिए मल्टी-पार्टी कंप्यूटेशन (MPC) और हार्डवेयर सिक्योरिटी मॉड्यूल (HSM) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जाता है। ये तकनीकें सुरक्षा बढ़ाती हैं। हालांकि, इनके साथ सही नियम और जवाबदेही भी जरूरी है।
READ MORE: आपका क्रिप्टो डेटा कितना सुरक्षित? पासवर्ड और टोकन हुए एक्सपोज
क्रिप्टो निवेशक इन 7 बातों का रखें ध्यान
क्रिप्टो में निवेश करने वालों को कुछ जरूरी सावधानियां हमेशा याद रखनी चाहिए:
- रिकवरी फ्रेज सुरक्षित रखें: इसे कागज पर लिखकर किसी सुरक्षित ऑफलाइन जगह पर रखें।
- किसी से शेयर न करें: रिकवरी फ्रेज का स्क्रीनशॉट या डिजिटल कॉपी न बनाएं।
- असली वॉलेट खरीदें: हार्डवेयर वॉलेट हमेशा कंपनी या अधिकृत विक्रेता से लें।
- ट्रांजैक्शन जांचें: पैसा भेजने से पहले डिवाइस की स्क्रीन पर रिसीवर का वॉलेट एड्रेस जरूर देखें।
- बैकअप तैयार रखें: डिवाइस खोने या खराब होने की स्थिति में रिकवरी फ्रेज उपलब्ध होनी चाहिए।
- रीसेट करने में जल्दबाजी न करें: नया बैकअप तैयार करने के बाद उसे अच्छी तरह जांचें।
- संस्थानों में मंजूरी के नियम बनाएं: लेनदेन के लिए कई स्तरों पर मंजूरी और रिकवरी की व्यवस्था रखें।
कोल्ड वॉलेट इंटरनेट से जुड़े खतरों को कम करता है, लेकिन यह पूरी तरह जोखिम मुक्त नहीं है। क्रिप्टो निवेशकों को डिवाइस के साथ अपनी रिकवरी फ्रेज की सुरक्षा पर भी बराबर ध्यान देना चाहिए। एक छोटी सी लापरवाही आपकी पूरी डिजिटल संपत्ति को हमेशा के लिए खो सकती है।
DISCLAIMER: यह खबर केवल जानकारी देने के उद्देश्य से लिखी गई है। इसमें दी गई जानकारी को निवेश की सलाह न समझें। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश जोखिम भरा हो सकता है। निवेश करने से पहले अपनी पूरी जानकारी जुटाएं और विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
