OpenAI AI Hardware: क्या आने वाले समय में स्मार्टफोन की जगह एक ऐसा AI डिवाइस ले सकता है, जिसमें स्क्रीन ही न हो? OpenAI AI Device को लेकर आई ताज़ा रिपोर्ट कुछ ऐसा ही इशारा करती है। बताया जा रहा है कि कंपनी अपने पहले कंज्यूमर हार्डवेयर पर काम कर रही है, जो ChatGPT के साथ गहराई से जुड़ा होगा और इंसानों की तरह बातचीत कर सकेगा।
क्या भविष्य में स्क्रीन वाले डिवाइस की जरूरत कम हो जाएगी? OpenAI का नया AI डिवाइस ChatGPT के साथ गहराई से जुड़कर यूजर्स को बिल्कुल नया अनुभव देने की तैयारी में है।
स्क्रीन नहीं, बातचीत होगी सबसे बड़ी खासियत
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI का यह डिवाइस पारंपरिक स्मार्ट स्पीकर या स्मार्टफोन जैसा नहीं होगा। इसमें स्क्रीन नहीं होगी, लेकिन यह यूजर से प्राकृतिक तरीके से बातचीत कर सकेगा। रिपोर्ट में इसे ‘ह्यूमनलाइक AI कंपैनियन’ बताया गया है, जिसे खास तौर पर घर में इस्तेमाल करने के लिए तैयार किया जा रहा है। कहा जा रहा है कि यह डिवाइस समय के साथ यूजर की पसंद और जरूरतों को समझेगा और उसी हिसाब से जवाब देगा। इसकी सबसे बड़ी ताकत ChatGPT के साथ गहरा इंटीग्रेशन होगी।
ईमेल समझने और प्रतिक्रिया देने की भी क्षमता
रिपोर्ट के अनुसार, यह AI डिवाइस यूजर के ईमेल जैसी निजी जानकारी को समझकर ज्यादा सटीक जवाब देने में सक्षम हो सकता है। हालांकि, OpenAI ने अभी तक इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि डिवाइस में कुछ मैकेनिकल मूवमेंट हो सकते हैं। यानी यह सिर्फ आवाज़ से जवाब नहीं देगा, बल्कि अपनी हरकतों से भी प्रतिक्रिया दे सकता है। इससे यूजर को यह किसी डिजिटल साथी जैसा अनुभव दे सकता है।
READ MORE: Claude AI ने भारत में लॉन्च किए नए प्लान, जानें कीमतें
Apple से कानूनी विवाद के बीच बड़ा कदम
OpenAI का यह प्रोजेक्ट ऐसे समय सामने आया है, जब कंपनी हार्डवेयर डेवलपमेंट को लेकर कानूनी विवाद का सामना कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने OpenAI पर ट्रेड सीक्रेट से जुड़े आरोप लगाए हैं। हालांकि, OpenAI ने इन आरोपों से इनकार किया है। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट में Apple के पूर्व इंजीनियर भी शामिल रहे हैं, जिन्होंने पहले iPhone और Mac जैसे प्रोडक्ट्स पर काम किया था।
READ MORE: न्यूयॉर्क का बड़ा फैसला, AI डेटा सेंटर निर्माण पर लगी रोक
अगर OpenAI का यह AI डिवाइस सफल होता है, तो लोगों के AI इस्तेमाल करने का तरीका बदल सकता है। हालांकि, फिलहाल कंपनी ने इसकी लॉन्च डेट या आधिकारिक फीचर्स की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में इसे अभी शुरुआती चरण का प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
