Instagram Plus: Meta ने Instagram के लिए एक नया पेड सब्सक्रिप्शन ‘Instagram Plus’ लॉन्च किया है। यह एक प्रीमियम टियर है, जिसे खास तौर पर उन यूजर्स के लिए बनाया गया है जो प्लेटफॉर्म पर ज्यादा कस्टमाइजेशन, बेहतर ऑडियंस इनसाइट्स और एडवांस स्टोरी फीचर्स चाहते हैं। कंपनी ने साफ किया है कि Instagram का बेसिक अनुभव पहले की तरह पूरी तरह फ्री रहेगा।
Meta ने Instagram Plus लॉन्च किया है, जो एक पेड सब्सक्रिप्शन है जिसमें यूजर्स को एडवांस स्टोरी फीचर्स, कस्टमाइजेशन और बेहतर ऑडियंस इनसाइट्स मिलेंगे।
कीमत और सब्सक्रिप्शन डिटेल्स
Instagram Plus एक लो-कॉस्ट प्रीमियम एड-ऑन के रूप में पेश किया गया है। भारत में इसकी कीमत 99 रुपये प्रति माह रखी गई है। हालांकि, लॉन्च ऑफर के तहत यूजर्स को पहले 6 महीनों तक इसे 49 रुपये प्रति माह में सब्सक्राइब करने का मौका मिलेगा। Meta ने कहा है कि यह सब्सक्रिप्शन उन लोगों के लिए है जो स्टैंडर्ड ऐप से आगे जाकर अतिरिक्त टूल्स और फीचर्स का इस्तेमाल करना चाहते हैं।
स्टोरी फीचर्स होंगे सबसे खास हिस्सा
Instagram Plus का सबसे बड़ा फोकस Stories पर रखा गया है। इसमें कई नए और एडवांस फीचर्स जोड़े गए हैं। सब्सक्राइबर्स अब अपनी Stories को 24 घंटे की बजाय 48 घंटे तक लाइव रख सकेंगे। इसे ‘Story Extend’ फीचर कहा गया है। इसके अलावा ‘Story Spotlight’ फीचर मिलेगा, जिससे हर हफ्ते एक Story को फॉलोअर्स की फीड में खास जगह दी जाएगी, जिससे उसकी विजिबिलिटी बढ़ सकती है। यूजर्स अब अनलिमिटेड कस्टम स्टोरी ऑडियंस ग्रुप बना सकेंगे, जो मौजूदा Close Friends फीचर से आगे है। एक और फीचर ‘Story Preview’ है, जिससे यूजर बिना तुरंत रिएक्शन दिए स्टोरी को पहले देख सकेंगे।
एडवांस एनालिटिक्स और प्राइवेसी फीचर्स
Instagram Plus में Story Analytics को भी काफी अपग्रेड किया गया है। अब यूजर्स यह देख सकते हैं कि किसने उनकी Story देखी है और किसी खास व्यक्ति को सर्च भी कर सकते हैं। इसके साथ ‘Story Rewatch Insights’ मिलेगा, जिससे पता चलेगा कि किसी Story को कितनी बार दोबारा देखा गया है। एक खास फीचर ‘Ghost Mode’ भी दिया गया है, जिसमें यूजर बिना नाम दिखाए Stories देख सकते हैं।
READ MORE: ‘Cockroach’ इंटरनेट पर सुपरहिट! Instagram पर क्यों जुड़ रहे लोग?
कस्टमाइजेशन और प्रोफाइल कंट्रोल
Instagram Plus में कस्टमाइजेशन पर भी काफी ध्यान दिया गया है। यूजर्स अब अपने ऐप आइकन को बदल सकते हैं और प्रोफाइल बायो में अलग-अलग फॉन्ट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा प्रोफाइल पर पोस्ट पिन करने की लिमिट बढ़ा दी गई है, जिससे अब यूजर 6 पोस्ट तक पिन कर सकते हैं। एक और फीचर के तहत यूजर बिना फीड में दिखाए सीधे अपने प्रोफाइल या हाइलाइट्स में पोस्ट डाल सकते हैं।
किसके लिए है यह प्लान?
Instagram Plus खास तौर पर क्रिएटर्स, इन्फ्लुएंसर्स, छोटे बिजनेस और पावर यूजर्स के लिए बनाया गया है। जो लोग लगातार Stories का इस्तेमाल करते हैं और ऑडियंस एंगेजमेंट को ट्रैक करते हैं, उनके लिए यह ज्यादा उपयोगी हो सकता है। वहीं सामान्य यूजर्स, जो सिर्फ कंटेंट देखते हैं या कभी-कभी पोस्ट करते हैं, उनके लिए फ्री वर्जन ही पर्याप्त रहेगा।
READ MORE: Meta ने लॉन्च किया Forum, जानें क्या है खास?
ग्लोबल रोलआउट और आगे की प्लानिंग
Meta ने बताया है कि Instagram Plus को आज से ग्लोबली रोलआउट किया जा रहा है। कंपनी आगे चलकर इस सब्सक्रिप्शन में और भी प्रीमियम फीचर्स जोड़ने की योजना बना रही है, ताकि यूजर्स को और बेहतर एक्सपीरियंस मिल सके।
