Free AI Courses: Anthropic ने Coursera के साथ मिलकर 10 नए फ्री AI कोर्सज पेश किए हैं। इन कोर्स की मदद से छात्र, नौकरीपेशा लोग, डेवलपर्स, शिक्षक और बिजनेस चलाने वाले लोग AI की बारीकियां सीख सकते हैं। खास बात यह है कि इनमें शुरुआती लोगों से लेकर एडवांस लेवल तक के लिए कोर्स शामिल हैं। 5 अक्टूबर को Anthropic और Coursera ने इन 10 नए कोर्स का ऐलान किया था। इनमें AI की बुनियादी जानकारी, Claude टूल का इस्तेमाल, कोडिंग, AI एजेंट, बिजनेस और क्रिएटिव काम से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती है। इन कोर्स का मकसद लोगों को सिर्फ AI के बारे में बताना नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम में इसका सही इस्तेमाल सिखाना भी है।
Anthropic के 10 फ्री AI Courses: बिना पैसे खर्च किए सीखें AI स्किल्स, जानें पूरी लिस्ट।
Anthropic के 10 फ्री AI Courses की पूरी लिस्ट
Anthropic के इन कोर्स में अलग-अलग काम और जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। अगर आप पहली बार AI सीख रहे हैं, तो भी आपके पास शुरुआत करने का मौका है। वहीं, टेक्निकल फील्ड में काम करने वाले लोग एडवांस टूल्स की जानकारी ले सकते हैं।
- AI Capabilities and Limitations
यह कोर्स AI सीखने वाले नए लोगों के लिए अच्छा विकल्प है। इसकी अवधि करीब 4 घंटे है। इसमें बताया जाता है कि Large Language Models यानी LLM कैसे काम करते हैं और उनकी क्या सीमाएं हैं। इसमें AI की मेमोरी, कॉन्टेक्स्ट लिमिट और जवाबों की सटीकता जांचने के तरीके भी सिखाए जाते हैं। इससे यूजर्स समझ सकते हैं कि AI पर कब भरोसा करना चाहिए और कब उसके जवाब की जांच जरूरी है।
- Claude Code 101
यह करीब 2 घंटे का कोर्स डेवलपर्स और कोडिंग में दिलचस्पी रखने वालों के लिए है। इसमें Claude की मदद से कोड लिखना, सॉफ्टवेयर से जुड़े काम करना और AI एजेंट का इस्तेमाल करना सिखाया जाता है। इसमें Subagents के बारे में भी जानकारी मिलती है। हालांकि, इसके प्रैक्टिकल इस्तेमाल के लिए पेड Claude प्लान या API Key की जरूरत पड़ सकती है।
- Claude Platform 101
इस कोर्स की अवधि करीब 1.5 घंटे है। इसमें Claude API की मदद से AI आधारित ऐप और डिजिटल प्रोडक्ट बनाना सिखाया जाता है। डेवलपर्स इसमें API वर्कफ्लो, एजेंट लूप और प्रोडक्ट डेवलपमेंट की जानकारी हासिल कर सकते हैं। वेबसाइट या सॉफ्टवेयर में AI फीचर जोड़ने वालों के लिए यह उपयोगी है।
- Introduction to Subagents
यह सिर्फ 45 मिनट का छोटा कोर्स है। इसमें बताया जाता है कि Claude किसी बड़े काम को छोटे-छोटे हिस्सों में कैसे बांट सकता है। इसके बाद अलग-अलग Subagents को खास जिम्मेदारी दी जाती है। सभी एजेंट अपना काम पूरा करते हैं और Claude उनके नतीजों को जोड़ता है। इससे मुश्किल काम आसान हो सकते हैं।
- Introduction to Agent Skills
करीब 1 घंटे के इस कोर्स में AI एजेंट को बेहतर तरीके से काम करने के निर्देश देना सिखाया जाता है। इसमें बताया जाता है कि दोबारा किए जाने वाले कामों के लिए निर्देश और जरूरी जानकारी कैसे तैयार करें। इससे AI एक ही तरह के काम को बार-बार ज्यादा बेहतर और एक समान तरीके से कर सकता है।
- AI Fluency for Small Businesses
यह करीब 4 घंटे का कोर्स छोटे कारोबारियों और उद्यमियों के लिए है। इसमें ग्राहक सेवा, बिजनेस रिसर्च, रोजमर्रा के काम, सप्लाई चेन और बिजनेस से जुड़े फैसलों में AI का इस्तेमाल समझाया जाता है। छोटे कारोबारी इसकी मदद से समय बचाने और काम को आसान बनाने के तरीके सीख सकते हैं।
- AI Fluency for Builders
यह कोर्स उन लोगों के लिए है जो नए डिजिटल प्रोडक्ट और सेवाएं बनाते हैं। इसमें प्रोडक्ट तैयार करने के हर चरण में AI की मदद लेने के तरीके बताए जाते हैं। इसमें किसी समस्या को समझने, नए आइडिया खोजने और प्रोडक्ट को बेहतर बनाने तक की जानकारी मिलती है। प्रोडक्ट मैनेजर, इंजीनियर और स्वतंत्र रूप से काम करने वाले क्रिएटर्स इससे फायदा उठा सकते हैं।
- AI Fluency for Creative Work
डिजाइनर, लेखक, कलाकार और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए यह कोर्स खास है। इसमें रिसर्च, नए आइडिया और क्रिएटिव काम में AI की मदद लेना सिखाया जाता है। साथ ही मौलिकता और अपने काम पर इंसान के नियंत्रण जैसे जरूरी मुद्दों पर भी बात होती है। इसका मकसद AI को एक मददगार टूल बनाना है, न कि इंसानी सोच का विकल्प।
- AI Fluency for PK-12 Educators
करीब 4 घंटे का यह कोर्स स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें AI की मदद से पढ़ाई का मटेरियल तैयार करना, बच्चों के हिसाब से पाठ बदलना और उनकी जरूरतों के मुताबिक सीखने में मदद करना सिखाया जाता है। इसके अलावा, AI से तैयार जानकारी की जांच और छात्रों के डेटा की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया है।
READ MORE: Claude AI क्या है और यह कैसे काम करता है?
- AI Fluency for PK-12 Train the Trainer
यह कोर्स उन लोगों के लिए है जो दूसरे शिक्षकों को AI की ट्रेनिंग देना चाहते हैं। इसमें वर्कशॉप आयोजित करने, प्रेजेंटेशन तैयार करने और क्लासरूम में अभ्यास कराने के तरीके बताए जाते हैं। स्कूलों और शिक्षा संस्थानों में AI की सही जानकारी फैलाने वाले लोगों के लिए यह उपयोगी है।
किसे कौन-सा AI Course करना चाहिए?
अगर आप पहली बार AI सीख रहे हैं, तो AI Capabilities and Limitations और Claude 101 से शुरुआत कर सकते हैं। डेवलपर्स के लिए Claude Code 101, Claude Platform 101 और Introduction to Agent Skills बेहतर विकल्प हैं। वहीं, छोटे कारोबारियों को AI Fluency for Small Businesses चुनना चाहिए। शिक्षक और कंटेंट क्रिएटर्स अपनी जरूरत के हिसाब से शिक्षा और क्रिएटिव वर्क वाले कोर्स कर सकते हैं।
READ MORE: Anthropic का Claude Opus 5 लॉन्च, Coding में मचाई हलचल
फ्री AI कोर्सेज से कैसे मिलेगा फायदा?
Anthropic के ये कोर्स AI की जानकारी के साथ प्रैक्टिकल स्किल्स सीखने का मौका देते हैं। इनसे आप समझ सकते हैं कि AI टूल्स कैसे काम करते हैं और अपने काम में उनका सही इस्तेमाल कैसे किया जाए। हालांकि, सिर्फ कोर्स पूरा करना काफी नहीं होगा। सीखी हुई चीजों को किसी छोटे प्रोजेक्ट में आजमाना भी जरूरी है। इससे आपकी जानकारी एक उपयोगी स्किल में बदल सकती है और आने वाले समय में नौकरी तथा बिजनेस के नए अवसर तलाशने में मदद मिल सकती है।
