upi payment

UPI से पैसे कैसे भेजें और प्राप्त करें?

15 mins read
1 views
October 8, 2026

Paytm से UPI पेमेंट करना काफी आसान है, जानिए पैसे भेजने और पाने के स्टेप्स, UPI PIN की सुरक्षा के जरूरी टिप्स।

UPI Money Transfer : आज के समय में पैसे भेजने के लिए बैंक जाने या लंबी प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं है। Unified Payments Interface (UPI) की मदद से आप अपने स्मार्टफोन से कुछ ही सेकंड में पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं। UPI एक रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम है, जो सीधे बैंक खातों के बीच पैसे ट्रांसफर करता है। इसके लिए बैंक खाते को UPI ID, मोबाइल नंबर या QR कोड से जोड़ा जाता है। खास बात यह है कि हर बार बैंक अकाउंट नंबर शेयर करने की जरूरत नहीं पड़ती। UPI से पैसे भेजने के अलावा बिल भरना, मोबाइल रिचार्ज और रोजमर्रा के भुगतान भी किए जा सकते हैं।

UPI से पैसे भेजने के कौन-कौन से तरीके हैं?

UPI के जरिए पैसे भेजने के लिए आपके पास कई विकल्प होते हैं। आप सामने वाले की UPI ID, मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट की जानकारी या QR कोड का इस्तेमाल कर सकते हैं।

UPI ID से पैसे भेजें

अगर आपके पास सामने वाले की UPI ID है, तो Paytm जैसे ऐप से आसानी से पैसे भेज सकते हैं।

  • Paytm ऐप खोलें।
  • होम स्क्रीन पर ‘To UPI ID or Bank A/c’ पर टैप करें।
  • सामने वाले की UPI ID डालें।
  • जितनी रकम भेजनी है, वह दर्ज करें।
  • जरूरत हो तो नोट लिखें और ‘Proceed’ पर टैप करें।
  • अपना UPI PIN डालकर भुगतान पूरा करें।

पेमेंट पूरा होते ही रकम सामने वाले के UPI से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर हो जाती है।

मोबाइल नंबर से भी भेज सकते हैं पैसे

अगर सामने वाले का मोबाइल नंबर UPI से जुड़ा है, तो नंबर के जरिए भी भुगतान किया जा सकता है। Paytm खोलकर ‘To Mobile or Contact’ विकल्प चुनें। इसके बाद मोबाइल नंबर डालें या कॉन्टैक्ट लिस्ट से व्यक्ति को चुनें। रकम दर्ज करके ‘Pay’ पर टैप करें। इसके बाद UPI PIN डालते ही भुगतान पूरा हो जाएगा।

बैंक अकाउंट में सीधे पैसे भेजने का तरीका

अगर आपके पास सामने वाले की UPI ID नहीं है, तो बैंक अकाउंट के जरिए पैसे भेज सकते हैं। Paytm में ‘To UPI ID or Bank A/c’ चुनें और फिर Bank Account विकल्प पर जाएं। अब प्राप्तकर्ता का बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड डालें। स्क्रीन पर दिख रहे अकाउंट होल्डर के नाम को ध्यान से जांचें। इसके बाद रकम डालें और UPI PIN की मदद से भुगतान कन्फर्म करें।

QR कोड स्कैन करके कैसे भेजें पैसे?

दुकान, रेस्टोरेंट या किसी व्यक्ति को QR कोड के जरिए भुगतान करना भी काफी आसान है। Paytm ऐप खोलें और ‘Scan & Pay’ पर टैप करें। सामने वाले का UPI QR कोड स्कैन करें। अब स्क्रीन पर दिखाई गई जानकारी और रकम को जांचें। रकम दर्ज या कन्फर्म करने के बाद UPI PIN डालें। भुगतान तुरंत पूरा हो जाएगा।

READ MORE : UPI पर MDR की चर्चा तेज, जानें ग्राहकों पर असर कितना

UPI से पैसे कैसे रिसीव करें?

UPI से पैसे पाने के लिए आपको अपना UPI ID, QR कोड या बैंक से जुड़ा मोबाइल नंबर पैसे भेजने वाले व्यक्ति के साथ शेयर करना होता है। रकम सीधे आपके बैंक खाते में जमा हो जाती है। पैसे रिसीव करने के लिए आपको अपना UPI PIN दर्ज करने की जरूरत नहीं होती। UPI PIN भुगतान को मंजूरी देने के लिए होता है, पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं।

पैसे पाने के मुख्य तरीके

  • UPI ID शेयर करें: अपने भुगतान ऐप की प्रोफाइल या सेटिंग में जाकर UPI ID देखें और भेजने वाले को शेयर करें।
  • QR कोड दिखाएं: ऐप में अपना QR कोड खोलकर सामने वाले को स्कैन करने दें।
  • मोबाइल नंबर दें: अगर मोबाइल नंबर UPI से जुड़ा है, तो उसके जरिए भी पैसे भेजे जा सकते हैं।
  • Money Request भेजें: ऐप में ‘Request Money’ या ‘New Payment’ विकल्प चुनें। सामने वाले की UPI ID या मोबाइल नंबर और रकम डालकर अनुरोध भेजें। सामने वाला भुगतान स्वीकार करेगा तो पैसा आपके बैंक खाते में आ जाएगा।

UPI के फायदे क्या हैं?

UPI की सबसे बड़ी खासियत इसकी सुविधा है। यह एक ही प्लेटफॉर्म के जरिए कई तरह के भुगतान करने की सुविधा देता है। आप व्यक्ति को पैसे भेज सकते हैं, दुकानदार को भुगतान कर सकते हैं, बिल भर सकते हैं और रिचार्ज कर सकते हैं। UPI 24 घंटे और सातों दिन काम करता है। यानी बैंक की छुट्टी या वीकेंड पर भी भुगतान किया जा सकता है। सुरक्षा के लिए UPI में दो-स्तरीय प्रमाणीकरण का इस्तेमाल होता है। भुगतान पूरा करने के लिए UPI PIN की जरूरत होती है। UPI ट्रांजैक्शन में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन जैसी सुरक्षा व्यवस्था भी इस्तेमाल की जाती है, जिससे लेनदेन की जानकारी को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है।

READ MORE : UPI क्या है और कैसे काम करता है?

UPI इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

पैसे भेजने से पहले हमेशा UPI ID, मोबाइल नंबर या बैंक अकाउंट की जानकारी दोबारा जांचें। गलत व्यक्ति को पैसा भेजने से बचने के लिए स्क्रीन पर दिख रहा नाम जरूर देखें। अपना UPI PIN कभी किसी के साथ शेयर न करें। बैंक या कोई भुगतान ऐप भी आपसे UPI PIN नहीं मांगता। जरूरी भुगतान के बाद ट्रांजैक्शन की रसीद या जानकारी संभालकर रखें। इससे भविष्य में भुगतान का रिकॉर्ड देखने में आसानी होगी। UPI ने पैसे भेजने और पाने का तरीका काफी आसान बना दिया है। सही जानकारी और थोड़ी सावधानी के साथ इसका इस्तेमाल रोजमर्रा के भुगतान के लिए आसानी से किया जा सकता है।

पूछे जानें वाले टॉप 5 FAQ

1. UPI क्या है?

Unified Payments Interface (UPI) एक रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम है। इससे आप अपने बैंक खाते से मोबाइल के जरिए तुरंत पैसे भेज और प्राप्त कर सकते हैं।

2. UPI से पैसे भेजने के कौन-कौन से तरीके हैं?

आप UPI ID, मोबाइल नंबर, बैंक अकाउंट नंबर और IFSC कोड या UPI QR कोड स्कैन करके पैसे भेज सकते हैं।

3. UPI से पैसे रिसीव करने के लिए क्या करना होगा?

पैसे पाने के लिए अपनी UPI ID, QR कोड या UPI से जुड़ा मोबाइल नंबर सामने वाले के साथ शेयर कर सकते हैं। पैसा सीधे आपके बैंक खाते में जमा हो जाता है।

4. क्या पैसे रिसीव करने के लिए UPI PIN डालना पड़ता है?

नहीं। पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN की जरूरत नहीं होती। UPI PIN केवल भुगतान को अधिकृत करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

5. UPI से पेमेंट करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?

पेमेंट से पहले UPI ID, मोबाइल नंबर या बैंक अकाउंट की जानकारी जरूर जांचें। अपना UPI PIN कभी किसी के साथ शेयर न करें और जरूरी ट्रांजैक्शन की रसीद संभालकर रखें।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss