Apple Storage Issue : iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के 1TB और 2TB वेरिएंट को लेकर अभी यही सवाल उठ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन वेरिएंट में कुछ यूनिट्स QLC फ्लैश स्टोरेज इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि 256GB और 512GB मॉडल में TLC स्टोरेज बताई जा रही है। भारत में iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत 1,64,900 है। 2TB मॉडल की कीमत 3,14,900 तक जाती है। Pro Max का टॉप मॉडल 3,29,900 का है।
iPhone 18 Pro और Pro Max के महंगे मॉडल में स्टोरेज को लेकर उठे सवाल, जानें QLC चिप क्या है।
iPhone 18 Pro में TLC और QLC का मामला क्या है?
TLC मेमोरी की एक सेल में 3 बिट डेटा स्टोर करती है। वहीं, QLC एक सेल में 4 बिट डेटा रखती है। इससे ज्यादा स्टोरेज कम जगह में फिट करना आसान होता है। हालांकि, TLC आमतौर पर लंबे समय तक लगातार डेटा लिखने में QLC से बेहतर प्रदर्शन करती है। इसकी सहनशीलता भी ज्यादा मानी जाती है। एक स्वतंत्र विश्लेषण में 1TB iPhone 18 Pro में QLC मेमोरी मिलने का दावा किया गया। शुरुआती टेस्ट में फोन ने करीब 3GB/s read और write speed हासिल की। छोटी अवधि के काम में यह स्पीड अच्छी रह सकती है।
READ MORE: iPhone Duo लॉन्च होते ही Apple शेयर में क्यों आया भूचाल?
1TB मॉडल में भी बदल सकती है स्टोरेज चिप
सबसे अहम बात यह है कि हर 1TB मॉडल में एक जैसी मेमोरी हो, यह अभी तय नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ 1TB यूनिट्स में TLC चिप भी मिल सकती है। इसका मतलब उत्पादन बैच के हिसाब से स्टोरेज टेक्नोलॉजी बदल सकती है। Apple ने अभी हर स्टोरेज वेरिएंट में इस्तेमाल होने वाली TLC या QLC मेमोरी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। आम इस्तेमाल में इसका फर्क शायद आसानी से नजर न आए। मैसेजिंग, वेब ब्राउजिंग और सामान्य फोटो क्लिक करने जैसे काम प्रभावित होने की संभावना कम है।
भारी काम में दिख सकता है असली फर्क
लंबी 4K वीडियो रिकॉर्डिंग, बड़े वीडियो एडिट करने और लगातार भारी फाइल ट्रांसफर करने पर अंतर सामने आ सकता है। खासकर तब, जब फोन की स्टोरेज लगभग भर जाए या लंबे समय तक लगातार डेटा लिखा जाए। हालांकि, वास्तविक असर Apple के स्टोरेज मैनेजमेंट, फोन में खाली जगह और इस्तेमाल की गई मेमोरी चिप पर निर्भर करेगा। अभी सभी स्टोरेज वेरिएंट की स्वतंत्र टेस्टिंग जरूरी है। इससे साफ होगा कि QLC और TLC मॉडल में वास्तविक स्पीड का कितना अंतर है।
भारत में 3 लाख से ज्यादा तक कीमत
| स्टोरेज | iPhone 18 Pro | iPhone 18 Pro Max
|
| 256GB | 1,64,900 | 1,79,900
|
| 512GB | 1,89,900 | 2,04,900 |
| 1TB | 2,39,900 | 2,54,900
|
| 2TB | 3,14,900 | 3,29,900 |
यह मामला नया नहीं है। MacBook Air में भी पहले स्टोरेज चिप को लेकर ऐसा मुद्दा सामने आया था। उस समय ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल में तेज मेमोरी मिलने की बात सामने आई थी।
READ MORE: Blinkit-Zepto पर iPhone 18 Pro, फिर Apple Store पर लाइन क्यों?
अभी iPhone 18 Pro की 1TB और 2TB स्टोरेज को लेकर QLC इस्तेमाल होने की चर्चा है। हर यूनिट में यही चिप है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 2 लाख से ज्यादा खर्च करने वाले खरीदारों के लिए खरीद से पहले स्टोरेज टेक्नोलॉजी भी देखने लायक स्पेसिफिकेशन बन गई है।
