क्रिप्टो फ्रॉड में Delio के CEO को 15 साल की सजा

क्रिप्टो फ्रॉड में Delio के CEO को 15 साल की सजा

13 mins read
4 views
August 13, 2026

South Korea Crypto: क्रिप्टो डिपॉजिट प्लेटफॉर्म Delio के CEO जेओंग सांग-हो को पहली सुनवाई में 15 साल जेल की सजा सुनाई गई है। सियोल सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने उन्हें 1,078 पीड़ितों से जुड़े करीब 70 अरब वॉन (लगभग 5 करोड़ डॉलर) के वर्चुअल एसेट फ्रॉड मामले में दोषी पाया। कोर्ट ने 13 अगस्त को फैसला सुनाया। जज जंग चान की अध्यक्षता वाली 11वीं क्रिमिनल डिविजन ने जेओंग को तुरंत हिरासत में लेने का आदेश भी दिया। कोर्ट ने इसके पीछे उनके फरार होने के जोखिम का हवाला दिया।

दक्षिण कोरिया में Delio के CEO को 15 साल की जेल हुई, कोर्ट ने 1,078 पीड़ितों से जुड़े 70 अरब वॉन के क्रिप्टो फ्रॉड मामले में दोषी माना।

Delio CEO ने निवेशकों को कैसे भरोसा दिलाया?

Delio खुद को एक तरह के ‘क्रिप्टो बैंक’ के रूप में पेश करता था। कंपनी Bitcoin और Ethereum जैसे क्रिप्टो एसेट जमा करने पर करीब 10% सालाना रिटर्न देने का प्रचार करती थी। अभियोजन पक्ष का आरोप था कि कंपनी की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही थी। इसके बावजूद जेओंग ग्राहकों से पैसा जुटाते रहे। कोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कंपनी की कमजोर वित्तीय स्थिति, घाटे और हैकिंग से हुए नुकसान को छिपाया। ग्राहकों को यह भी बताया गया कि Delio आर्बिट्राज ट्रेडिंग और क्रिप्टो-समर्थित लेंडिंग जैसी रणनीतियों से मुनाफा कमा रही है। कोर्ट ने माना कि इन दावों ने निवेशकों को कंपनी की वास्तविक स्थिति को लेकर गुमराह किया।

फैसले में कोर्ट ने अपराध को गंभीर माना। इसकी वजह बड़ी रकम और बड़ी संख्या में प्रभावित निवेशक रहे। कोर्ट ने जेओंग की इस बात के लिए भी आलोचना की कि उन्होंने सुनवाई के दौरान जिम्मेदारी दूसरे कारोबारों पर डालने की कोशिश की।

250 अरब वॉन का आरोप घटकर 70 अरब वॉन हुआ

शुरुआत में अभियोजन पक्ष ने जेओंग पर करीब 2,800 पीड़ितों से लगभग 250 अरब वॉन के वर्चुअल एसेट के गबन का आरोप लगाया था। लेकिन कोर्ट ने पूरी रकम से जुड़ा आरोप स्वीकार नहीं किया। जेओंग ने जांच के दौरान जब्त किए गए सबूतों की वैधता पर सवाल उठाया था। कोर्ट ने माना कि जांचकर्ताओं ने Delio के सर्वर से जुड़े डेटाबेस की तलाशी के दौरान जब्त सामान की सूची की सही जानकारी नहीं दी थी।

इस वजह से इलेक्ट्रॉनिक डेटाबेस और उससे मिले कुछ दूसरे सबूतों को कोर्ट ने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद अभियोजन पक्ष ने वैकल्पिक आरोप के तहत करीब 70 अरब वॉन और 1,078 पीड़ितों से जुड़ा मामला रखा। कोर्ट ने इस हिस्से में जेओंग को जिम्मेदार माना। यानी बड़े आरोप से जुड़े कुछ सबूत खारिज होने के बावजूद उन्हें 70 अरब वॉन के नुकसान वाले मामले में दोषी ठहराया गया।

READ MORE: MARA-CleanSpark का बड़ा नुकसान, Bitcoin गिरावट ने बढ़ाई मुश्किलें

2023 में अचानक बंद हुई थी Delio की सेवाएं

Delio का संकट 2023 को खुलकर सामने आया। कंपनी ने अचानक जमा और निकासी रोक दी। इससे हजारों ग्राहक अपने क्रिप्टो एसेट तक पहुंच नहीं बना सके। उस समय दक्षिण कोरिया का क्रिप्टो लेंडिंग सेक्टर भी दबाव में था। Delio और उससे जुड़ी कंपनियों को भारी नुकसान और नकदी की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। कोर्ट के अनुसार, जेओंग ने दूसरे लेनदेन में भी गलत रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया था।

एक मामले में उन्होंने करीब 1 अरब वॉन के निवेश फंड का गबन किया। इसके लिए करीब 2 अरब वॉन के क्रिप्टो-समर्थित लोन से जुड़े गलत रिकॉर्ड जमा किए गए थे। उन्होंने एक अकाउंटिंग फर्म की ऑडिट रिपोर्ट भी इस्तेमाल की थी। कोर्ट के मुताबिक, इसमें Delio के क्रिप्टो होल्डिंग्स को करीब 476 अरब वॉन से ज्यादा दिखाया गया था। इससे कंपनी को वर्चुअल एसेट कारोबार के लिए रजिस्ट्रेशन पूरा करने में मदद मिली।

क्रिप्टो लेंडिंग पर फिर उठे सवाल

Delio का मामला इसलिए भी अहम है क्योंकि कंपनी एक नियामित वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर के रूप में काम करती थी। कंपनी ने ग्राहकों को क्रिप्टो होल्डिंग्स पर रिटर्न कमाने का रास्ता बताया था, लेकिन अचानक निकासी रुकने से यह सवाल सामने आया कि ऐसे प्लेटफॉर्म ग्राहकों के एसेट को किस तरह संभालते हैं। साथ ही उनके नुकसान और रिटर्न से जुड़े दावों की जानकारी कितनी साफ होती है। इसी दौरान दक्षिण कोरिया की क्रिप्टो निवेश कंपनी Haru Invest ने भी काम बंद कर दिया था। Delio और Haru से जुड़े मामले अलग-अलग दिवालियापन और आपराधिक कार्यवाहियों का हिस्सा बने।

अभियोजन पक्ष ने अप्रैल की अंतिम दलीलों में Jeong के लिए 20 साल जेल की मांग की थी। उसका आरोप था कि उन्होंने करीब 2,800 निवेशकों से 250 अरब वॉन का गबन किया। कोर्ट की 15 साल की सजा अभियोजन की मांग से कम है, लेकिन फिर भी यह पहली सुनवाई में बेहद कड़ी सजा मानी जा रही है।

READ MORE: BitMart Shutdown के बीच फंड फंसने का दावा, बढ़ी चिंता

अब आगे क्या होगा?

13 अगस्त का यह फैसला पहली अदालत का फैसला है। जेओंग के पास इसके खिलाफ अपील करने का अधिकार है। यानी मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। Delio के ग्राहकों के लिए आपराधिक मामला पूरी कहानी का सिर्फ एक हिस्सा है। कंपनी की वित्तीय स्थिति और ग्राहकों के क्रिप्टो एसेट की रिकवरी अलग मुद्दे हैं। ताजा फैसले के बाद दक्षिण कोरिया में क्रिप्टो डिपॉजिट और यील्ड प्लेटफॉर्म की निगरानी पर चर्चा और तेज हो सकती है। खासकर उन कंपनियों पर नजर रहेगी, जो ज्यादा रिटर्न का वादा करके ग्राहकों से क्रिप्टो जमा करती हैं।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss