BitMEX Shut Down: क्या क्रिप्टो की दुनिया का एक बड़ा नाम अब इतिहास बनने जा रहा है? BitMEX, शुरुआती क्रिप्टो डेरिवेटिव्स एक्सचेंजों में शामिल और परपेचुअल स्वैप कॉन्ट्रैक्ट को लोकप्रिय बनाने वाला प्लेटफॉर्म, 23 सितंबर 2026 को स्थायी रूप से बंद हो जाएगा। कंपनी ने रणनीतिक समीक्षा के बाद अपना कारोबार समेटने का फैसला लिया है।
BitMEX की पैरेंट कंपनी HDR Global Trading Limited ने यह जानकारी दी है। एक्सचेंज ने नए अकाउंट बनाना तुरंत रोक दिया है। मौजूदा यूजर्स से कहा गया है कि वे अपनी खुली ट्रेडिंग पोजिशन बंद करें और समय रहते अपनी क्रिप्टो संपत्ति निकाल लें।
BitMEX 23 सितंबर 2026 को हमेशा के लिए बंद होगा, जानिए ट्रेडिंग कब रुकेगी, यूजर्स को फंड कब निकालना है और बंद होने की पूरी वजह।
BitMEX पर ट्रेडिंग कब होगी बंद?
BitMEX ने ट्रेडिंग बंद करने की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से शुरू करने का फैसला किया है। 26 अगस्त 2026 को 04:00 UTC से यूजर्स नई पोजिशन नहीं खोल पाएंगे। इसके बाद सिर्फ मौजूदा ट्रेड को कम करने या बंद करने की अनुमति होगी। कंपनी धीरे-धीरे अपने सभी बाजारों को बंद करेगी। BitMEX ने कहा है कि अंतिम बंदी से पहले बची हुई पोजिशन को जबरन बंद किया जा सकता है।
अगर 23 सितंबर को 04:00 UTC तक कोई कॉन्ट्रैक्ट खुला रहता है, तो BitMEX उसे अपने विवेक के अनुसार ऑटोमैटिक लिक्विडेट कर सकता है। ट्रेडिंग बंद होने के बाद भी यूजर्स लॉगिन कर सकेंगे। वे अपनी अकाउंट हिस्ट्री देख पाएंगे और बची हुई रकम निकाल सकेंगे।
यूजर्स को फंड निकालने में क्यों नहीं करनी चाहिए देरी?
BitMEX ने यूजर्स को बंदी की तारीख से पहले अपनी संपत्ति निकालने की सलाह दी है। कंपनी के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 के बाद प्लेटफॉर्म पर बैलेंस छोड़ने वाले सत्यापित यूजर्स से अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। यूजर्स से हर महीने कम से कम 50 डॉलर या बची हुई संपत्ति पर सालाना 1% की दर से शुल्क लिया जाएगा। दोनों में से जो रकम ज्यादा होगी, वही लागू होगी। लंबे समय तक फंड प्लेटफॉर्म पर रहने पर शुल्क बढ़ सकता है।
कंपनी ने फिशिंग स्कैम को लेकर भी चेतावनी दी है। बंदी की खबर के बाद ठग नकली ईमेल और लिंक के जरिए यूजर्स को निशाना बना सकते हैं। BitMEX ने यह भी कहा कि सुरक्षा जांच और ब्लॉकचेन नेटवर्क पर भीड़ के कारण निकासी में सामान्य से ज्यादा समय लग सकता है।
READ MORE: Uk में क्रिप्टो टैक्स बदलेगा, निवेशकों को मिलेगी बड़ी राहत
BitMEX ने क्रिप्टो बाजार को कैसे बदला?
BitMEX की शुरुआत 2014 में Arthur Hayes, Ben Delo और Samuel Reed ने की थी। एक्सचेंज ने 100x लीवरेज वाले परपेचुअल स्वैप को लोकप्रिय बनाया। बाद में यह उत्पाद क्रिप्टो डेरिवेटिव्स बाजार का अहम हिस्सा बन गया। अपने सबसे अच्छे दौर में BitMEX ने 2019 के बाजार चक्र के दौरान सालाना 1 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा का ट्रेडिंग वॉल्यूम संभाला था।
वहीं, 2018 में इसका दैनिक ट्रेडिंग वॉल्यूम 8 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया था। हालांकि, समय के साथ Binance जैसे बड़े केंद्रीकृत एक्सचेंज और विकेंद्रीकृत प्लेटफॉर्म तेजी से आगे बढ़े। बेहतर लिक्विडिटी, ज्यादा टोकन और प्रतिस्पर्धी ट्रेडिंग विकल्पों ने BitMEX की बाजार हिस्सेदारी को प्रभावित किया।
नियामकीय विवादों से भी हुआ नुकसान
BitMEX को लंबे समय तक नियामकीय जांच का सामना करना पड़ा। 2020 में अमेरिकी अधिकारियों ने कंपनी पर पर्याप्त एंटी-मनी लॉन्ड्रिंग नियंत्रण नहीं लागू करने के आरोप लगाए। बाद में कंपनी ने दोष स्वीकार किया। इसके संस्थापकों को भी आपराधिक मामलों का सामना करना पड़ा और उन्होंने कंपनी के संचालन से दूरी बनाई।
READ MORE: क्रिप्टो शेयरों में तेजी, Coinbase-Robinhood समेत 3 स्टॉक उछले
BitMEX का बंद होना क्रिप्टो उद्योग के एक बड़े दौर का अंत है। इस प्लेटफॉर्म ने परपेचुअल स्वैप और क्रिप्टो डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग को नई दिशा दी। अब 23 सितंबर 2026 को इसका एक दशक से ज्यादा लंबा सफर खत्म हो जाएगा।
