AI Jobs: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर दुनियाभर में यह बहस तेज है कि क्या यह तकनीक भविष्य में लोगों की नौकरियां खत्म कर देगी। हालांकि, जेन्सेन हुआंग का मानना है कि अमेरिकी कर्मचारियों को AI से डरने की जरूरत नहीं है। एक कार्यक्रम में बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि AI नौकरियां खत्म नहीं करता, बल्कि बड़े स्तर पर नए रोजगार के अवसर पैदा करता है।
AI से बढ़ेगी इंडस्ट्री और रोजगार
हुआंग के अनुसार, AI अमेरिका के लिए दोबारा औद्योगिक विकास का सबसे बड़ा मौका है। उन्होंने बताया कि AI इंडस्ट्री नई तरह की फैक्ट्रियों पर आधारित है, जहां ऐसे हार्डवेयर बनाए जाते हैं जो AI सिस्टम के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर का काम करते हैं।
इन फैक्ट्रियों को चलाने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की जरूरत होती है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। उनका कहना है कि AI के बढ़ने से पूरी इंडस्ट्री का विस्तार होगा, जिससे केवल टेक सेक्टर ही नहीं, बल्कि अन्य क्षेत्रों में भी नौकरियां पैदा होंगी।
READ MORE: प्यार और तकनीक की अनोखी ‘लव स्टोरी’, महिला ने AI से की शादी
हर काम ऑटोमेशन से खत्म नहीं होता
AI को लेकर सबसे बड़ी चिंता यह है कि मशीनें इंसानों की जगह ले लेंगी, लेकिन हुआंग इस सोच से सहमत नहीं हैं। उनका मानना है कि किसी एक काम के ऑटोमेट हो जाने का मतलब यह नहीं है कि पूरी नौकरी खत्म हो जाएगी। उन्होंने समझाया कि नौकरी और उसके भीतर के टास्क अलग-अलग चीजें हैं। AI कुछ कार्यों को आसान या ऑटोमेट कर सकता है, लेकिन व्यक्ति की पूरी भूमिका और उसकी जरूरत खत्म नहीं होती।
डर फैलाने वालों पर जताई चिंता
हुआंग ने उन लोगों की भी आलोचना की जो AI को लेकर डर फैलाते हैं और इसे मानवता के लिए खतरा बताते हैं। उनका कहना है कि इस तरह की बातें लोगों को तकनीक से दूर कर सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर लोग AI से डरकर इसे अपनाने से बचेंगे, तो इसका सही उपयोग नहीं हो पाएगा और देश इसकी संभावनाओं का फायदा नहीं उठा पाएगा।
READ MORE: OMG! इस AI तकनीक से बन रहा फेक Aadhaar और PAN
भविष्य को लेकर अभी भी अनिश्चितता
हालांकि, AI को लेकर सकारात्मक बातें सामने आ रही हैं, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि आने वाले समय में अमेरिका में लगभग 15% नौकरियां AI के कारण खत्म हो सकती हैं। यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि AI का अर्थव्यवस्था पर कुल मिलाकर क्या असर पड़ेगा। लेकिन इतना तय है कि यह तकनीक रोजगार के स्वरूप को जरूर बदलने वाली है।
