राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की लिबर्टेरियन नीतियों और खर्च कंट्रोल की रणनीति से देश में 2022 के बाद सबसे तेज आर्थिक ग्रोथ देखने को मिली है।
Argentina GDP Record: अर्जेंटीना की सरकार ने एक बार फिर देश को आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ाने में बड़ी सफलता हासिल की है। राष्ट्रपति जेवियर मिलेई की लिबर्टेरियन नीतियों और खर्चों पर सख्त नियंत्रण की रणनीति का असर अब साफ नजर आने लगा है। लंबे समय से आर्थिक संकट से जूझ रहे इस देश में अब उम्मीद की किरण दिखाई दे रही है।
GDP में जबरदस्त बढ़त
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अर्जेंटीना की GDP में साल 2025 की पहली तिमाही में 5.8% की वृद्धि दर्ज की गई है। यह आंकड़ा चीन जैसे बड़े देशों से भी बेहतर है, जहां इसी अवधि में 5.4% की ग्रोथ देखी गई। इसका सीधा मतलब है कि अर्जेंटीना की अर्थव्यवस्था ने एक नई रफ्तार पकड़ ली है।
तेज ग्रोथ के दो बड़े कारण
इस शानदार ग्रोथ के पीछे दो मुख्य कारण बताए जा रहे हैं पहला, प्राइवेट कंजम्प्शन में उछाल। इसकी दर 11.8% रही, जो अब तक की सबसे ऊंची है। इससे पहले किसी तिमाही में इतनी बढ़त नहीं देखी गई थी। इससे साफ है कि देश में लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ी है और बाजार में फिर से हलचल है।
दूसरा, निवेश में भारी इजाफा हुआ है। कुल निवेश में करीब 32% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यह इस बात का संकेत है कि ना सिर्फ देश के भीतर बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निवेशकों का भरोसा अर्जेंटीना पर लौट रहा है। साथ ही, एक्सपोर्ट में भी 7.2% की बढ़त दर्ज की गई है। यह पहली तिमाही के लिए अब तक की सबसे ऊंची और कुल मिलाकर तीसरी सबसे बड़ी वृद्धि मानी जा रही है।
वित्त मंत्री ने जताया भरोसा
अर्जेंटीना के वित्त मंत्री लुइस टोतो कपुटो ने कहा कि यह सफलता बिना किसी आपातकालीन योजना के हासिल की गई है। सरकार ने किसी भी तरह की कानूनी शर्तों का उल्लंघन नहीं किया और न ही किसी कर्ज या भुगतान में चूक हुई है। उन्होंने कहा कि देश का सेंट्रल बैंक अब पूरी तरह से आर्थिक रूप से मजबूत स्थिति में है।
कपुटो ने यह भी बताया कि मई 2025 में अर्जेंटीना की महंगाई दर गिरकर सिर्फ 1.5% रह गई, जो कि मई 2020 के बाद सबसे कम है। इससे यह साबित होता है कि मिलेई सरकार की monetary policy असरदार रही है। सरकार ने महंगाई पर काबू पाने के साथ-साथ निजी निवेश और उपभोग को भी बढ़ावा दिया है।
अगला कदम क्या होगा
इस आर्थिक सुधार को लेकर अब दुनियाभर में अर्जेंटीना को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है। सरकार की अगली योजना देश में और ज्यादा विदेशी निवेश को आकर्षित करने की है, ताकि आर्थिक ग्रोथ को लंबे समय तक बरकरार रखा जा सके।