Ramayana OTT Release : रणबीर कपूर और यश की फिल्म Ramayana: Rise of the Legend को सिनेमाघरों के बाद OTT पर भी देखा जा सकेगा। HT की रिपोर्ट के मुताबिक, JioHotstar और Prime Focus Studios ने फिल्म की डिजिटल रिलीज के लिए साझेदारी की है। खास बात यह है कि दर्शकों को इसे देखने के लिए अलग से पैसे देने होंगे। यह फिल्म सामान्य OTT सब्सक्रिप्शन में शामिल नहीं होगी। दर्शक इसे किराए पर देख सकेंगे या खरीदकर देख पाएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर यानी दिवाली के मौके पर रिलीज होगी। इसे IMAX 3D में भी दिखाया जाएगा। हालांकि, JioHotstar पर इसकी रिलीज की तारीख अभी सामने नहीं आई है। फिल्म सिनेमाघरों में अपना प्रदर्शन पूरा करने के बाद OTT पर आएगी।
Ramayana OTT Release: रणबीर कपूर और यश की फिल्म JioHotstar पर होगी रिलीज, जानें कहां देख सकेंगे?
JioHotstar पर कैसे देख सकेंगे फिल्म?
रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को JioHotstar पर पे-पर-व्यू मॉडल के तहत पेश किया जाएगा। इस मॉडल में दर्शकों को फिल्म देखने के लिए अलग से भुगतान करना होता है। यानी केवल OTT का सामान्य सब्सक्रिप्शन लेने से फिल्म देखने की सुविधा नहीं मिलेगी। इस साझेदारी का मकसद रामायण की कहानी को देश के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। इससे उन दर्शकों को भी फिल्म देखने का मौका मिलेगा, जिनके आसपास IMAX जैसे बड़े पर्दे वाले सिनेमाघर नहीं हैं। JioStar की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा कि इस साझेदारी से रामायण की कहानी को बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया जा सकेगा। इससे नई पीढ़ी भी इस महाकाव्य से जुड़े कर्तव्य, प्रेम, साहस और अच्छाई जैसे मूल्यों को समझ सकेगी।
नमित मल्होत्रा ने डिजिटल रिलीज पर क्या कहा?
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा का कहना है कि रामायण जैसी कहानी को बड़े पर्दे पर, खासकर IMAX 3D में देखना एक खास अनुभव होगा। लेकिन देश में सिनेमाघरों की सीमित संख्या के कारण हर व्यक्ति तक यह अनुभव पहुंचाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि रामायण हर भारतीय की कहानी है और इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। उनके मुताबिक, JioHotstar अपनी तकनीक और मनोरंजन सेवाओं की मदद से फिल्म को सिनेमाघरों के बाद लोगों के घरों तक पहुंचा सकता है।
READ MORE: सीरियल किलर से मर्डर मिस्ट्री तक, ये टॉप 5 फिल्में हैं जबरदस्त
Ramayana: Rise of the Legend की स्टार कास्ट
यह फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है। नितेश तिवारी इसका निर्देशन कर रहे हैं, जबकि श्रीधर राघवन ने वाल्मीकि की रामायण को बड़े पर्दे के लिए तैयार किया है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर और काजल अग्रवाल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
READ MORE: रजनीकांत की ‘Jailer 2’ को झटका, हिंदी में मल्टीप्लेक्स रहेंगे खाली!
संगीत और एक्शन भी होंगे खास
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता हंस जिमर और एआर रहमान तैयार कर रहे हैं। वहीं, रवि बंसल और रैमसे एवरी प्रोडक्शन डिजाइन संभाल रहे हैं। फिल्म के एक्शन दृश्यों की जिम्मेदारी टेरी नोटरी और गाय नॉरिस के पास है। इस फिल्म को Prime Focus Studios, DNEG और यश की Monster Mind Creations मिलकर बना रहे हैं। DNEG विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में आठ ऑस्कर जीत चुका है। फिलहाल, फिल्म की थिएटर रिलीज 5 नवंबर 2026 तय है। JioHotstar पर इसकी रिलीज की तारीख और फिल्म को किराए पर देखने या खरीदने की कीमत की घोषणा अभी नहीं हुई है।
