Smartphone AI Features : Amazon India के ‘बेस्ट इन टेक सर्वे’ के मुताबिक 82% ग्राहक नया फोन खरीदने का फैसला AI फीचर्स देखकर कर रहे हैं। जुलाई में हुए इस सर्वे में 40 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। इससे साफ है कि स्मार्टफोन बाजार में AI तेजी से बड़ा फैक्टर बन रहा है।
AI अब स्मार्टफोन खरीदने में बड़ा फैक्टर बन गया, जानें कौन से फीचर्स सबसे ज्यादा पसंद हैं।
स्मार्टफोन बाजार में AI की बढ़ती मांग
सर्वे के मुताबिक, सबसे ज्यादा 25% ग्राहक कॉन्टेक्स्टुअल असिस्टेंस चाहते हैं। यह फीचर यूजर की जरूरत समझकर सुझाव देता है। जैसे स्क्रीन पर कुछ खोजना या मैसेज का जवाब सुझाना। इसके बाद 18% लोग जेनरेटिव फोटो एडिटिंग पसंद करते हैं। 17% ग्राहकों को विजुअल सर्च पसंद है। वहीं 11% लोग अडैप्टिव बैटरी मैनेजमेंट चाहते हैं। यानी ग्राहक AI से सिर्फ दिखावटी फीचर नहीं, बल्कि रोजमर्रा के काम आसान करने वाली सुविधा चाहते हैं।
परफॉर्मेंस आज भी सबसे जरूरी
AI का क्रेज बढ़ा है, लेकिन फोन की बेसिक जरूरतें अभी भी सबसे ऊपर हैं। सर्वे में 87% ग्राहकों ने परफॉर्मेंस को सबसे जरूरी बताया। इसके बाद 79% लोगों के लिए बैटरी लाइफ अहम है। कैमरा भी पीछे नहीं है। 77% ग्राहक फोन खरीदते समय कैमरा क्वालिटी को महत्व देते हैं। मौजूदा फोन को लेकर सबसे बड़ी परेशानी भी बैटरी है। 22% लोगों ने बैटरी को लेकर शिकायत की। इसके बाद कैमरा और परफॉर्मेंस से जुड़ी दिक्कतें सामने आईं।
READ MORE: AI अब खास फीचर नहीं, स्मार्टफोन खरीदने की नई जरूरत बना
50 हजार से ऊपर के फोन की बढ़ी चाहत
महंगे स्मार्टफोन को लेकर ग्राहकों की दिलचस्पी भी बढ़ रही है। हर तीन में से करीब एक ग्राहक अपने अगले फोन पर 50 हजार से ज्यादा खर्च करना चाहता है। सर्वे में 15% लोग 50 हजार से 75 हजार के बीच फोन लेना चाहते हैं। वहीं, 17% ग्राहकों का बजट 75 हजार से ऊपर है। हालांकि, 25 हजार से 50 हजार वाला सेगमेंट अभी सबसे लोकप्रिय है। इसमें 42% ग्राहक फोन तलाश रहे हैं। 15 हजार से कम कीमत वाले फोन सिर्फ 7% लोगों की पसंद हैं।
READ MORE: Smartphone को लेकर नई रिपोर्ट ने बढ़ाई करोड़ों यूजर्स की टेंशन
छोटे शहरों में भी महंगे फोन का क्रेज
लोग अब फोन जल्दी नहीं बदलते। 54% ग्राहक अपना मोबाइल दो साल या उससे ज्यादा चलाते हैं। इसके बावजूद 48% लोग अगले तीन महीने में फोन अपग्रेड करने की तैयारी में हैं। महंगे फोन की मांग छोटे शहरों में भी मजबूत है। 75 हजार से ज्यादा कीमत वाले फोन में मेट्रो शहरों की हिस्सेदारी 18% है। टियर-2 शहरों में यह 17% और टियर-3 शहरों में 15% है। आज स्मार्टफोन बाजार में AI तेजी से खरीदारी का फैसला बदल रहा है, लेकिन परफॉर्मेंस, बैटरी और कैमरा अभी भी ग्राहकों की पहली प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
