OpenAI ने लॉन्च किया GPT-6 Astra, AI अब और ताकतवर

OpenAI ने लॉन्च किया GPT-6 Astra, AI अब और ताकतवर

8 mins read
17 views
September 4, 2026

AI Model Launch : OpenAI ने GPT-6 Astra लॉन्च कर दिया है। कंपनी के मुताबिक, यह उसका अब तक का सबसे ज्यादा बुद्धिमान और बेहतर तरीके से सुरक्षित मॉडल है। GPT-6 Astra को कंप्यूटर चलाने, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, विज्ञान, साइबर सुरक्षा और पेशेवर काम के लिए तैयार किया गया है। अभी इसका इस्तेमाल सीमित संगठनों को मिल रहा है। आने वाले दिनों में यह ChatGPT Plus, Pro, बिजनेस और Enterprise यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। इसे OpenAI API के अलावा Microsoft Azure और AWS Bedrock पर भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

GPT-6 Astra के साथ OpenAI ने AI को और ताकत दी, जानिए नए मॉडल की कोडिंग, रिसर्च, कंप्यूटर और साइबर सुरक्षा से जुड़ी खूबियां।

GPT-6 Astra कंप्यूटर पर खुद कर सकेगा काम

GPT-6 Astra की सबसे बड़ी खासियत इसका कंप्यूटर इस्तेमाल करने की क्षमता है। यह ऑनलाइन फॉर्म भरने, ग्राहक रिकॉर्ड अपडेट करने, कैलेंडर व्यवस्थित करने और इंटरनेट पर रिसर्च जैसे काम कर सकता है। यह वैज्ञानिक डेटा का विश्लेषण कर सकता है। साथ ही ग्राफ बना सकता है, वेबसाइट तैयार कर सकता है और फ्रंटएंड टेस्ट चला सकता है। मॉडल सॉफ्टवेयर इंस्टॉल कर उसे टेस्ट भी कर सकता है और कंप्यूटर स्क्रीन पर दिख रही समस्या को समझकर उसे ठीक करने में मदद कर सकता है। OSWorld 2.0 टेस्ट में Astra ने 72.6% स्कोर किया। GPT-5.6 Sol का स्कोर 65.7% रहा। Astra ने काम करीब 40 मिनट में पूरा किया, जबकि GPT-5.6 Sol को करीब 75 मिनट लगे।

READ MORE: AI की बढ़ती बिजली खपत ने टेक कंपनियों की चिंता बढ़ाई

GPT-6 Astra कोडिंग और विज्ञान में भी आगे

OpenAI का दावा है कि GPT-6 Astra उसका अब तक का सबसे बेहतर सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग मॉडल है। Terminal-Bench 4.0 में इसे 57.9% स्कोर मिला। GPT-5.6 Sol ने 37.3%, जबकि Claude Fable 5.1 ने 55.8% स्कोर किया। Astra दस्तावेज, प्रेजेंटेशन और स्प्रेडशीट भी तैयार कर सकता है। यह मौजूदा टेम्पलेट की शैली और फॉर्मेट को समझकर उसी के हिसाब से आउटपुट तैयार करता है। वैज्ञानिक और गणितीय काम में भी मॉडल ने बेहतर प्रदर्शन किया। GPQA Diamond में इसका स्कोर 96%, FrontierMath Tier 4 में 98% और ARC-AGI-3 में 99.9% रहा। OpenAI का कहना है कि Astra ने गणित की कुछ लंबे समय से अनसुलझी समस्याओं को हल करने में भी मदद की है।

GPT-6 Astra की कीमत और उपलब्धता

GPT-6 Astra अभी सीमित संगठनों के लिए जारी हुआ है। आने वाले दिनों में Plus, Pro, Business और Enterprise यूजर्स को इसकी पहुंच मिलेगी। API इस्तेमाल करने वाले डेवलपर्स के लिए कीमत 10 डॉलर प्रति 10 लाख इनपुट टोकन और 50 डॉलर प्रति 10 लाख आउटपुट टोकन रखी गई है। Fast Mode सामान्य प्रोसेसिंग से 2 गुना तक तेज होगा, लेकिन इसकी कीमत भी सामान्य दर से 2 गुना होगी। Enterprise एडमिन Astra को अपने वर्कस्पेस में चालू कर सकेंगे। शुरुआत में इसकी पहुंच डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगी। योग्य API ग्राहकों को Zero Data Retention की सुविधा भी मिल सकती है।

READ MORE: ममदानी ने लगाया AI बैन, हाईस्कूल छात्रों को मिली राहत

साइबर सुरक्षा में बढ़ी ताकत, लेकिन सीमाएं भी

GPT-6 Astra को साइबर सुरक्षा के लिए भी मजबूत बनाया गया है। ExploitBench में इसने बिना प्रोडक्शन सुरक्षा उपायों के 100% स्कोर हासिल किया। GPT-5.6 Sol का स्कोर 78.5% था। ExploitGym में Astra का सफलता प्रतिशत 42.4% रहा, जबकि GPT-5.6 Sol का 30.3% था। OpenAI के मुताबिक मॉडल कमजोरियां खोजने, सुरक्षित कोड की जांच और पैचिंग में मदद कर सकता है। हालांकि, अभी Astra कुछ बेहद उन्नत साइबर सुरक्षा अनुरोधों को मना करेगा। इनमें कमजोरियों के लिए प्रूफ-ऑफ-कॉन्सेप्ट एक्सप्लॉइट बनाना शामिल है। कंपनी ने सुरक्षा नियंत्रणों को चकमा देने की कोशिशों से बचाने के लिए निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी जोड़े हैं।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss