Curve Finance Exploit : Ethereum नेटवर्क पर Curve DAO के CowSwapBurner कॉन्ट्रैक्ट से हमलावर ने करीब 38,205.76 डॉलर की फीस चुरा ली। यह हमला 10 नवंबर को हुआ है। Curve ने 17 नवंबर को अपनी आधिकारिक जानकारी जारी कर इसकी पुष्टि की। कंपनी के मुताबिक, यूजर्स का पैसा सुरक्षित है। उसके लिक्विडिटी पूल, लेंडिंग मार्केट और crvUSD स्टेबलकॉइन पर इस हमले का कोई असर नहीं पड़ा।
Curve Finance हैक 2026: 38,205 डॉलर की फीस चोरी, जानें पूरा मामला।
हमलावर ने कैसे चुराए 38 हजार डॉलर?
Curve Finance अपने प्लेटफॉर्म पर जमा होने वाली प्रशासनिक फीस को हर सप्ताह crvUSD में बदलता है। इसके लिए Ethereum पर CowSwapBurner नाम का स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट इस्तेमाल होता है। यह कॉन्ट्रैक्ट CoW Protocol के जरिए अलग-अलग टोकन बेचता है। बदले में crvUSD खरीदकर पैसा Curve के FeeCollector कॉन्ट्रैक्ट में भेजता है। इस प्रक्रिया में हर सप्ताह एक तय समय पर कारोबार होता है। सोमवार को फीस बर्नर कॉन्ट्रैक्ट में पहुंचती है। मंगलवार रात 12 बजे UTC से 24 घंटे की बिक्री अवधि शुरू होती है। बुधवार को crvUSD DAO को मिलता है। 2024 से Curve इस काम के लिए CowSwapBurner का इस्तेमाल कर रहा था। हमले से पहले इस कॉन्ट्रैक्ट ने 6,420 ऑर्डर पूरे किए थे और करीब 20.5 मिलियन crvUSD DAO को पहुंचाए थे। यानी यह सिस्टम लंबे समय से काम कर रहा था, लेकिन इसकी एक तकनीकी खामी हमलावर के लिए बड़ा मौका बन गई।
1/ On 10 November an attacker took about $38.2k of Curve DAO fee revenue from the CowSwapBurner on Ethereum, the contract that sells collected fees for crvUSD.
No user funds were affected. Pools, lending markets and crvUSD were not involved.
— Curve Finance (@CurveFinance) November 17, 2026
स्मार्ट कॉन्ट्रैक्ट की एक गलती बनी चोरी की वजह
इस हमले की सबसे बड़ी वजह ऑर्डर की जांच करने वाले सिस्टम में कमी थी। CoW Protocol किसी कॉन्ट्रैक्ट से ऑर्डर की मंजूरी लेने के लिए ERC-1271 नाम का मानक इस्तेमाल करता है। इसमें ऑर्डर का एक खास डिजिटल पहचान नंबर यानी हैश भेजा जाता है। CowSwapBurner ऑर्डर के विवरण की जांच तो करता था, लेकिन यह नहीं देखता था कि दिए गए विवरण और हैश एक ही ऑर्डर के हैं या नहीं।
Curve ने अपनी जांच में बताया कि कॉन्ट्रैक्ट यह देखता था कि ऑर्डर उसका अपना है, भुगतान crvUSD में होगा और पैसा FeeCollector को जाएगा। साथ ही कम से कम 500 crvUSD मिलने की शर्त भी थी, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट ने असली ऑर्डर के हैश का मिलान नहीं किया। कोड में इस हैश को नजरअंदाज करने की बात भी साफ लिखी थी। हमलावर ने इसी कमजोरी का फायदा उठाया। उसने असली ऑर्डर का विवरण लगाकर अपने मन मुताबिक नकली ऑर्डर जमा किए। इन ऑर्डर में टोकन बेचने और पैसा पाने वाला पता दोनों बदल दिए गए।
READ MORE: Bitcoin Price में ठहराव, क्रिप्टो बाजार में अब क्या होगा बड़ा बदलाव?
कुछ ही घंटों में 138 नकली ऑर्डर पूरे
10 नवंबर को रात 12 बजे UTC पर बिक्री की अवधि शुरू हुई। इसके ठीक 7 मिनट बाद, यानी 00:07 बजे, पहला फर्जी ऑर्डर पूरा हुआ। इसमें हमलावर ने कॉन्ट्रैक्ट के पास मौजूद YB टोकन को USDC में बेचा और पैसा अपने पते पर मंगवा लिया। इसके बाद उसने इसी तरीके से 137 और ऑर्डर पूरे किए। कुल मिलाकर 138 फर्जी ऑर्डर के जरिए कॉन्ट्रैक्ट से USDC निकाला गया। Curve के मुताबिक, इनमें से 133 ऑर्डर सिर्फ 17 मिनट के भीतर पूरे हो गए। बाकी ऑर्डर अगले कुछ घंटों में पूरे हुए। आखिरी ऑर्डर सुबह 11:10 बजे UTC पर पूरा हुआ। हमलावर ने मुख्य रूप से ऐसे छोटे टोकन बैलेंस चुने, जिन्हें सामान्य बिक्री प्रक्रिया नहीं छूती थी। इनमें ज्यादातर वे टोकन थे जिनकी कीमत 500 crvUSD से कम थी। एक फर्जी ऑर्डर की औसत कीमत करीब 254 डॉलर थी। सिर्फ 2 ऑर्डर 500 डॉलर से ज्यादा के थे। इन सभी ऑर्डर से हमलावर को कुल 38,205.76 USDC मिले।
चोरी की रकम ETH, Arbitrum और Hyperliquid तक पहुंची Curve की जांच के अनुसार, हमलावर ने चोरी के बाद पैसे को कई चरणों में दूसरी जगह भेजा। पहले चार घंटों के भीतर उसने 37,611.76 USDC को ETH में बदला। इसके बाद रकम को चार अलग-अलग वॉलेट में बांटा और Arbitrum नेटवर्क पर भेज दिया। फिर उसने 37,229.89 USDC Hyperliquid में जमा किए। वहां इस रकम को 65.41 XMR1 में बदला गया। Curve ने XMR1 को Monero से जुड़ी डिजिटल संपत्ति बताया है। 16 नवंबर तक यह रकम आगे नहीं बढ़ी थी। वहीं, बची हुई 594 USDC को हमलावर ने 15 नवंबर को ETH में बदला। इसमें से 0.3 ETH Tornado Cash मिक्सर में जमा किए गए। फिलहाल, चोरी की रकम वापस नहीं मिली है।
READ MORE: Gate और OpenPayd की साझेदारी मजबूत, अब मिलेंगी कई सुविधाएं
Curve ने क्या कदम उठाए? यूजर्स को चिंता की जरूरत नहीं
Curve को 10 नवंबर को दोपहर 12:40 बजे UTC के आसपास इस कमजोरी और जारी हमले की जानकारी मिली। इसके बाद Emergency DAO ने दोपहर 1:59 बजे UTC पर Ethereum में फीस जमा करने और बदलने की प्रक्रिया बंद कर दी। इससे CowSwapBurner नए ऑर्डर मंजूर नहीं कर सकता था। सुरक्षा के लिहाज से Curve ने Arbitrum और Base नेटवर्क पर भी शाम 4:55 बजे UTC पर यही कदम उठाया। हालांकि, Arbitrum और Gnosis पर किसी फर्जी ऑर्डर का पता नहीं चला। दिलचस्प बात यह है कि हमले के बावजूद उस सप्ताह फीस बदलने की सामान्य प्रक्रिया पूरी हो गई। DAO को 97,317.74 crvUSD मिले।
Curve ने कुल 6,558 ऑर्डर की जांच की। इनमें 138 फर्जी ऑर्डर ही ऐसे मिले जिनका पैसा FeeCollector तक नहीं पहुंचा। अब DAO के सामने प्रस्ताव संख्या 1524 है। इस पर मतदान 20 नवंबर 2026 को बंद होगा। प्रस्ताव में पुराने CowSwapBurner की जगह नया कॉन्ट्रैक्ट लाने की बात है। नया सिस्टम घटती कीमत वाली नीलामी के जरिए फीस बेचेगा और ऑर्डर के हैश का पूरा मिलान करेगा।
Curve ने यह भी चेतावनी दी है कि CowSwapBurner का सार्वजनिक कोड दूसरी क्रिप्टो परियोजनाओं ने भी इस्तेमाल किया है। ऐसे सभी प्रोजेक्ट्स को अपने कॉन्ट्रैक्ट की जांच करनी चाहिए।
DISCLAIMER: इस खबर में दी गई जानकारी Curve Finance की आधिकारिक रिपोर्ट और उपलब्ध स्रोतों पर आधारित है। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है। निवेश करने से पहले खुद पूरी जानकारी जांच लें।
