IIT vs IIIT: 12वीं के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए IIT बेहतर है या IIIT? JEE Main 2026 की तैयारी कर रहे छात्रों के मन में यह सवाल जरूर होगा। दोनों संस्थान तकनीकी शिक्षा के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इनके कोर्स, पढ़ाई के तरीके, फीस और एडमिशन प्रक्रिया में अंतर है। जहां IIT में इंजीनियरिंग के साथ कई दूसरे विषयों की पढ़ाई और रिसर्च का मौका मिलता है, वहीं IIIT का मुख्य फोकस कंप्यूटर साइंस और आईटी पर रहता है।
JEE Main 2026 के बाद IIT चुनें या IIIT? जानिए दोनों कॉलेजों की फीस, कोर्स, एडमिशन प्रक्रिया और प्लेसमेंट में क्या अंतर है।
IIT क्या है? यहां मिलते हैं कई कोर्स के विकल्प
IIT (इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में शामिल हैं। इसकी शुरुआत 1950 में खड़गपुर से हुई थी। वर्तमान में देश में करीब 23 IIT हैं। इन संस्थानों में सिर्फ इंजीनियरिंग ही नहीं, बल्कि साइंस, मैनेजमेंट, ह्यूमैनिटीज और रिसर्च से जुड़े विषय भी पढ़ाए जाते हैं। यहां छात्रों को B.Tech, M.Tech, MBA, PhD और BS-MS जैसे कोर्स मिलते हैं। IIT में अनुभवी फैकल्टी, आधुनिक लैब और रिसर्च की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इनकी पहचान देश के साथ विदेशों में भी है। यहां से पढ़ाई करने वाले छात्रों को बड़ी कंपनियों में नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। IIT की सालाना फीस औसतन 1.5 लाख रुपये तक हो सकती है।
READ MORE: विदेश में पढ़ना है? IELTS, TOEFL, GRE या GMAT में किसे चुनें
IIIT में कंप्यूटर साइंस और IT पर ज्यादा जोर
IIIT का पूरा नाम इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी है। इसकी शुरुआत 1997 में हुई थी। देश में फिलहाल करीब 25 IIIT संचालित हैं। इन संस्थानों में मुख्य रूप से कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स की पढ़ाई होती है। छात्रों को कोडिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस जैसी स्किल्स सिखाई जाती हैं। अगर आप IT या सॉफ्टवेयर सेक्टर में करियर बनाना चाहते हैं, तो IIIT अच्छा विकल्प हो सकता है। यहां सालाना फीस औसतन 80 हजार रुपये के आसपास बताई गई है। हालांकि, अलग-अलग IIIT में फीस और सुविधाएं अलग हो सकती हैं।
IIT और IIIT में एडमिशन कैसे मिलता है?
दोनों संस्थानों में दाखिले का रास्ता अलग है। IIT में एडमिशन के लिए छात्रों को पहले JEE Main पास करना होता है। इसके बाद योग्य उम्मीदवार JEE Advanced की परीक्षा देते हैं। इसमें हासिल रैंक के आधार पर IIT में सीट मिलती है। वहीं, IIIT में दाखिला मुख्य रूप से JEE Main के स्कोर और रैंक के आधार पर होता है। इसलिए छात्रों को अपनी रैंक, पसंदीदा ब्रांच और उपलब्ध सीटों को ध्यान में रखकर कॉलेज चुनना चाहिए।
READ MORE: IIT में CSE नहीं, इस ब्रांच में है सबसे ज्यादा नौकरी
आपके लिए IIT बेहतर या IIIT?
अगर आपकी रुचि इंजीनियरिंग के साथ साइंस, मैनेजमेंट और रिसर्च में भी है, तो IIT पर विचार कर सकते हैं। दूसरी ओर, कंप्यूटर साइंस, कोडिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में करियर बनाना चाहते हैं, तो IIIT भी अच्छा विकल्प है। कॉलेज चुनते समय सिर्फ उसके नाम पर फैसला न लें। ब्रांच, फीस, फैकल्टी, पढ़ाई का माहौल और प्लेसमेंट रिकॉर्ड भी जरूर देखें। सही कॉलेज वही है, जहां आपको अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका मिले।
