Microsoft Copilot : क्या आप चाहते हैं कि कोई AI आपके लिए ईमेल लिखे, लंबे दस्तावेजों का सार बताए और कुछ ही मिनटों में प्रेजेंटेशन तैयार कर दे? Microsoft Copilot यह काम कर सकता है। यह माइक्रोसॉफ्ट का AI असिस्टेंट है, जो Windows, Edge और Microsoft 365 जैसे ऐप्स में मिलता है। इसकी मदद से आप सवाल पूछ सकते हैं, लिखने का काम कर सकते हैं और जानकारी को आसान भाषा में समझ सकते हैं। Copilot का इस्तेमाल मुफ्त में भी किया जा सकता है। हालांकि, Word, Excel और PowerPoint जैसे ऐप्स में इसके कुछ खास फीचर्स के लिए पेड प्लान लेना पड़ता है।
Microsoft Copilot क्या है और यह कैसे काम करता है? जानें इसकी मदद से आप कौन-कौन से काम कैसे कर सकते हैं।
Microsoft Copilot क्या है और कैसे काम करता है?
Microsoft Copilot एक AI असिस्टेंट है। इसे आप एक ऐसे डिजिटल सहायक की तरह समझ सकते हैं, जिसे आप सामान्य भाषा में निर्देश दे सकते हैं। यह OpenAI के AI मॉडल की मदद से काम करता है। आप इससे कई तरह के काम करा सकते हैं। जैसे किसी विषय पर जानकारी लेना, ईमेल लिखना, लंबे लेख या दस्तावेज का सार तैयार करना और नए आइडिया खोजना। जरूरत पड़ने पर यह प्रेजेंटेशन बनाने में भी मदद कर सकता है। Copilot सिर्फ सवालों के जवाब देने तक सीमित नहीं है। माइक्रोसॉफ्ट ने इसे अपने कई प्रोडक्ट्स में शामिल किया है। इसमें Windows, Microsoft Edge और Microsoft 365 के Word, Excel और PowerPoint जैसे ऐप शामिल हैं। कंपनियों में इसका इस्तेमाल और भी खास हो सकता है। यह यूजर की अनुमति के अनुसार कंपनी के दस्तावेजों और डेटा से जानकारी लेकर जवाब दे सकता है। यानी कर्मचारी को वही जानकारी मिलनी चाहिए, जिसे देखने की उसे अनुमति है।
Microsoft Copilot की कीमत कितनी है?
Microsoft Copilot का इस्तेमाल मुफ्त और पेड, दोनों तरीकों से किया जा सकता है। इसकी कीमत इस बात पर निर्भर करती है कि आप इसे निजी काम के लिए इस्तेमाल करना चाहते हैं या ऑफिस में।
- फ्री प्लान: Copilot को वेब ब्राउजर, Windows, macOS और मोबाइल ऐप के जरिए मुफ्त इस्तेमाल किया जा सकता है। Microsoft Edge में भी इसका विकल्प मिलता है। इस प्लान में आप AI चैटबॉट से सवाल पूछ सकते हैं और सामान्य काम करा सकते हैं।
- पर्सनल पेड प्लान: व्यक्तिगत यूजर्स के लिए Microsoft 365 के प्लान की शुरुआती कीमत 99 डॉलर प्रति महीने बताई गई है। इसमें मुफ्त सुविधाओं के साथ Word और PowerPoint जैसे ऐप्स में AI फीचर्स का इस्तेमाल भी शामिल है।
- बिजनेस प्लान: कंपनियों के लिए प्लान की शुरुआती कीमत 21 डॉलर प्रति यूजर प्रति महीने है। इसमें Microsoft 365 ऐप्स के अंदर AI सुविधाएं मिलती हैं। जरूरत के हिसाब से कंपनियां अतिरिक्त फीचर्स भी खरीद सकती हैं।
इन कीमतों में देश, प्लान और सब्सक्रिप्शन के हिसाब से बदलाव हो सकता है। इसलिए खरीदने से पहले माइक्रोसॉफ्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूदा कीमत जरूर जांचें।
ब्राउजर से Microsoft Copilot कैसे इस्तेमाल करें?
Copilot इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका इसकी वेबसाइट है। इसके लिए आपको कंप्यूटर या मोबाइल में कोई अलग सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं है।
- अपने कंप्यूटर या मोबाइल के ब्राउजर में Microsoft Copilot की वेबसाइट खोलें।
- अपने Microsoft अकाउंट से साइन इन करें। कुछ सुविधाएं बिना लॉग इन किए भी इस्तेमाल की जा सकती हैं।
- स्क्रीन पर दिए गए ‘Ask me anything’ बॉक्स में अपना सवाल लिखें।
- आप चाहें तो माइक के जरिए बोलकर भी सवाल पूछ सकते हैं।
- फोटो अपलोड करके उससे जुड़ी जानकारी भी मांग सकते हैं।
अकाउंट से लॉग इन करने पर चैट हिस्ट्री सेव रखने जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं। इससे आप अपनी पुरानी बातचीत दोबारा देख सकते हैं।
READ MORE: Microsoft China से पीछे हटा, AI बूम से कारोबार की उम्मीद कायम
मोबाइल और Windows PC में कैसे चलाएं?
अगर आप फोन पर Copilot इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो Android और iPhone के लिए इसका ऐप उपलब्ध है। इसे Google Play Store या Apple App Store से डाउनलोड किया जा सकता है।
ऐप खोलने के बाद Microsoft अकाउंट से लॉग इन करें। इसके बाद आप चैट के जरिए सवाल पूछ सकते हैं, जानकारी ले सकते हैं, टेक्स्ट लिखवा सकते हैं और इमेज बनाने जैसे फीचर्स इस्तेमाल कर सकते हैं।
Windows PC पर भी Copilot तक पहुंचना आसान है। अगर आपके कंप्यूटर में Windows 11 है और Copilot उपलब्ध है, तो टास्कबार पर इसका आइकन देखकर इसे खोल सकते हैं। Microsoft Edge में ऊपर दाईं ओर दिए गए Copilot विकल्प से भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
READ MORE: Microsoft ने किया बड़ा ऐलान, अब PC पर चलेंगे AI एजेंट
Word, Excel और PowerPoint में क्या कर सकता है?
Microsoft 365 के पेड प्लान के साथ Copilot ऑफिस के काम को आसान बना सकता है। Word में यह दस्तावेज का ड्राफ्ट तैयार करने और लिखे हुए टेक्स्ट को बेहतर बनाने में मदद करता है।
Excel में डेटा को समझने, उसका विश्लेषण करने और जरूरी जानकारी निकालने में मदद मिल सकती है। वहीं PowerPoint में यह प्रेजेंटेशन तैयार करने का काम आसान कर सकता है।
Microsoft ने Paint और Snipping Tool जैसे Windows ऐप्स में भी AI फीचर्स जोड़े हैं। हालांकि, ये फीचर्स Copilot ऐप का हिस्सा नहीं हैं। फिर भी इनकी मदद से तस्वीरों और स्क्रीनशॉट से जुड़े काम किए जा सकते हैं।
