ChatGPT Business Hub: क्या अब ChatGPT पर अपने कारोबार की पहचान और जानकारी को खुद संभाल सकेंगे बिजनेस मालिक? OpenAI ने इसके लिए नया फीचर Businesses in ChatGPT बीटा वर्जन में लॉन्च किया है। इसकी मदद से कंपनियां ChatGPT पर अपना बिजनेस प्रोफाइल क्लेम कर सकेंगी, जरूरी जानकारी अपडेट कर सकेंगी और यह भी जान सकेंगी कि कितने लोग उनके कारोबार को ChatGPT के जरिए खोज रहे हैं। इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा छोटे कारोबारियों को मिल सकता है। अब ग्राहक जब ChatGPT से किसी रेस्टोरेंट, दुकान, सॉफ्टवेयर सेवा या प्रोडक्ट की जानकारी मांगेंगे, तो कारोबार से जुड़ी सही और नई जानकारी दिखाने में मदद मिलेगी।
ChatGPT Businesses फीचर लॉन्च: 12 नवंबर को दिल्ली से जानें छोटे कारोबारियों को क्या होगा फायदा
Businesses in ChatGPT कैसे काम करेगा?
कारोबारियों को सबसे पहले OpenAI के Business Hub पर जाना होगा। यहां वे अपने कारोबार का नाम खोजकर प्रोफाइल क्लेम कर सकते हैं। इसके बाद कंपनी उनकी पहचान और कारोबार का सत्यापन करेगी। इसके लिए फोन नंबर, बिजनेस ईमेल, वेबसाइट डोमेन या Shopify अकाउंट का इस्तेमाल किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर OpenAI, Persona के जरिए पहचान और कारोबार से जुड़े दस्तावेज भी मांग सकता है। सत्यापन पूरा होने के बाद कारोबारी अपनी वेबसाइट, कारोबार का विवरण, श्रेणी, लोगो और दूसरी जरूरी जानकारियां अपडेट कर सकेंगे।
बिजनेस मालिकों को कौन-कौन सी सुविधाएं मिलेंगी?
इस फीचर में कारोबारियों को अपनी जानकारी अपडेट करने के साथ ग्राहकों तक पहुंच समझने का मौका भी मिलेगा। ऑनलाइन सामान बेचने वाले कारोबारी अपने प्रोडक्ट की जानकारी भी जोड़ सकेंगे। इसमें मौजूदा कीमत और सामान की उपलब्धता जैसी जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा डिलीवरी और सामान वापस करने से जुड़ी नीतियां भी अपडेट की जा सकेंगी। Business Hub में पिछले 28 दिनों का आंकड़ा दिखेगा। इसमें मुख्य रूप से तीन जानकारियां मिलेंगी:
- ChatGPT पर कारोबार का कितनी बार जिक्र हुआ।
- कितने लोगों ने कारोबार की वेबसाइट पर क्लिक किया।
- किन विषयों पर पूछे गए सवालों में कारोबार का नाम सामने आया।
हालांकि, कारोबारियों को किसी ग्राहक की निजी बातचीत या चैट का रिकॉर्ड नहीं मिलेगा। OpenAI के मुताबिक, आंकड़े सामूहिक रूप में दिखाए जाएंगे।
READ MORE: OpenAI ने लॉन्च किया Control Room, जानें कैसे करेगा काम?
कंटेंट क्रिएटर्स को भी मिलेगा फायदा?
इस फीचर का फायदा कुछ कंटेंट क्रिएटर्स को भी मिल सकता है। खासकर वे क्रिएटर जो ऑनलाइन कोर्स, सदस्यता, सलाहकार सेवाएं या दूसरे प्रोडक्ट बेचते हैं। अगर उनका अपना कारोबार और वेबसाइट है, तो वे अपनी पहचान और सेवाओं की जानकारी ChatGPT पर अपडेट कर सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा फिलहाल Instagram, YouTube या X पर मौजूद क्रिएटर प्रोफाइल का विकल्प नहीं है।
क्या इसके लिए पैसे देने होंगे?
OpenAI ने फिलहाल बिजनेस प्रोफाइल क्लेम करने, जानकारी अपडेट करने या उपलब्ध आंकड़े देखने के लिए अलग फीस की घोषणा नहीं की है। विज्ञापन की सुविधा इससे अलग है। कंपनियां ChatGPT Ads चला सकती हैं और पात्र कारोबार Business Agent को भी प्रायोजित कर सकते हैं। शुरुआती दौर में Business Agent की सुविधा अमेरिका के कुछ योग्य ई-कॉमर्स और ऑनलाइन सेवा कारोबारों तक सीमित है।
READ MORE: जेन्सेन हुआंग का Open AI पर बड़ा बयान, पिचाई भी सहमत
Google से कितना अलग है यह फीचर?
इसकी तुलना Google Business Profile और Google Ads से की जा सकती है। लेकिन ChatGPT पर प्रोफाइल क्लेम करने से बेहतर रैंकिंग या ज्यादा ग्राहक मिलने की गारंटी नहीं है। कुल मिलाकर, OpenAI का यह कदम छोटे कारोबारियों को ChatGPT पर अपनी सही पहचान बनाने का मौका देता है। आने वाले समय में यह ऑनलाइन ग्राहकों तक पहुंचने का एक नया जरिया बन सकता है।
