Xbox CEO Asha Sharma: क्या Xbox खुद को बचाने के लिए सबसे बड़ा दांव खेल रहा है? Xbox CEO आशा शर्मा के नेतृत्व में Microsoft के गेमिंग कारोबार में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव शुरू हो गया है। कंपनी ने 3,200 कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की योजना बनाई है। खबरों के मुताबिक, इस कदम का मकसद Xbox को फिर से मुनाफ़े की राह पर लाना है।
Xbox में बड़े बदलाव की शुरुआत, CEO आशा शर्मा के नेतृत्व में कंपनी ने हजारों कर्मचारियों की छंटनी का फैसला लिया है।
Xbox में क्यों हो रही इतनी बड़ी छंटनी?
Microsoft ने अपने गेमिंग डिवीजन में बड़े बदलाव की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक 7 जुलाई को 1,600 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटाया गया। वहीं अगले 12 महीनों में 1,600 और कर्मचारियों की छंटनी की जाएगी। यह फैसला माइक्रोसॉफ्ट की व्यापक पुनर्गठन योजना का हिस्सा है। कुल मिलाकर कंपनी में करीब 4,800 नौकरियां प्रभावित हो रही हैं। इंटरनल मेमो में आशा शर्मा ने माना कि यह फैसला कठिन है, लेकिन Xbox के भविष्य के लिए जरूरी है। उन्होंने साफ कहा कि कंपनी को लंबे समय तक मजबूत बनाने के लिए अभी बड़े बदलाव करने होंगे।
कौन हैं Xbox की नई CEO आशा शर्मा?
भारतीय मूल की आशा शर्मा का जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन में हुआ। उन्होंने 2011 में यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा से बिजनेस की पढ़ाई पूरी की। शुरुआती दिनों में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के मार्केटिंग विभाग में काम किया। इसके बाद वह पोर्च ग्रुप, Meta और Instacart जैसी बड़ी कंपनियों में अहम जिम्मेदारियां संभालती रहीं। 2024 में उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट में वापसी की और CoreAI प्रोडक्ट्स का नेतृत्व किया। इसी साल उन्हें Xbox का कार्यकारी उपाध्यक्ष और CEO बनाया गया। टेक इंडस्ट्री में उन्हें रणनीतिक फैसले लेने वाली लीडर के रूप में देखा जाता है।
Xbox को फिर से मजबूत बनाने की तैयारी
छंटनी के साथ Xbox अपनी पूरी रणनीति बदल रहा है। कंपनी अपने गेमिंग स्टूडियो के संचालन में भी बड़े बदलाव करने जा रही है। सबसे सफल स्टूडियो Mojang, जिसने Minecraft बनाया, और King, जिसने Candy Crush विकसित किया, अब सीधे आशा शर्मा को रिपोर्ट करेंगे। कंपनी का मानना है कि इससे फैसले तेजी से होंगे और कारोबार को बेहतर दिशा मिलेगी। आशा शर्मा ने कर्मचारियों से कहा कि यह बदलाव छोटे समय के लिए नहीं, बल्कि Xbox के लंबे भविष्य को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।
READ MORE: गेमर्स को मिलेगा नया सरप्राइज, BGMI में दौड़ेंगी Ferrari कारें
गेमिंग इंडस्ट्री पर क्या पड़ेगा असर?
विशेषज्ञों का मानना है कि Xbox की यह रणनीति पूरे गेमिंग सेक्टर पर असर डाल सकती है। पिछले कुछ वर्षों में Xbox को PlayStation और दूसरे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी चुनौती मिली है। ऐसे में माइक्रोसॉफ्ट अब लागत घटाने और मुनाफा बढ़ाने पर पूरा फोकस कर रहा है। आशा शर्मा पहले ही Xbox ब्रांड को नई पहचान देने की शुरुआत कर चुकी हैं। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग का नाम बदलकर फिर से सिर्फ Xbox करने का फैसला लिया था, जिसे गेमिंग समुदाय ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी थी।
READ MORE: Xbox Cloud Gaming बनाने वाले VP को Microsoft ने निकाला
Xbox इस समय अपने सबसे बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है। 3,200 कर्मचारियों की छंटनी निश्चित रूप से कठिन फैसला है, लेकिन कंपनी इसे भविष्य की रणनीति का हिस्सा बता रही है। अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि आशा शर्मा की अगुवाई में Xbox गेमिंग बाजार में कितनी मजबूत वापसी कर पाता है।
