Nothing CMF Speaker : Nothing के बजट ब्रांड CMF ने अपने पहले पोर्टेबल ब्लूटूथ स्पीकर लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने CMF Speaker S और CMF Speaker M नाम से दो नए स्पीकर पेश किए हैं। इन्हें उन लोगों के लिए बनाया गया है, जो कम कीमत में अच्छे साउंड और आसानी से कहीं भी ले जाने वाले स्पीकर चाहते हैं। दोनों में शानदार डिजाइन, चार कलर ऑप्शन और एक साथ कई स्पीकर पर गाने चलाने जैसे फीचर्स मिलते हैं। CMF अब तक किफायती स्मार्टफोन, हेडफोन और ईयरबड्स के लिए जाना जाता है। नए स्पीकर्स में अलग-अलग साउंड सेटअप दिए गए हैं। ऐसे में यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से छोटा या ज्यादा पावरफुल स्पीकर चुन सकते हैं।
CMF स्पीकर S और स्पीकर M में Bluetooth 6.0, IP68 रेटिंग और 18 घंटे तक की बैटरी मिलेगी, जानें दोनों स्पीकर्स की कीमत।
CMF Speaker S और Speaker M का डिजाइन और साउंड
दोनों स्पीकर्स में खास ज्योमेट्रिक डिजाइन दिया गया है। ये व्हाइट, डार्क ग्रे, ऑरेंज और टरक्वॉइज रंगों में मिलेंगे। इनमें Bluetooth 6.0 कनेक्टिविटी दी गई है। साथ ही, IP68 रेटिंग मिलती है, जो धूल और पानी से बचाव करती है। CMF Speaker S छोटा मॉडल है। इसमें 45mm का फुल-रेंज ड्राइवर और दो पैसिव रेडिएटर दिए गए हैं। इसकी साउंड आउटपुट क्षमता 10W RMS तक है। यह 70Hz से 20kHz तक की फ्रीक्वेंसी को सपोर्ट करता है। दूसरी ओर, CMF Speaker M में 25W का वूफर और 10W का ट्वीटर दिया गया है। इसकी कुल साउंड आउटपुट क्षमता 35W RMS है। इसकी फ्रीक्वेंसी रेंज 60Hz से 20kHz तक है। इससे गहरे बास के साथ आवाज और म्यूजिक के दूसरे हिस्सों को साफ सुनने में मदद मिल सकती है।
READ MORE : 20 हजार से कम में खरीदें Nothing, ऑफर ने उड़ाए होश
साउंड सेटिंग्स और कनेक्टिविटी के फीचर्स
कंपनी के मुताबिक, दोनों स्पीकर्स में अडैप्टिव ट्यूनिंग टेक्नोलॉजी दी गई है। यह गाने के हिसाब से आवाज और इक्वलाइजर सेटिंग्स को अपने आप बदल सकती है। इनमें Ultra Bass और Wide Soundstage मोड मिलते हैं। इसके अलावा Balanced, More Bass, More Treble और Voice के चार इक्वलाइजर प्रीसेट हैं। यूजर्स Nothing X ऐप से इन सेटिंग्स को अपनी पसंद के हिसाब से बदल सकते हैं। दोनों स्पीकर्स Google Fast Pair, Microsoft Swift Pair और NFC टैप-टू-पेयर को सपोर्ट करते हैं। इनमें एक साथ दो डिवाइस कनेक्ट किए जा सकते हैं। USB-C से ऑडियो चलाने का विकल्प भी मिलता है। फिजिकल कंट्रोल नॉब से गाने चलाने, ट्रैक बदलने और वॉल्यूम कंट्रोल करने की सुविधा है। पावर, ब्लूटूथ पेयरिंग और Auracast के लिए अलग बटन दिए गए हैं।
READ MORE : Nothing Phone 4B और 4A में कौन सा फोन खरीदें?
बैटरी, पार्टी मोड और कीमत
दोनों स्पीकर्स में Stereo Mode और Party Mode मिलते हैं। Stereo Mode में एक जैसे दो स्पीकर्स जोड़कर स्टीरियो साउंड सुना जा सकता है। Party Mode में Auracast की मदद से कई कम्पैटिबल स्पीकर्स पर एक साथ म्यूजिक चलाया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि 50 फीसदी वॉल्यूम और Ultra Bass चालू रहने पर दोनों स्पीकर्स 18 घंटे तक चल सकते हैं। वहीं, 10 मिनट चार्ज करने पर एक घंटे तक म्यूजिक सुनने का दावा किया गया है।
कीमत की बात करें तो CMF Speaker S की कीमत 59 डॉलर (करीब 5,613 रुपये) और CMF Speaker M की कीमत 109 डॉलर (करीब 10,371 रुपये) है। दोनों मॉडल चार रंगों में आएंगे। इनकी बिक्री आज से Nothing के ऑनलाइन स्टोर और चुनिंदा रिटेल पार्टनर्स के जरिए शुरू हो रही है। हालांकि, भारत में इनकी कीमत और लॉन्च की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
