Akka Netflix Series : अभिनेत्री कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे जल्द ही नई सीरीज ‘Akka’ में साथ नजर आएंगी। यह सीरीज 1980 के दशक की कहानी पर आधारित गैंगस्टर ड्रामा है। शनिवार को कीर्ति सुरेश के जन्मदिन के मौके पर Netflix ने इसका टीजर जारी किया। इसके साथ ही सीरीज की रिलीज डेट का भी ऐलान किया गया। टीजर में दोनों अभिनेत्रियों के दमदार किरदारों की झलक देखने को मिली है।
Akka का टीजर आउट, जानें कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे की सीरीज की पूरी जानकारी।
क्या दिखाया गया है टीजर में?
‘Akka’ में कीर्ति सुरेश भवानी और राधिका आप्टे रुद्रा के किरदार में नजर आएंगी। टीजर में एक ऐसी दुनिया दिखाई गई है, जहां पिछले 800 सालों से महिलाओं का राज है। यहां महिलाएं सिर्फ घर नहीं संभालतीं, बल्कि कारोबार भी चलाती हैं। इस दुनिया में उनके नियमों का विरोध करने वालों को कड़ी सजा मिलती है। टीजर के आखिर में राधिका आप्टे की झलक दिखाई देती है। इससे पता चलता है कि अब बहनों के शासन को खत्म करने की चुनौती सामने आने वाली है। ऐसे में सीरीज में भवानी और रुद्रा के बीच टकराव देखने को मिल सकता है।
कीर्ति सुरेश ने क्या कहा?
कीर्ति सुरेश ने कहा कि हर साल दर्शकों से मिलने वाला प्यार उनके जन्मदिन को खास बनाता है। इस बार ‘Akka’ का टीजर रिलीज होना उनके लिए और भी खास है, क्योंकि यह प्रोजेक्ट उनके दिल के करीब है। उन्होंने बताया कि भवानी का किरदार उनके करियर के सबसे अलग और यादगार किरदारों में से एक है।
READ MORE: रजनीकांत की ‘Jailer 2’ को झटका, हिंदी में मल्टीप्लेक्स रहेंगे खाली!
राधिका आप्टे ने अपने किरदार पर क्या बताया?
राधिका आप्टे ने कहा कि कीर्ति के जन्मदिन पर सीरीज का टीजर और रिलीज डेट सामने आना अच्छी बात है। उन्हें उम्मीद है कि यह पूरी टीम के लिए शुभ साबित होगा। अपने किरदार रुद्रा के बारे में उन्होंने बताया कि वह अपने सिद्धांतों पर चलती है और अपने आसपास की दुनिया को चुनौती देने से पीछे नहीं हटती।
READ MORE : Koffee With Karan 9 : जानें आखिरी बार कब और कहां देखें?
किसने बनाई है ‘Akka’?
‘Akka’ को YRF Entertainment के बैनर तले बनाया गया है। धर्मराज शेट्टी इस सीरीज से निर्देशन में कदम रख रहे हैं। उन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। कहानी पेरुनुरु नाम की एक रियासत की है, जिसे पीढ़ियों से महिलाओं ने बनाया, चलाया और सुरक्षित रखा है। इसमें परंपराओं, सत्ता की लड़ाई और आपसी दुश्मनी को दिखाया जाएगा। सीरीज में कीर्ति सुरेश और राधिका आप्टे के अलावा तन्वी आजमी भी नजर आएंगी। आदित्य चोपड़ा, योगेंद्र मोगरे और अक्षय विधानी इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं। ‘Akka’ का प्रीमियर 30 अक्टूबर को Netflix पर होगा। दर्शक इस दिन से सीरीज देख सकेंगे।
