OpenAI TCS Partnership: भारत में AI की बढ़ती मांग के बीच OpenAI ने बड़ा विस्तार करने का फैसला किया है। कंपनी इस साल के अंत तक बेंगलुरु और मुंबई में नए ऑफिस खोलेगी। फिलहाल इसका संचालन दिल्ली से होता है, लेकिन देश में तेजी से बढ़ते उपयोग को देखते हुए अब इसकी मौजूदगी और मजबूत की जा रही है।
OpenAI भारत में विस्तार करते हुए बेंगलुरु और मुंबई में नए ऑफिस खोलने जा रही है। बढ़ते AI उपयोग, ChatGPT के करोड़ों यूजर्स और टाटा समूह के साथ साझेदारी से देश की डिजिटल प्रगति को नई गति मिलेगी।
भारत बना OpenAI के लिए बड़ा बाजार
भारत आज OpenAI के सबसे बड़े यूजर बेस वाले देशों में शामिल है। हर हफ्ते 10 करोड़ से ज्यादा लोग ChatGPT का इस्तेमाल करते हैं। इनमें छात्र, डेवलपर्स, शिक्षक, स्टार्टअप और बड़ी कंपनियां शामिल हैं। वैश्विक स्तर पर इस प्लेटफॉर्म के 80 करोड़ से अधिक साप्ताहिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। नया ऑफिस ‘OpenAI for India’ पहल का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य भारत में AI की पहुंच बढ़ाना, स्थानीय प्रतिभा को मजबूत करना और डिजिटल बदलाव को तेज करना है।
‘भारत के साथ मिलकर AI बनाना’
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन का कहना है कि भारत AI के क्षेत्र में तेजी से नेतृत्व कर रहा है। यहां प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नीति समर्थन मौजूद है, जो लोकतांत्रिक तरीके से बड़े पैमाने पर AI के भविष्य को आकार दे सकता है। कंपनी भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, साझेदारी और स्किल डेवलपमेंट में निवेश करने की योजना बना रही है।
ऑल्टमैन India AI Impact Summit 2026 में भारत के लिए कंपनी का विस्तृत रोडमैप साझा कर सकते हैं। इस कार्यक्रम में सुंदर पिचाई, एलेक्जेंडर वांग और डारियो अमोदेई जैसे वैश्विक AI नेता भी शामिल हो सकते हैं।
READ MORE: ChatGPT पर सरकारी फाइलें डालने पर US साइबर एजेंसी प्रमुख घिरे
टाटा समूह के साथ बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर सहयोग
OpenAI का विस्तार Tata Consultancy Services के साथ साझेदारी से जुड़ा है। TCS के नए डेटा सेंटर व्यवसाय का पहला ग्राहक OpenAI होगा, जो शुरुआती चरण में 100 मेगावाट क्षमता उपयोग करेगा। इससे एडवांस AI डेटा सेंटर तैयार करने की वैश्विक स्टारगेट परियोजना को समर्थन मिलेगा।
READ MORE: Claude के मुख्य टूल अब Free में, ChatGPT को टक्कर
TCS की पैरेंट कंपनी Tata Group आने वाले सालों में अपने व्यवसायों में ChatGPT Enterprise लागू करने की योजना बना रही है। इससे लाखों कर्मचारी सुरक्षित और बेहतर प्रशासनिक नियंत्रण के साथ AI टूल्स का उपयोग कर सकेंगे।
