Apple WWDC 2026: Apple अपने वॉयस असिस्टेंट Siri को पूरी तरह बदलने जा रहा है और इस बार कंपनी ने कुछ ऐसे कदम उठाए हैं जो उसकी अपनी पुरानी रणनीति से बिल्कुल अलग हैं। अगले हफ्ते कैलिफोर्निया में होने वाले WWDC 2026 इवेंट में Apple जो कुछ पेश करने वाला है, वह iPhone यूजर्स के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा।
Apple अगले हफ्ते WWDC 2026 में Siri का नया रूप दिखाएगा, इस बार Nvidia के चिप्स और Google की Gemini AI मिलकर Siri को ChatGPT जैसा बनाएंगे।
Nvidia के चिप्स पर चलेगा नया Siri
The Information की एक रिपोर्ट के मुताबिक, Apple अपने अगली पीढ़ी के Siri अपग्रेड के लिए Nvidia के Blackwell B200 डेटा सेंटर चिप्स का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। ये वही चिप्स हैं जिन्हें Nvidia ने बड़े AI मॉडल्स को ट्रेन करने और चलाने के लिए खास तौर पर बनाया है। दरअसल, Apple ने Google के साथ पहले ही एक डील साइन की है जिसके तहत Gemini AI Siri की असली ताकत बनेगी। लेकिन Gemini के मॉडल्स Google Cloud पर होस्ट हैं और उन्हें चलाने के लिए जो कंप्यूटिंग पावर चाहिए, उसके लिए Apple Nvidia के Blackwell B200 चिप्स पर भरोसा करेगा।
सबसे खास बात यह है कि Apple इन चिप्स में Nvidia की Confidential Computing सुविधा भी एनेबल करेगा। इसका मतलब यह है कि जब आपका डेटा इन चिप्स पर प्रोसेस होगा, तो वह एन्क्रिप्टेड रहेगा।
Apple की पुरानी रणनीति से बड़ा बदलाव
Apple के लिए यह कदम काफी अलग है। कंपनी हमेशा अपने प्रोडक्ट्स के हर जरूरी हिस्से पर खुद का नियंत्रण रखती आई है चाहे वह चिप हो, सॉफ्टवेयर हो या सर्विस, लेकिन Gemini के लिए Google Cloud और Nvidia के चिप्स पर निर्भरता यह साफ करती है कि AI की दौड़ में बने रहने के लिए Apple को अपने पुराने तरीके छोड़ने पड़ रहे हैं।
जनवरी में Bloomberg ने रिपोर्ट दी थी कि Apple Siri को Google के TPU यानी Tensor Processing Units पर चलाने का प्लान कर रहा था। लेकिन अब लगता है कि योजना बदल गई है और Nvidia के चिप्स को प्राथमिकता दी जा रही है।
READ MORE: ChatGPT को टक्कर देने आ रही है Apple की नई Siri
WWDC 2026 में Siri का नया रूप
WWDC 2026 में Apple जो नया Siri लाने वाला है, वह सिर्फ एक वॉयस असिस्टेंट नहीं होगा। यह एक पूरी तरह से नया AI chatbot होगा, ठीक वैसे जैसे ChatGPT या Claude काम करते हैं। इसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
- Personal Context: Siri अब यूजर की स्क्रीन देख सकेगा और समझ सकेगा कि आप क्या कर रहे हैं।
- Multi-Step Actions: Siri अलग-अलग ऐप्स में जाकर आपके काम खुद पूरे कर सकेगा।
- नया Siri App: एक अलग ऐप आएगा जो पूरे chatbot की तरह काम करेगा। इसमें वॉयस मोड ऑन/ऑफ का ऑप्शन होगा, पुरानी बातचीत देखने की सुविधा होगी और फाइल व तस्वीरें अपलोड करके सवाल पूछने की क्षमता भी होगी।
- Dynamic Island में Siri: iPhone की Dynamic Island में Siri के लिए एक नया एनिमेशन आएगा। Siri को ट्रिगर करते ही Dynamic Island में एक ‘Search or Ask’ बार खुलेगा।
READ MORE: Apple की नई स्मार्ट Siri में देरी, फीचर अब चरणों में आएंगे
प्राइवेसी का क्या होगा?
यह सवाल लाजमी है। Apple ने 2024 के WWDC में Private Cloud Compute फीचर पेश किया था ताकि यूजर्स को भरोसा मिले कि उनका डेटा Apple के अपने सिलिकॉन पर सुरक्षित रहेगा। लेकिन अब Google Cloud और Nvidia चिप्स आने के बाद यह साफ नहीं है कि Private Cloud Compute नई Siri सुविधाओं में कैसे काम करेगा। Apple को WWDC 2026 में इस सवाल का जवाब देना होगा क्योंकि iPhone यूजर्स अपनी प्राइवेसी के मामले में कोई समझौता नहीं चाहते।
