क्रिप्टो निवेशकों की बढ़ी टेंशन

क्रिप्टो निवेशकों की बढ़ी टेंशन, Bitcoin पर Galaxy का बड़ा खुलासा

14 mins read
2 views
November 26, 2026

Bitcoin Bear Market: दुनिया की जानी-मानी क्रिप्टो रिसर्च फर्म Galaxy Research ने अपने पुराने अनुमान से यू-टर्न ले लिया है। कंपनी ने अक्टूबर में दावा किया था कि Bitcoin का Bear Market जून में ही खत्म हो गया था, लेकिन अब लगातार गिरती कीमतों और अहम तकनीकी स्तर टूटने के बाद फर्म ने अपना यह दावा वापस ले लिया है। Galaxy के मुताबिक, Bitcoin अगर 58,525 डॉलर के नीचे दैनिक कारोबार बंद करता है, तो इसकी कीमत और नीचे जा सकती है।

Bitcoin Bear Market: क्या खत्म नहीं हुई गिरावट? Galaxy ने बदला अपना रुख।

Galaxy Research ने क्यों बदला Bitcoin Bear Market पर अपना अनुमान?

Galaxy Research के हेड ऑफ फर्मवाइड रिसर्च एलेक्स थॉर्न ने 25 नवंबर को जारी रिपोर्ट में कंपनी का नया रुख साफ किया। उन्होंने कहा कि Bitcoin अपनी रिकवरी को लंबे समय तक बरकरार नहीं रख पाया। इसी वजह से जून में Bear Market खत्म होने का पुराना अनुमान अब सही नहीं माना जा सकता। दरअसल, सितंबर में Bitcoin ने अपनी 50 सप्ताह का मूविंग एवरेज को दोबारा हासिल कर लिया था। इसके बाद लगातार 7 हफ्तों तक इसकी कीमत इस स्तर से ऊपर बनी रही। Galaxy ने इसे बाजार में तेजी लौटने का मजबूत संकेत माना था, लेकिन नवंबर में तस्वीर बदल गई। 8 नवंबर को खत्म हुए सप्ताह में Bitcoin की कीमत 50-week average से नीचे बंद हुई। इसके अगले सप्ताह यह 200 सप्ताह का मूविंग एवरेज के नीचे भी चला गया। थॉर्न ने अपनी रिपोर्ट में साफ कहा कि कंपनी जून में Bear Market खत्म होने के अपने पुराने अनुमान को वापस ले रही है।

Bitcoin के लिए 58,525 डॉलर का स्तर क्यों अहम?

Galaxy की नई रिपोर्ट में 58,525 डॉलर का स्तर सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण बन गया है। यह कीमत Bitcoin का 30 जून का दैनिक क्लोजिंग लो थी। कंपनी का मानना है कि अगर Bitcoin इस स्तर के नीचे दैनिक कारोबार बंद करता है, तो बाजार में एक और बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे पहले 21 नवंबर को Bitcoin की कीमत गिरकर करीब 55,100 डॉलर तक पहुंच गई थी। हालांकि, 22 नवंबर को इसका भाव 61,104 डॉलर पर बंद हुआ। यानी यह जून के निचले स्तर से सिर्फ 4.4% ऊपर था। Galaxy ने अपनी रिपोर्ट में Bitcoin के पिछले बाजार चक्रों का भी अध्ययन किया।

कंपनी ने ऐसे 7 पुराने मामले देखे, जिनमें Bitcoin कम से कम 20% की रिकवरी के बाद किसी पुराने निचले स्तर से नीचे बंद हुआ था। इन सभी मामलों में बाद में Bitcoin ने टूटे हुए स्तर से कम से कम 17.1% और गिरावट दर्ज की। वहीं, औसत अतिरिक्त गिरावट करीब 51.8% रही। अगर इसी ऐतिहासिक आंकड़े को 58,525 डॉलर के स्तर पर लागू करें, तो Bitcoin करीब 48,500 डॉलर तक जा सकता है। वहीं, औसत गिरावट के आधार पर इसकी कीमत करीब 28,200 डॉलर तक पहुंचने की आशंका बनती है। हालांकि, Galaxy ने साफ किया है कि ये आंकड़े पुराने बाजार चक्रों की तुलना हैं। इन्हें Bitcoin का पक्का लक्ष्य या भविष्यवाणी नहीं मानना चाहिए।

READ MORE: ट्रंप कॉइन रखने वालों को मिलेगा सुपर बाउल का शाही अनुभव

Bitcoin की गिरावट के पीछे महंगाई और निवेशकों की बिकवाली

Bitcoin पर दबाव सिर्फ तकनीकी वजहों से नहीं बढ़ा है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था से जुड़े आंकड़ों ने भी क्रिप्टो बाजार की चिंता बढ़ाई है। 25 नवंबर को जारी अमेरिकी अक्टूबर PCE आंकड़ों के मुताबिक, कोर महंगाई दर सालाना आधार पर 3.3% रही। बाजार को इसके 3.2% रहने की उम्मीद थी। उम्मीद से ज्यादा महंगाई ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। इसका असर क्रिप्टो बाजार में भी दिखा। पिछले 24 घंटों में करीब 508.70 मिलियन डॉलर की क्रिप्टो पोजीशन जबरन बंद हुईं। इनमें Bitcoin से जुड़ी पोजीशन का हिस्सा 176.08 मिलियन डॉलर था। खास बात यह है कि Bitcoin में हुई कुल जबरन बंद पोजीशन में करीब 81% लॉन्ग पोजीशन थीं। यानी जिन निवेशकों ने कीमत बढ़ने की उम्मीद में पैसा लगाया था, उन्हें ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। इसके अलावा, अमेरिकी स्पॉट Bitcoin ETF में भी लगातार छह कारोबारी सत्रों तक पैसा बाहर निकला। इस दौरान कुल नेट आउटफ्लो करीब 2.599 अरब डॉलर रहा।

Bitcoin का Bear Market कितना लंबा हो चुका है?

Galaxy के मुताबिक, मौजूदा Bear Market 2025 के 1,26,000 डॉलर के रिकॉर्ड क्लोजिंग स्तर से शुरू हुआ था। अब इसे करीब 412 दिन हो चुके हैं। यह अवधि Galaxy के अध्ययन में शामिल पिछले चार Bear Market से ज्यादा है। हालांकि, इस बार Bitcoin की गिरावट पुराने चक्रों के मुकाबले कम रही है। रिकॉर्ड स्तर से जून के निचले स्तर तक Bitcoin करीब 53% गिरा था। इसके उलट, पिछले कुछ बड़े Bear Market में इसकी कीमत 77% से 93% तक टूट चुकी थी।

Galaxy के Bottom Scorecard से भी फिलहाल बाजार में मजबूत रिकवरी के संकेत नहीं मिल रहे। 22 नवंबर तक कंपनी के 13 ऐतिहासिक संकेतकों में से सिर्फ 2 पूरे हुए थे। इनमें Bitcoin का 200-week moving average से नीचे कारोबार करना और पिछले रिकॉर्ड स्तर से 12 महीने से ज्यादा समय बीतना शामिल है।  वहीं, MVRV, MVRV Z-Score, NUPL और Reserve Risk जैसे चारों प्रमुख ऑन-चेन संकेतक अभी अपने पुराने निचले स्तर वाले संकेत नहीं दे रहे थे।

READ MORE: LayerZero को मिला Kakao Pay और Samsung Card का साथ

क्या Bitcoin में फिर लौट सकती है तेजी?

Galaxy ने यह भी बताया कि किन परिस्थितियों में उसका नजरिया दोबारा सकारात्मक हो सकता है। कंपनी के मुताबिक, Bitcoin को पहले जून के साप्ताहिक निचले स्तर 59,517 डॉलर से ऊपर टिकना होगा। इसके बाद उसे 200 हफ़्ते का मूविंग एवरेज और फिर 50 हफ़्ते का मूविंग एवरेज को दोबारा हासिल करना होगा। कंपनी ने अपने पुराने अनुमान में करीब 8 दिसंबर तक 50 हफ़्ते का मूविंग एवरेज वापस पाने की समयसीमा देखी थी। हालांकि, एलेक्स थॉर्न को अब इस रिकवरी की संभावना कम लग रही है। उन्होंने साफ कहा कि कंपनी बाजार के बिल्कुल निचले स्तर का अनुमान लगाने की कोशिश नहीं कर रही। फिलहाल Bitcoin निवेशकों के लिए 58,525 डॉलर का स्तर सबसे अहम है। इसके नीचे दैनिक क्लोजिंग बाजार में नई गिरावट का खतरा बढ़ा सकती है। वहीं, अहम मूविंग एवरेज के ऊपर वापसी ही तेजी की उम्मीद को मजबूत करेगी।

DISCLAIMER: क्रिप्टोकरेंसी में निवेश बाजार के जोखिमों के अधीन है। Bitcoin की कीमत में तेजी से उतार-चढ़ाव हो सकता है। निवेश करने से पहले अपनी रिसर्च जरूर करें। यह खबर केवल जानकारी देने के उद्देश्य से है, निवेश की सलाह नहीं।

Ragini Sinha

Ragini Sinha Analytics Insight में कंटेंट एनालिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। यहां वह स्मार्ट टेक्नोलॉजी, गेमिंग, OTT, क्रिप्टोकरेंसी, ट्रेंडिंग न्यूज और स्टॉक मार्केट जैसे विषयों पर काम करती हैं और जटिल जानकारी को सरल व प्रभावशाली कंटेंट में बदलने के लिए जानी जाती हैं।
मीडिया इंडस्ट्री में 7 सालों के अनुभव के साथ उन्होंने कंटेंट राइटर से लेकर सीनियर कंटेंट राइटर और प्रोग्राम प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया है। उन्होंने बिहार चुनाव और दिल्ली चुनाव जैसे बड़े इवेंट्स को कवर करते हुए ग्राउंड रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण में मजबूत पकड़ बनाई है, जिसके लिए उन्हें पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया है।

रागिनी ने Zee News, NewsTrack, ETV Bharat और Way2News जैसे प्रमुख मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ काम किया है। उन्होंने Makhanlal Chaturvedi National University of Journalism and Communication से बैचलर डिग्री और Bharatiya Vidya Bhavan से Public Relation में अध्ययन किया है।

Don't Miss